4 साल पहले पत्नी की मौत हो गई तो बेटी के साथ करने लगा दुष्कर्म, 4 महीने की गर्भवती लड़की ने जुटाई शिकायत की हिम्मत

उत्तर प्रदेश के हाथरस में गैंगरेप के बाद उसकी बेरहमी से हत्या के बाद देश में बवाल मचा हुआ है, वहीं हरियाणा में इससे भी ज्यादा शर्मनाक वाकया सामने आया है। पलवल शहर से सटे एक गांव में एक लड़की को उसका अपना बाप ही हवस का शिकार बनाता आ रहा था। बताया जाता है कि 4 साल पहले लड़की की मां की मौत हो चुकी है और उसके एक साल बाद से ही उसका बाप उसके साथ गलत काम कर रहा है। अब वह 4 महीने की गर्भवती भी है। नाबालिग लड़की की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार किया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

महिला थाने की पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक 17 वर्षीय लड़की ने बताया कि उसकी मां की चार वर्ष पहले मौत हो चुकी है। मां की मौत के एक वर्ष बाद ही बाप ने उसके साथ छेड़छाड़ करनी शुरू कर दी। जब पिता ही ऐसी हरकत कर रहा था तो लड़की की किसी को इस बारे में बताने की हिम्मत ही नहीं हो रही थी। नतीजा यह हुआ कि छेड़छाड़ दुष्कर्म में बदल गई और पिछले करीब 3 साल से वह यही कुकृत्य करता आ रहा है।

पीड़िता के मुताबिक अब वह 4 महीने से गर्भवती भी है, जिसके वलते मन हमेशा तनाव में रहने लग गया। आखिर तंग आकर उसने अपने दादा-दादी को आपबीती बताई। उनकी तरफ से हिम्मत बंधाने के बाद मामले की शिकायत महिला थाना पुलिस को दी गई।

इस बारे में महिला थाना प्रभारी रेखा ने बताया कि इलाके के एक गांव की लड़की के साथ उसके अपने पिता द्वारा ही दुष्कर्म किए जाने और जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


सिंबॉलिक इमेज।