राज्यसभा सांसद अमर सिंह का शनिवार को सिंगापुर में निधन हो गया। वे 64 साल के थे। उनका वहां छह महीने से किडनी का इलाज चल रहा था। अमर सिंह उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद थे। 5 जुलाई 2016 को उन्होंने राज्यसभा की सदस्यता ली थी। वे कभी उत्तर प्रदेश के कद्दावर नेताओं में गिने जाने थे।
अमर समाजवादी पार्टी के मुखिया रहे मुलायम सिंह यादव के काफी करीबी थे। उनका जन्म उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में 27 जनवरी 1956 में हुआ। उनकी दो बेटियां हैं।
दो बार सपा से निकाले गए थे अमर सिंह
अमर सिंह को अखिलेश यादव ने 2017 में पार्टी से निकाल दिया था। इससे पहले उन्हें 2010 में पार्टी से निकाला गया था।
अमिताभ के करीबी दोस्तों में शामिल थे अमर
अमिताभ बच्चन के परिवार से भी अमर के बेहद करीबी रिश्ते रहे। पिछले कुछ सालों में इन रिश्तों में खटास जरूर आई थी। इस साल फरवरी में अमर ने एक वीडियो जारी करके अमिताभ से माफी भी मांगी थी।
राजनाथ ने कहा- उनकी सभी दलों के नेताओं से दोस्ती थी
वरिष्ठ नेता एवं सांसद श्री अमर सिंह के निधन के समाचार से दुःख की अनुभूति हुई है। सार्वजनिक जीवन के दौरान उनकी सभी दलों में मित्रता थी।
स्वभाव से विनोदी और हमेशा ऊर्जावान रहने वाले अमर सिंहजी को ईश्वर अपने श्रीचरणों में स्थान दें। उनके शोकाकुल परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएँ।
— Rajnath Singh (@rajnathsingh) August 1, 2020
प्रियंका गांधी ने दुख जताया
ईश्वर श्री अमर सिंह जी की आत्मा को अपने श्रीचरणों में शरण दें। श्री अमर सिंह जी के परिवार के प्रति मेरी भावपूर्ण संवेदनाएं। मैं इस दुखद क्षण में उनकी शोक संतप्त पत्नी और बेटियों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करती हूँ।
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) August 1, 2020
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें