दुनिया में कोरोनावायरस के संक्रमण से अब तक 1 करोड़ 82 लाख 31 हजार 535 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 13 लाख 26 हजार 232 मरीज ठीक भी हो चुके हैं। 6 लाख 88 हजार 683 की मौत हो चुकी है। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं। बीते 24 घंटे में दो क्रूज जहाजों पर संक्रमित मिले हैं। इनमें से एक क्रूज आर्कटिक और दूसरा प्रशांत महासागर में है। आर्कटिक में निकले एमएस रोयल्ड एमंडसन क्रूज पर 40 लोग संक्रमित मिले हैं। वहीं प्रशांत महासागर में पॉल गौगिन क्रूज पर एक क्रू मेम्बर संक्रमित मिला है।
ब्राजील में 24 घंटों में 541 मौतें हुई हैं। इसके साथ ही यहां मौतों का आंकड़ा 94 हजार के पार हो गया है। देश के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में 25,800 नए मामले मिलने के साथ संक्रमितों की संख्या बढ़कर 27 लाख 33 हजार 677 हो गई है।
10 देश, जहां कोरोना का असर सबसे ज्यादा
देश |
कितने संक्रमित | कितनी मौतें | कितने ठीक हुए |
अमेरिका | 48,13,647 | 1,58,365 | 23,80,217 |
ब्राजील | 27,33,677 | 94,130 | 18,84,051 |
भारत | 18,04,702 | 38,161 | 11,87,288 |
रूस | 8,50,870 | 14,128 | 6,50,173 |
साउथ अफ्रीका | 5,11,485 | 8,366 | 3,47,227 |
मैक्सिको | 4,39,046 | 47,746 | 2,89,394 |
पेरू | 4,28,850 | 19,614 | 2,94,187 |
चिली | 3,59,731 | 9,608 | 3,32,411 |
स्पेन | 3,35,602 | 28,445 | उपलब्ध नहीं |
कोलंबिया | 3,17,651 | 10,650 | 1,67,239 |
ऑस्ट्रेलिया: मेलबर्न में 6 हफ्ते तक रात में कर्फ्यू
ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए 6 हफ्ते तक रात का कर्फ्यू लगाया गया है। विक्टोरिया के प्रीमियर डेनियल एंड्रयू ने रविवार शाम इसका ऐलान किया। उन्होंने लोगों से 5 किमी के दायरे में ही रहने की अपील की।
कोसोवा: प्रधानमंत्री अब्दुल्ला संक्रमित
कोसोवो के प्रधानमंत्री अब्दुल्ला संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने रविवार को अपने फेसबुक पेज पर लिखा, ‘‘हल्की खांसी के अलावा मेरे अंदर कोई लक्षण नजर नहीं आए। मैं दो हफ्ते क्वारैंटाइन में रहूंगा। घर से ही अपना काम करूंगा।’’ कोसोवो में संक्रमण के कुल 8,700 संक्रमित मिले हैं, 249 मौतें हुई।
चीन: संक्रमण के 43 नए मामले
चीन में सोमवार को 43 नए मामले सामने आए। नेशनल हेल्थ कमीशन की डेली रिपोर्ट के मुताबिक 36 में से 28 नए मामले झिंजियांग राज्य में मिले हैं। आठ मामले लिओसा राज्य से सामने आए हैं। शंघाई में तीन नए संक्रमित मिले हैं। बीते 24 घंटे में एक भी मौत नहीं हुई है। बीते हफ्ते से उइगुर मुसलिम बहुल इलाके शिनजिंयाग में हर दिन 20 से ज्यादा मामले सामने आए हैं।
ईरान: संक्रमितों का आंकड़ा 3 लाख से ज्यादा
ईरान में रविवार को संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3 लाख 9 हजार हो गई है। खाड़ी देशों में ईरान सबसे अधिक प्रभावित है। यहां बीते 24 घंटे में 2685 नए मामले सामने आए। ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय की प्रवक्ता सीमा सदत लारी ने बताया कि बीते 24 घंटों 208 मौतें हुई हैं, जिससे मौतों का आंकड़ा बढ़कर 17 हजार 190 हो गया है। अब तक 2 लाख 68 हजार 102 मरीज ठीक हुए हैं।