सड़कों पर तैरती नजर आई कारें, समुद्र का पानी घरों में घुसा; 2005 के बाद सबसे ज्यादा बारिश हुई

सोमवार रात से जारी भारी बारिश की वजह से मुंबई में बाढ़ जैसी स्थिति हो गई है। शहर के ज्यादातर निचले इलाके की सड़कें पानी में डूबी हैं। समुद्र से सटे इलाकों में एनडीआरएफ की 5 टीमें लगातार लोगों को रेस्क्यू कर रही हैं। हाई टाइड की वजह से मुंबई के निचले इलाकों में समुद्र का पानी घरों और दुकानों में घुस गया।

एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो मुंबई के कालबादेवी मार्केट का है। इसमें लोग शोर करते नजर आ रहे हैं। गुरुवार को भी इस इलाके में भारी बारिश के बाद सुबह से पानी भरा हुआ है। गुरुवार को हाईटाइड की आशंका को देखते हुए ट्रैफिक को रोक दिया गया है।

26 जुलाई 2005 की बारिश की याद दिलाई

बुधवार को हुई बारिश ने 26 जुलाई 2005 की बरसात की याद दिला दी। 26 जुलाई दोपहर दो बजे शुरू हुई बरसात, अगले दिन 27 जुलाई सुबह 8:30 बजे तक जारी रही थी। इस दौरान मुंबई में 944 मिलीमीटर पानी बरसा था। इस दिन मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में 1100 से ज्यादा लोग मारे गए थे। गांव के गांव बाढ़ में बह गए और पांच लाख लोग बेघर हो गए थे। मुंबई में मीठी नदी ने उफान के चलते मुंबई के उपनगरीय इलाकों को तबाह कर दिया था।

मुंबई में कब-कब हुई सबसे ज्यादा बारिश

दिन बरसात(मिलीमीटर)
3 अगस्त 1881 287
10 सितंबर 1930 548.1
5 जुलाई 1974 575.6
10 जून 1991 477.6
23 सितंबर 1981 318.2
10 जून 1991 399
23 अगस्त 1997 346.2
27 जुलाई 2005 944.2
6 अगस्त 2020 331.8
मुंबई में ग्रांट रोड इलाके में देर रात से जारी बारिश के बाद सड़कें पानी में डूब गईं हैं। घुटनों तक पानी में जाता एक शख्स।
बुधवार को तेज हवा के बाद तीन क्रेन जीएनपीटी पोर्ट पर गिर पड़ी थीं। गुरुवार को ली गई इसी पोर्ट की एक तस्वीर।
यह तस्वीर मुंबई के कालबादेवी इलाके की है। समुद्र का पानी सड़कों पर बहने के कारण यहां बाढ़ जैसे हालात हैं।
मुंबई से सटे उरण इलाके में एक टूटी सड़क पर से गुजरती हुई कार और ट्रक।
बारिश के कारण जाम में फंसे लोग रात में सड़कों पर अपनी गाड़ियां छोड़ गए।

सड़कों पर ही गाड़ियां छोड़ गए लोग

मुंबई में बुधवार को इतनी ज्यादा बारिश हुई कि पिछले 46 साल का रिकॉर्ड टूट गया। बारिश के कारण इतना बुरा हाल हुआ कि कई लोग ईस्टर्न फ्री-वे पर अपनी गाड़ियां ही छोड़कर घर चले गए। ईस्टर्न फ्री-वे दक्षिणी मुंबई को चेंबूर इलाके से जोड़ता है। जाम इतना ज्यादा था कि लोगों को पैदल घर जाना सही लगा।

कालबा देवी इलाके में दूर-दूर तक सिर्फ पानी नजर आ रहा है। सड़कें नजर ही नहीं आ रहीं।

तेज हवा से रायगढ़ में जेएनपीटी पोर्ट पर क्रेन गिरी
रायगढ़ जिले में जवाहरलाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट (जेएनपीटी) पर तीन क्रेन बुधवार दोपहर तेज रफ्तार से चली हवाओं से ढह गईं। हालांकि, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। देश के सबसे बड़े बंदरगाहों में शामिल जेएनपीटी के प्रेसिडेंट संजय सेठी ने बताया कि ये क्रेन टर्मिनल एक पर ढहीं। गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। कामकाज पर असर पड़ा है।

तेज बरसात और तेज हवाओं के कारण बुधवार शाम साढ़े 4 बजे जेएनपीटी पोर्ट पर कंटेनर को शिप से उठाने वाली क्रेन गिर गई।

मुंबई में चरनी रोड स्टेशन के पास बुधवार को तेज बारिश में एक पेड़ तारों पर गिर गया। इसमें चिंगारी से पेड़ में आग लग गई। वहीं रेलवे के कुछ उपकरण भी जल गए। इससे कुछ देर के लिए ट्रेनों की आवाजाही पर असर पड़ा।

भारी बारिश के बीच चर्नी रोड स्टेशन के पास रेल की पटरियों के किनारे लगे पेड़ पर आग लग गई।
बुधवार को मुंबई के एलफिंस्टन में भारी बारिश की वजह से सड़क पर खड़े ट्रक पर पेड़ गिर गया।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

समुद्र का पानी कालबादेवी बाजार में घुसने के बाद सड़कों पर कारें और बाइक्स तैरती हुईं नजर आईं।