शुक्रवार को अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ खुले। डाउ जोंस 0.31 फीसदी की गिरावट के साथ 85 अंक नीचे खुला। जबकि नैस्डैक 0.38 फीसदी की गिरावट के साथ 41 अंक नीचे और एसएंडपी 0.32 फीसदी की गिरावट के साथ 10 अंक नीचे खुला। बाजार खुलते समय डाउ जोंस 27301, नैस्डैक 11066 और एसएंडपी 3338 अंक पर कारोबार कर रहे थे।
शुक्रवार को दुनिया के प्रमुख बाजारों में उतार-चढ़ाव का माहौल रहा। जापान का निक्केई 88 अंक, चीन के शंघाई कम्पोसिट में 32 अंक और हॉन्ग कॉन्ग का हैंग सैंग 398 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ। जबकि भारत का निफ्टी 13 अंक और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 9 अंक ऊपर बंद हुए। वहीं इस समय जर्मनी का DAX को छोड़कर यूके टाइम के FTSE 100, फ्रांस का CAC 40, इटली का FTSE MIB और रूस का MICEX गिरावट में कारोबार कर रहे हैं।
गुरुवार को बढ़त के साथ बंद हुआ था डाउ जोंस
गुरुवार को डाउ जोंस 0.68 फीसदी यानी 185 अंक की बढ़त के साथ 27387 अंक पर बंद हुआ था। नैस्डैक 1.00 फीसदी यानी 109 अंक की बढ़त के साथ 11108 अंक पर और एसएंडपी 0.64 फीसदी यानी 21 अंक की बढ़त के साथ 3349 अंक पर बंद हुआ था।
अमेरिका: संक्रमण के मामले 50 लाख के पार
Worldometer वेबसाइट की रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार को अमेरिका में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 50 लाख 33 हजार के पार पहुंच गया। देश में अब तक एक लाख 62 हजार 836 लोगों की मौत हो चुकी है।
अमेरिका: यात्रा प्रतिबंध हटाए गए
विदेश विभाग ने गुरुवार रात बयान जारी कर यात्रा प्रतिबंध लेवल-4 हटाने का ऐलान किया। अमेरिका में लेवल-4 सबसे बड़ी ट्रैवल एडवाइजरी मानी जाती है। बयान में कहा गया- कुछ देशों में हालात सुधर रहे हैं, जबकि कुछ में अब भी इस मामले में सुधार की जरूरत है। लिहाजा, हम पहले की तरह यात्रा करने की सलाह दे रहे हैं। लेकिन, एडवाइजरी में दिए गए नियमों का पालन करना होगा।
टिकटॉक अमेरिका में भी बैन
भारत के बाद अमेरिका ने भी चाइनीज ऐप टिकटॉक को बैन कर दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने टिकटॉक की पैरेंट कंपनी बाइटडांस पर बैन के आदेश पर गुरूवार को साइन कर दिए। इसके मुताबिक 45 दिन बाद रोक लागू हो जाएगी। टिकटॉक के साथ ही चाइनीज ऐप वीचैट को भी बैन किया गया है। आदेश के मुताबिक अमेरिका का डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी, ट्रांसपोर्टेशन सिक्योरिटी एडमिनिस्ट्रेशन और आर्म्ड फोर्सेस में टिकटॉक का इस्तेमाल पहले ही बंद हो चुका है।
चीन पर फिर बरसे ट्रम्प
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि चीन की वर्ल्ड ट्रेड ऑर्गनाइजेशन में एंट्री अब तक हुई सबसे खराब डील थी। ट्रम्प ने कहा- जिस तरह चीन ने नियम तोड़े हैं, उस तरह से आज तक किसी देश ने नियमों की अनदेखी नहीं की। ट्रम्प ओहियो में व्हर्लपूल कार्पोरेशन मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में बोल रहे थे।
अमेरिका के राजनेताओं को भी कोसा
ट्रम्प ने कहा- बीते समय में हमारे कुछ नेताओं ने ग्लोबलाइजेशन की पॉलिसी अपनाई। हमारी नौकरियां, रुपए और कारखाने दूसरे देशों में चले गए। ग्लोबलाइजेशन से नेता और एलीट लोग तो अमीर होते गए, लेकिन हमारे कर्मचारियों के लिए कुछ नहीं बचा।
चीन को विकासशील देश कहे जाने पर ट्रम्प ने कहा, “इससे उन्हें फायदा मिलता है, लेकिन हम इसे स्वीकार नहीं करेंगे।” इससे पहले भी जनवरी में ट्रम्प ने कहा था कि डब्ल्यूटीओ में अमेरिका के साथ ठीक व्यवहार नहीं किया जा रहा है। यहां अभी भी भारत और चीन को विकासशील देश माना जा रहा है।
बढ़त के साथ बंद हुआ भारतीय बाजार
दिनभर में गिरावट के बावजूद घरेलू शेयर बाजार कारोबारी सप्ताह के आखिरी दिन शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद होने में कामयाब रहे। बीएसई 15.12 अंकों की तेजी के साथ 38,040.57 अंकों पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 13.90 पॉइंट के उछाल के साथ 11,214.05 पर बंद हुआ। इंट्रा-डे में बीएसई ने 38,109.68 और निफ्टी 11,231.90 पॉइंट के स्तर तक पहुंचे। इस कारोबारी सप्ताह में घरेलू शेयर बाजार लगातार दूसरे दिन बढ़त के साथ बंद हुए हैं।