पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी (84) कोरोना संक्रमित हो गए हैं। सोमवार को उन्होंने ट्वीट किया कि अस्पताल में किसी अन्य चेकअप के लिए गया था। जांच में मेरी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। जो भी लोग मेरे संपर्क में आए हों, वे टेस्ट करा लें और खुद को आइसोलेट कर लें।
On a visit to the hospital for a separate procedure, I have tested positive for COVID19 today.
I request the people who came in contact with me in the last week, to please self isolate and get tested for COVID-19. #CitizenMukherjee— Pranab Mukherjee (@CitiznMukherjee) August 10, 2020
उधर, देश में कोरोना के मरीजों की संख्या अब 22 लाख 17 हजार 645 हो गई है। रविवार को 62 हजार 117 मरीज बढ़े।
कोरोना अपडेट्स
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को अपने आंकड़े जारी किए। इसके मुताबिक, रविवार को 62 हजार 64 केस सामने आए और 1 हजार 7 लोगों की मौतें हुईं। इस तरह देश में अब तक 22 लाख 15 हजार 75 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 6 लाख 34 हजार 945 एक्टिव केस हैं और 15 लाख 35 हजार 744 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, देश में अब तक 44 हजार 386 लोगों की जान जा चुकी है।
- इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) ने बताया कि रविवार को 4 लाख 77 हजार 23 टेस्ट किए। इसके साथ देश में अब तक 2 करोड़ 45 लाख 83 हजार 558 सैंपल की जांच की चुकी है।
- तमिलनाडु में सोमवार से जिम खोल दिए गए हैं। एशियन पावरलिफ्टिंग चैम्पियनशिप गोल्ड मेडलिस्ट आरती अरुण ने कहा कि इस फैसले से खिलाड़ियों को फायदा मिलेगा। दिसंबर में इंडोनेशिया में एशियन चैम्पियनशिप है। लॉकडाउन की वजह से यह बहुत बड़ी चुनौती है।
दुनिया में 2 करोड़ से ज्यादा मरीज हो गए
दुनिया में 2 करोड़ से ज्यादा मरीज हो गए हैं। 50 लाख मरीज पिछले सिर्फ 20 दिन में बढ़े हैं। इनमें 9.72 लाख (19.44%) भारत के हैं। हालांकि, दुनिया के कुल मरीजों में से भारत में अभी 11% मरीज हैं। पिछले एक हफ्ते की औसत देखें तो दुनिया के 63% नए मरीज सिर्फ भारत (24.82%), अमेरिका (20.64%) और ब्राजील (17.64%) में ही मिले हैं। यानी, दुनिया के एक चौथाई मरीज अब सिर्फ भारत में मिलने लगे हैं। इन तीन देशों को छोड़कर बाकी दुनिया में सिर्फ 37% मरीज मिले हैं।
राहत की बात यह है कि दुनिया में 14 दिन से नए मरीजों का औसत नहीं बढ़ा है। डब्ल्यूएचओ का मानना है कि ब्राजील और अमेरिका में नए मरीजों की संख्या स्थिर हो चुकी है, जबकि भारत की लगातार बढ़ रही है।
5 राज्यों को हाल
1. मध्यप्रदेश:
राज्य सरकार ने होम क्वारैंटाइन और होम आइसोलेशन के लिए गाइडलाइन जारी की है। इसके मुताबिक, कोई भी संक्रमित व्यक्ति खुद को वन या टू बीएचके फ्लैट या मकान में आइसोलेट न करे। वह तभी होम क्वारैंटाइन होगा जब उसका घर बड़ा हो और उसका कमरा सेपरेट है।
उधर, भोपाल में रविवार को 101 संक्रमित मिले, जो बीते 10 दिन में सबसे कम है। वहीं, 3 मरीजों की मौत हो गई। उधर, रविवार को चिकित्सा मंत्री विश्वास सारंग की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वे प्लाज्मा डोनेट करेंगे। मुख्यमंत्री पिछले दिनों संक्रमित हो गए थे। अब स्वस्थ हैं।
2. राजस्थान:
राज्य में सोमवार को कोरोना के 598 मामले सामने आए। इनमें सीकर में 111, अलवर में 101, कोटा में 100, बीकानेर में 79, जयपुर में 58, बाड़मेर में 40, अजमेर में 21, झुंझुनू में 19, नागौर में 18, डूंगरपुर में 16, प्रतापगढ़ में 14, बांसवाड़ा में 9, टोंक में 6, दौसा में 3, चूरू में 2 और उदयपुर में 1 संक्रमित मिला। वहीं, बाड़मेर और डूंगरपुर में 2-2, जोधपुर और राजसमंद में 1-1 की मौत हुई।
3. बिहार.
राज्य में पिछले 24 घंटे में 75628 कोरोना सैंपल की जांच की गई, जिसमें 3934 नए संक्रमित मिले हैं। पिछले तीन दिन से लगातार साढ़े तीन हजार से अधिक संक्रमित मिल रहे हैं। शनिवार को भी रिकॉर्ड 3992 संक्रमित मिले थे।
4. महाराष्ट्र.
राज्य में अब आवाज से कोरोना की जांच की जाएगी। शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे ने ट्वीट किया, ‘बीएमसी आवाज के नमूनों का उपयोग करके एआई-आधारित कोविड टेस्टिंग जल्द शुरू करने जा रही है।’ सरकार के मुताबिक, प्रदेश में 9 लाख 89 हजार 612 मरीज होम क्वारैंटाइन किए गए हैं। 35 हजार 625 इंस्टीट्यूशनल क्वारैंटाइन हैं।
उधर, मुंबई में रिकवरी दर 78% पर पहुंच गई है। मुंबई और ठाणे में धीरे-धीरे कोरोना नियंत्रण में आने लगा है। रविवार को 1066 नए संक्रमित मिले, जबकि 48 लोगों की मौत हो गई। मुंबई में अब तक कुल 1 लाख 23 हजार 382 लोग संक्रमित हो चुके हैं, इनमें से 6 हजार 799 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 19 हजार 700 एक्टिव केस हैं।
5. उत्तरप्रदेश.
राज्य के अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि ई-संजीवनी पोर्टल का प्रदेश के लोग लगातार इस्तेमाल कर रहे हैं। इस पोर्टल से आप घर बैठे डॉक्टरों से सलाह ले सकते हैं। अब तक प्रदेश के 21811 लोगों को इससे लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब तक 61766 कोविड हेल्प डेस्क स्थापित हो चुके हैं।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें