अभी हिंदी कैलेंडर का ज्येष्ठ महीना चल रहा है। इसके कृष्ण पक्ष के 15 दिन बीत गए और आज यानी 7 जून से शुक्ल पक्ष शुरू हो रहा है। इन दिनों में गंगा दशहरा और निर्जला एकादशी और पूर्णिमा जैसे बड़े पर्व रहेंगे। इस पखवाड़े में गर्मी तेज रहती है, इसलिए इन दिनों में आने वाले व्रत-पर्व पानी की अहमियत समझाते हैं। आइए जानते हैं आने वाले दिनों में कौन से व्रत-पर्व रहेंगे। 10 जून, सोमवार: इस दिन विनायक चतुर्थी है। इस तिथि पर महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र, सेहत और सौभाग्य के लिए व्रत करती हैं। गणेश जी की पूजा करती है। 15 जून, शनिवार: इस दिन सूर्य मिथुन राशि में प्रवेश करेंगे। इस दिन मिथुन संक्रांति पर्व मनेगा। इस पर्व पर तीर्थ स्नान करने के बाद उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। फिर दिन में जरुरतमंद लोगों को दान दिया जाता है। 16 जून, रविवार: इस दिन गंगा दशहरा रहेगा। इस तिथि पर पवित्र गंगा नदी की विशेष पूजा की जाती है। भक्त गंगा नदी में स्नान करते हैं और स्नान के बाद नदी किनारे दान-पुण्य करते हैं। तीर्थ दर्शन करते हैं। 18 जून, मंगलवार: इस दिन निर्जला एकादशी रहेगी। मान्यता है कि इस एक दिन व्रत करने से सालभर की सभी एकादशियों के व्रत का पुण्य मिल जाता है। निर्जला एकादशी निर्जल यानी बिना पानी के किया जाता है। व्रत करने वाले लोग पूरे दिन पानी भी नहीं पीते हैं। 21 और 22 जून को ज्येष्ठ महीना खत्म हो जाएगा। ज्येष्ठ मास की पूर्णिमा दो दिन रहेगी। 21 तारीख को पूर्णिमा का व्रत किया जाएगा। 22 जून को भी पूर्णिमा होने से इस दिन नदी स्नान और दान-पुण्य किया जाएगा। संत कबीरदास जयंती भी इसी दिन रहेगी।