साउथ अफ्रीका ने नीदरलैंड को हराया:12 रन पर 4 विकेट गिरने के बाद स्टब्स-मिलर ने संभाला, 19वें ओवर में 104 का टारगेट चेज

टी-20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका ने नीदरलैंड को 4 विकेट से हरा दिया। 104 का टारगेट चेज कर रही साउथ अफ्रीका ने एक समय 12 रन पर 4 विकेट खो दिए थे। लेकिन डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई। डेविड मिलर ने नाबाद 59 रन की पारी की मदद से साउथ अफ्रीका ने 19वें ओवर में ये टारगेट चेज कर लिया। न्यूयॉर्क में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला लिया। नीदरलैंड 20 ओवर में 9 विकेट पर 103 रन ही बना सकी। नसाउ की बाउंसी पिच पर डच टीम ने भी 48 रन पर 6 विकेट गंवा दिए थे। ऐसे में साइब्रांड एंगेलब्रेक्ट और लोगन वान बीक ने 44 बॉल पर 54 रन की साझेदारी करके टीम को 100 पार पहुंचाया। ओटनेल बार्टमैन ने 4 विकेट लिए। मार्को यानसन और एनरिक नॉर्त्या को 2-2 विकेट मिले।