मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ:शिवराज को कृषि, मेघवाल को कानून मंत्रालय; भागवत बोले- काम करें, अहंकार न पालें; ओडिशा CM के लिए 3 नामों पर चर्चा

नमस्कार, कल की बड़ी खबर मोदी कैबिनेट में मंत्रिमंडल के बंटवारे की रही। एक खबर RSS चीफ मोहन भागवत की उस स्पीच की रही, जिसमें उन्होंने चुनाव, राजनीति और राजनीतिक दलों के रवैए पर बात की। लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर… अब कल की बड़ी खबरें… 1. मोदी सरकार में विभागों का बंटवारा, पिछली कैबिनेट के 36% मंत्रियों को उनके पुराने विभाग
मोदी कैबिनेट में मंत्रियों के विभागों का बंटवारा हुआ। अमित शाह को फिर से गृह मंत्री, राजनाथ सिंह को रक्षा मंत्री, नितिन गडकरी को सड़क परिवहन मंत्री बनाया गया है। एस. जयशंकर के पास विदेश मंत्रालय ही रहेगा। पिछली कैबिनेट के 36% मंत्रियों को उनके पुराने विभाग मिले हैं। BJP ने गृह, रक्षा, वित्त सहित सभी अहम मंत्रालय अपने पास रखे हैं। शिवसेना ने भी कैबिनेट मिनिस्ट्री मांगी: शिवसेना (शिंदे गुट) के सांसद श्रीरंग बारणे ने कहा, ‘हम कैबिनेट में जगह की उम्मीद कर रहे थे। चिराग पासवान के 5 सांसद हैं, जीतन राम मांझी का एक सांसद हैं, JD(S) के 2 सांसद हैं, फिर भी उन्हें एक कैबिनेट मंत्रालय मिला। 7 लोकसभा सीटें मिलने के बावजूद हमें सिर्फ एक राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) क्यों मिला?’ इससे पहले कैबिनेट मंत्रालय का पोर्टफोलियो न मिलने पर NCP (अजित) राज्य मंत्री का पद ठुकरा चुकी है। NCP ने कहा है कि वे कुछ दिन इंतजार करने को तैयार हैं, लेकिन कैबिनेट मिनिस्ट्री चाहिए। NCP के प्रफुल्ल पटेल केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं, लेकिन उन्हें राज्यमंत्री बनाया जा रहा था। पूरी खबर यहां पढ़ें… 2. मोदी 3.0 कैबिनेट का पहला फैसला- PM आवास के तहत 3 करोड़ नए घर बनेंगे मोदी कैबिनेट ने पहली बैठक में गरीबों के लिए 3 करोड़ नए घर बनाने को मंजूरी दी है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गांवों और शहरों में बनने वाले इन घरों में टॉयलेट, बिजली, पानी और गैस कनेक्शन होगा। इस स्कीम के तहत पिछले 10 साल में 4.21 करोड़ घर बनाए जा चुके हैं। पहला साइन, किसानों के लिए: कैबिनेट मीटिंग से पहले PM मोदी ने किसान सम्मान निधि की फाइल पर साइन किए। इसके तहत 9.30 करोड़ किसानों के खाते में करीब 20 हजार करोड़ रुपए डाले जाएंगे। किसान कल्याण योजना के तहत किसानों को सालाना 6 हजार रुपए की आर्थिक मदद दी जाती है।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 3. भागवत बोले- चुनावी मुकाबला झूठ पर आधारित न हो, मणिपुर को साल भर से शांति का इंतजार RSS चीफ मोहन भागवत सोमवार 10 जून को नागपुर में संघ के कार्यकर्ता विकास वर्ग के समापन में शामिल हुए। भागवत ने कहा, ‘जब चुनाव होता है तो मुकाबला जरूरी होता है। इस दौरान दूसरों को पीछे धकेलना भी होता है, लेकिन इसकी एक सीमा होती है। यह मुकाबला झूठ पर आधारित नहीं होना चाहिए। मणिपुर बीते एक साल से शांति की राह देख रहा है। 10 साल से राज्य में शांति थी, लेकिन अचानक से वहां गन कल्चर बढ़ गया। हमें चुनाव की बातों से हटकर देश की समस्याओं पर विचार करना होगा।’ संघ चुनाव नतीजों के एनालिसिस में नहीं उलझता: भागवत ने कहा, ‘लोकसभा चुनाव खत्म होने के बाद बाहर का माहौल अलग है। नई सरकार भी बन गई है। ऐसा क्यों हुआ, संघ को इससे मतलब नहीं है। संघ हर चुनाव में जनमत को रिफाइन करने का काम करता है, इस बार भी किया, लेकिन नतीजों के एनालिसिस में नहीं उलझता। लोगों ने जनादेश दिया है, सब कुछ उसी के अनुसार होगा। क्यों? कैसे? संघ इसमें नहीं पड़ता। दुनियाभर में समाज में बदलाव आया है, जिससे सिस्टमेटिक बदलाव हुए हैं। यही लोकतंत्र का सार है।’
पूरी खबर यहां पढ़ें… 4. ओडिशा CM पद के लिए 3 नामों पर चर्चा, आज विधायक दल की बैठक, शपथ 12 जून को ओडिशा CM के लिए सुरेश पुजारी, मनमोहन सामल और गिरीश मुर्मू के नाम की चर्चा है। भाजपा ने नए CM के चयन के लिए केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और भूपेंद्र यादव को पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। भाजपा के ओडिशा प्रभारी विजय पाल सिंह तोमर ने बताया कि 11 जून को पार्टी विधायक दल की बैठक होगी। नई सरकार का शपथ ग्रहण 12 जून को होगा। किसकी दावेदारी ज्यादा मजबूत: सुरेश पुजारी CM के लिए मजबूत कैंडिडेट माने जा रहे हैं। इन्होंने पिछले लोकसभा चुनाव में बरगढ़ लोकसभा सीट पर जीत हासिल की थी। BJP के राष्ट्रीय सचिव भी रह चुके हैं। वहीं, मनमोहन सामल ओडिशा BJP के प्रदेश अध्यक्ष हैं, राज्यसभा सांसद भी रह चुके हैं। तीसरा नाम गिरीश मुर्मू का है, जो मोदी और शाह के करीबी माने जाते हैं। BJP मुर्मू को CM बनाकर आदिवासी कार्ड खेल सकती है। भाजपा ने 25 साल का पटनायक राज खत्म किया: ओडिशा विधानसभा की 147 सीटों में से BJP ने 78 सीटें जीती हैं। वहीं, नवीन पटनायक की BJD को सिर्फ 51 सीटें मिली हैं। पटनायक ने 5 मार्च 2000 को पहली बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। तब से जून 2024 तक वे 5 बार ओडिशा के CM रहे। 2009 विधानसभा चुनाव से पहले BJD ने भाजपा से 11 साल पुराना गठबंधन तोड़ा था। साल 2000 और 2004 में BJD-BJP गठबंधन की सरकार बनी थी।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 5. छत्तीसगढ़ में कलेक्टर-SP ऑफिस में आग लगाई, सतनामी समाज के प्रदर्शन के दौरान हिंसा छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में सतनामी समुदाय के प्रदर्शन के दौरान लोगों ने कलेक्ट्रेट और SP ऑफिस में खड़ी गाड़ियों में तोड़-फोड़ की। भीड़ ने पथराव और आगजनी भी की। आग में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जल गए। 15 मई को सतनामी समुदाय का धार्मिक चिन्ह ‘जैतखाम’ तोड़ दिया गया था। इसके विरोध में हजारों लोग कलेक्ट्रेट के पास मौजूद दशहरा मैदान में 16 मई से प्रदर्शन कर रहे थे। पूरी खबर यहां पढ़ें… 6. मणिपुर में CM के काफिले पर हमला, दो सुरक्षाकर्मी घायल, CM बीरेन सिंह इसमें नहीं थे मणिपुर के जिरिबाम में उग्रवादियों ने CM एन. बीरेन सिंह के सुरक्षा दस्ते पर हमला किया। यह काफिला हिंसा प्रभावित जिरिबाम में CM की सभा से पहले तैयारियों का जायजा लेने जा रहा था। काफिला के कोटलेन पहुंचते ही उग्रवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें ड्राइवर समेत दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। हमले के वक्त मुख्यमंत्री काफिले में नहीं थे। CM बोले- यह राज्य की जनता पर हमला है: बीरेन सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के काफिले पर किया गया हमला राज्य की जनता पर किया गया हमला है। इसलिए राज्य सरकार एक्शन लेगी। बीरेन सिंह ने हमले में घायल सुरक्षाकर्मियों से अस्पताल जाकर मुलाकात भी की। राज्य में 3 मई 2023 से जारी हिंसा में 200 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। 67 हजार से ज्यादा विस्थापित हुए हैं। हजारों लोग बेघर हो गए हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 7. सोना ₹1008 सस्ता होकर ₹70,905 पर आया; एक किलो चांदी की कीमत ₹1,992 घटी सोने-चांदी की कीमतों में 10 जून को गिरावट आई। 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 1008 रुपए सस्ता होकर 70,905 रुपए पर आ गया है। वहीं एक किलो चांदी 1,992 रुपए घटकर 88,543 रुपए पर आ गई है। इस साल अब तक सोने के दाम 7,553 रुपए बढ़ चुके हैं। 1 जनवरी को 10 ग्राम सोना 63,352 रुपए पर था। वहीं, एक किलो चांदी की कीमत 73,395 रुपए थी 24 कैरेट सोना सबसे शुद्ध: सोने का भाव 24 कैरेट, 22 कैरेट और 18 कैरेट के हिसाब से अलग-अलग होता है। 24 कैरेट सोना सबसे शुद्ध होता है। आमतौर पर ज्वेलरी के लिए 22 कैरेट या इससे कम कैरेट सोने का इस्तेमाल किया जाता है।
पूरी खबर यहां पढ़ें… आज का कार्टून By मंसूर नकवी… कुछ अहम खबरें हेडलाइन में… अब खबर हटके… 85 साल पुरानी सुपरमैन की कॉमिक ₹1.57 करोड़ में बिकी साल 1939 में पब्लिश हुई ‘सुपरमैन #1’ नाम की पहली कॉमिक बुक करीब 1.57 करोड़ रुपए में नीलाम हुई है। 85 साल पुरानी इस कॉमिक बुक को इंग्लैंड के एक्सकैलिबर नीलामी घर ने बेचा है। कॉमिक के लिए शुरुआती बोली 21 लाख रुपए में लगी थी। इसका खदीददार ऑस्ट्रेलिया का रहने वाला है। भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं… आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप… मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…