चंद्रबाबू नायडू आंध्र प्रदेश CM पद की शपथ लेंगे:पवन कल्याण डिप्टी CM होंगे; TDP से 20, जनसेना से 3 और भाजपा से 1 मंत्री

तेलगु देशम पार्टी (TDP) सुप्रीमो चंद्रबाबू नायडू कुछ देर में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। बतौर CM नायडू का यह चौथा कार्यकाल होगा। नई सरकार में जनसेना प्रमुख और एक्टर पवन कल्याण डिप्टी CM बनेंगे। ​​​​​​​ विजयवाड़ा में गन्नावरम एयरपोर्ट के पास केसरपल्ली IT पार्क में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन होगा। समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष और स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा शामिल होंगे। मोदी दोपहर 12.45 बजे ओडिशा CM के शपथ ग्रहण के लिए भुवनेश्वर जाएंगे। नई सरकार में CM और डिप्टी CM समेत 25 सदस्य होंगे। TDP के 20, पवन कल्याण समेत जनसेना के 3 और भाजपा के एक मंत्री शामिल होंगे। एक पद खाली रखा गया है। चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार देर रात अमरावती में अपने आवास पर अमित शाह और जेपी नड्डा के साथ बैठक के बाद अपने मंत्रिमंडल को अंतिम रूप दिया। नायडू के कैबिनेट में उनके बेटे और TDP महासचिव नारा लोकेश, TDP की आंध्र प्रदेश अध्यक्ष के. अत्चन्नायडू और जनसेना पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति के अध्यक्ष नादेंडला मनोहर शामिल हैं। TDP के मंत्रियों में 17 नए चेहरे हैं। बाकी पहले भी मंत्री रह चुके हैं। जनसेना पार्टी के तीन मंत्री पवन कल्याण, नादेंडला मनोहर और कंडुला दुर्गेश हैं। सत्य कुमार यादव एकमात्र भाजपा विधायक हैं जो मंत्री पद की शपथ लेंगे। मंत्रिमंडल में तीन महिलाएं हैं। सीनियर नेता एन मोहम्मद फारूक एकमात्र मुस्लिम चेहरा हैं। मंत्रियों की लिस्ट में पिछड़ा वर्ग से 8, अनुसूचित जाति से 3 और अनुसूचित जनजाति से 1 शामिल है। नायडू ने कम्मा और कापू समुदायों से 4-4 मंत्रियों को शामिल किया है। रेड्डी समुदाय से 3 और वैश्य समुदाय से 1 को भी कैबिनेट में जगह मिली है। नायडू खुद कम्मा समुदाय से हैं। वहीं पवन कल्याण कापू समुदाय से आते हैं।