मोहन चरण माझी आज ओडिशा CM पद की शपथ लेंगे:कैबिनेट में 2 डिप्टी CM के अलावा 13 मंत्री शामिल होंगे; प्रधानमंत्री मोदी भुवनेश्वर पहुंचे

ओडिशा में आज पहली बार भाजपा की सरकार बनने जा रही है। शाम 5 बजे राजधानी भुवनेश्वर में मोहन चरण माझी मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इनके अलावा मंत्रिमंडल में दो डिप्टी CM कनक वर्धन सिंहदेव और प्रभाती परिदा के अलावा 13 मंत्री भी शपथ लेंगे। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, माझी मंत्रिमंडल में 13 विधायक- सुरेश पुजारी, रबिनारायण नाइक, नित्यानंद गोंड, कृष्ण चंद्र पात्रा, पृथ्वीराज हरिचंदन, मुकेश महालिंग, बिभूति भूषण जेना, कृष्ण चंद्र महापात्रा, गणेश राम सिंह खुंटिया, सूर्यवंशी सूरज, प्रदीप बालसामंता, गोकुला नंद मल्लिक और संपद कुमार स्वैन के भी शपथ लेने की संभावना है। शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आंध्र प्रदेश से ओडिशा पहुंच चुके हैं। भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर राज्यपाल रघुवर दास और डेजिगनेटेड मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने उनका स्वागत किया। PM के अलावा गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश, गुजरात, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, असम, हरियाणा और उत्तराखंड के CM भी भुवनेश्वर पहुंच चुके हैं। ओडिशा विधानसभा में पहली बार भाजपा को बहुमत ओडिशा विधानसभा चुनाव में भाजपा ने पहली बार बहुमत के साथ जीत हासिल की है। राज्य की 147 सीटों में से भाजपा को 78 सीटें मिली हैं। वहीं, नवीन पटनायक की बीजू जनता दल (BJD) को 51, कांग्रेस को 14, CPI(M) को 1 और अन्य को 3 सीटों पर जीत मिली है। लोकसभा चुनाव में भी पहली बार भाजपा ने यहां बड़ी जीत दर्ज की है। राज्य की 21 सीटों में से भाजपा को 20 और कांग्रेस को एक सीट मिली है। BJD और अन्य दलों को एक भी सीट नहीं मिली। 2019 में भाजपा को 8, BJD को 12 और कांग्रेस को एक सीट पर जीत मिली थी। यानी भाजपा को इस बार 12 सीटों का फायदा है। ओडिशा को 24 साल बाद आदिवासी CM मिलेगा
ओडिशा को 24 साल बाद आदिवासी CM मिलने वाला है। इससे पहले कांग्रेस के हेमानंद बिस्वाल राज्य के पहले आदिवासी CM थे। उसके बाद गिरिधर गमांग दूसरे आदिवासी मुख्यमंत्री बने। बिस्वाल 1989-1990 और 1999-2000 तक दो बार CM रहे। अगस्त 2022 में उनका निधन हो गया था। बिस्वाल के बाद कांग्रेस यहां कभी सत्ता में नहीं रही।