इटली में खालिस्तानियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा तोड़ी:मूर्ति का उद्घाटन करने वाले थे PM मोदी, दौरे से एक दिन पहले सुरक्षा में चूक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इटली दौरे से ठीक पहले खालिस्तान समर्थकों ने वहां पर महात्मा गांधी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। उन्होंने प्रतिमा पर हरदीप सिंह निज्जर का नाम भी लिख दिया। अधिकारियों ने कहा कि मामले की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने प्रतिमा की सफाई कर दी है। इस घटना को लेकर विदेश मंत्रालय की भी टिप्पणी आई है। विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा ने कहा कि इस मामले के लेकर इटली सरकार के अधिकारियों से शिकायत की गई है। उचित कार्रवाई की जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पीएम मोदी के इस दौरे के दौरान महात्मा गांधी की प्रतिमा का उद्घाटन किया जाना था। ऐसे में प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ को सुरक्षा में बड़ी चूक माना जा रहा है। इटली ने इस घटना के दोषियों को चिन्हित करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की घटना को पुलिस काफी गंभीरता से ले रही है। इटली में 13 से 15 जून तक G7 शिखर सम्मेलन का आयोजन होना है। पीएम मोदी G7 बैठक में शामिल होने के लिए कल 13 जून को रवाना होंगे। विदेश सचिव ने कहा कि पीएम मोदी, इटली PM जियोर्जिया मेलोनी के आमंत्रण पर वहां जा रहे हैं। G7 शिखर सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, जापान के PM फुमियो किशिदा और कनाडाई PM जस्टिन ट्रूडो के अलावा कई अन्य बड़े नेता मौजूद रहेंगे।
विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा ने कहा कि PM मोदी इस यात्रा के दौरान जी7 शिखर सम्मेलन में मौजूद दूसरे विश्व नेताओं के साथ भारत और ग्लोबल साउथ से जुड़े कई अहम मुद्दों पर बातचीत करेंगे। यह 11वीं बार है जब भारत G7 शिखर सम्मेलन का हिस्सा बनेगा। पीएम मोदी इस सम्मेलन में पांचवीं बार हिस्सा लेंगे। अपनी इस यात्रा के दौरान PM मोदी कई नेताओं संग द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे। क्वात्रा ने कहा, “भारत शांति, सुरक्षा, विकास और पर्यावरण संरक्षण सहित कई वैश्विक चुनौतियों को हल करने की कोशिश में लगातार काम कर रहा है। जी7 शिखर सम्मेलन में भारत की नियमित भागीदारी साफ तौर पर इन्हीं प्रयासों का नतीजा है।”