दिल्ली हाईकोर्ट बोला- सुनीता केजरीवाल सुनवाई के वीडियो हटाएं:​​​​​​​मेटा-यूट्यूब को भी वीडियो डिलीट करने का आदेश, कहा- ये कोर्ट के नियमों के खिलाफ

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने शराब नीति केस की सुनवाई के वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए थे। दिल्ली हाईकोर्ट ने शनिवार (15 जून) को इन वीडियो को हटाने का आदेश दिया है। कोर्ट ने सुनीता को मामले को लेकर नोटिस भी जारी किया है। अगली सुनवाई 9 जुलाई को होगी। कोर्ट ने सुनीता के अलावा 5 अन्य लोगों की भी नोटिस जारी किया है। इनमें सोशल मीडिया कंपनियां ( एक्स, मेटा और यूट्यूब) शामिल हैं। जस्टिस नीना बंसल कृष्णा और अमित शर्मा की बेंच ने कंपनियों को आदेश दिया कि वीडियो को कई लोग रीपोस्ट कर चुके हैं। इससे तुरंत डिलीट कराया जाए, क्योंकि ये हाईकोर्ट के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के नियमों के खिलाफ है। याचिका में दावा- जजों की जान को खतरे में डाला गया
हाईकोर्ट में यह याचिका वकील वैभव सिंह ने लगाई थी। याचिका में सिंह ने कहा था कि अरविंद केजरीवाल को शराब नीति केस में 21 मार्च को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद 28 मार्च को ट्रायल कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान उन्होंने अदालत में अपनी बात रखने के लिए व्यक्तिगत माध्यम चुना था। इसके बाद सुनीता ने कोर्ट की कार्यवाही की वीडियो रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट कर दी। सिंह ने कहा कि यह दिल्ली हाईकोर्ट के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग नियम, 2021 के तहत प्रतिबंधित है। वीडियो पोस्ट करके ट्रायल कोर्ट के जजों की जान खतरे में डालने की कोशिश की गई है। इसकी जांच के लिए SIT का गठन होना चाहिए और FIR दर्ज होनी चाहिए। वीडियो रीपोस्ट करने वाले लोग आम आदमी पार्टी से जुड़े थे। इन्होंने जानबूझकर अदालत को बदनाम करने की कोशिश की। इनके खिलाफ भी जुर्माना लगाया जाना चाहिए। शराब घोटाले में अब तक 16 लोग अरेस्ट, इनमें पूर्व CM की बेटी भी
ED और CBI के मुताबिक, दिल्ली सरकार ने लिकर पॉलिसी में बदलाव कर अपने पसंदीदा डीलर्स को लाइसेंस दिए। बदले में उनसे रिश्वत ली गई। हालांकि, आम आदमी पार्टी इन आरोपों को गलत बताती है। ED इस मामले में अब तक 16 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। ED ने शराब घोटाले में अब तक कुल 6 चार्जशीट दायर की हैं। साथ ही 128 करोड़ रुपए से ज्यादा की प्रॉपर्टी जब्त की है। शराब घोटाले में ही ED ने तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बेटी कविता को अरेस्ट किया है। ये गिरफ्तारी हैदराबाद में उनके घर से की गई। कविता 23 मार्च तक हिरासत में हैं।