श्रीनगर में डल झील किनारे आज योग करेंगे मोदी:7 हजार लोग शामिल होंगे; 2024 की थीम ‘योगा फॉर सेल्फ एंड सोसाइटी’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज योग दिवस पर सुबह 6.30 बजे से कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत SKICC के बैकयार्ड में डल झील के किनारे योग आसन करेंगे। इस दौरान करीब 7 हजार लोग उनके साथ योग करेंगे। कुछ लोगों को विभिन्न आसनों की ट्रेनिंग दी गई है। 10 साल पहले 2014 में संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून के दिन को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया था। तब से इसे अलग-अलग थीम पर मनाया जा रहा है। 2024 के लिए योग दिवस की थीम ‘योगा फॉर सेल्फ एंड सोसाइटी’ है। PM मोदी दो दिन के दौरे पर जम्मू-कश्मीर में हैं। 2013 के बाद से यह उनकी जम्मू-कश्मीर की 25वीं यात्रा है। वहीं 2019 में अनुच्छेद 370 को निरस्त करने के बाद 7वीं यात्रा है। चुनाव आयोग सितंबर में जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव करवाने तैयारियां कर रहा है। ऐसे में PM मोदी का यहां जाना और योग दिवस जैसे इंटरनेशनल इवेंट में शामिल होना पॉजिटिव मैसेज माना जा रहा है। योग दिवस से जुड़े बड़े इवेंट
इस साल योग दिवस के बड़े इवेंट सेना, सेलेब्रिटीज और सोशल गैदरिंग के तौर पर हाेंगे। कर्नाटक के मैसुरू पैलेस में लगभग 10 हजार लोग एकसाथ योग करेंगे। इसके अलावा, गुजरात के बनासकांठा में भारत-पाक सीमा से महज 20 किमी दूर नाडा बेट में भी 10 हजार लोग योग आसन करेंगे। पिछले साल गुजरात में बना था वर्ल्ड रिकॉर्ड गुजरात के सूरत में 2023 में योग दिवस पर वर्ल्ड रिकॉर्ड बना था। राज्य में 72 हजार लोकेशन पर लगभग 1.25 करोड़ लोगों ने योग किया। अकेले सूरत में एक लाख से ज्यादा लोगों की भागीदारी के साथ विश्व रिकॉर्ड बना था। इससे पहले यह रिकॉर्ड 2018 में बना था, जब राजस्थान के कोटा में पतंजलि योगपीठ में हुए एक सेशन में 1 लाख 984 लोग शामिल हुए थे।