देश का मानसून ट्रैकर:MP-UP में 24 घंटे में 33 मौतें, ग्वालियर में आर्मी ने 300 लोगों का रेस्क्यू किया; दिल्ली-आगरा हाईवे पर 4 फीट पानी

देश में मानसून अब 6 दिन और रह सकता है। मौसम विभाग (IMD) ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 19 से 25 सितंबर के बीच लौटना शुरू हो सकता है। आमतौर पर मानसून पश्चिमोत्तर भारत से 17 सितंबर से लौटना शुरू होता है। इस बीच, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में बारिश और बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में पिछले 24 घंटे में 33 लोगों की मौत हो चुकी है। देश के 17 राज्यों में भारी और तेज बारिश का अलर्ट है। मध्य प्रदेश के ग्वालियर और दतिया में आर्मी तैनात
मध्य प्रदेश में तेज बारिश के चलते ग्वालियर, दतिया, जबलपुर, भिंड, राजगढ़, मुरैना, टीकमगढ़ में बाढ़ जैसे हालात हैं। बारिश के चलते 24 घंटे में प्रदेश में 17 लोगों की मौत हुई। ग्वालियर और दतिया में रेस्क्यू के लिए तैनात आर्मी ने 300 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया। उत्तर प्रदेश के 8 जिलों में स्कूल बंद
उत्तर प्रदेश में 24 घंटे में 160 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। दिल्ली-आगरा हाईवे पर 4 फीट तक पानी भर गया है। ताजमहल कैंपस में भी पानी भर गया है। फर्रुखाबाद, एटा, पीलीभीत, जालौन, आगरा, कानपुर, अलीगढ़ में 12वीं तक के स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई। प्रशासन ने बताया कि 24 घंटे में 16 लोगों की मौत हुई है। उधर, राजस्थान में भी तेज बारिश के कारण कई जिलों के निचले इलाकों में पानी भरा हुआ है। भरतपुर में स्कूलों में 4 दिन छुट्टी कर दी गई है। धौलपुर में भी अगले आदेश तक स्कूल बंद रहेंगे। MP-UP और राजस्थान में बारिश की 5 तस्वीरें… देशभर में मौसम के अपडेट… दिल्ली में मकान की दीवार ढही, कई फंसे, 1 की मौत
तेज बारिश के कारण सेंट्रल दिल्ली में के नबी करीम इलाके के एक घर की दीवार ढह गई। मलबे में कई लोग फंसे हुए हैं। 1 की मौत हो गई है। रेस्क्यू के लिए फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फिलहाल 2 लोगों का रेस्क्यू किया कर लिया गया है। मौसम विभाग ने दिल्ली में 24 घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड में लैंडस्लाइड, केदारनाथ हाईवे बंद
उत्तराखंड के चंपावत में तेज बारिश के बाद लैंडस्लाइड हुआ। पहाड़ दरकने के कारण नेशनल हाईवे-9 पर मलबा आ गया, जिसके बाद इसे बंद करना पड़ा। इसके अलावा चमोली में केदारनाथ हाईवे भी लैंडस्लाइड के कारण कई जगहों पर बंद हो गया। प्रशासन ने बताया कि सड़क से मलबा हटाने का काम जारी है। हिमाचल में सीजन का पहला स्नोफॉल
हिमाचल प्रदेश के ट्राइबल जिला किन्नौर की ऊंची चोटियों पर गुरुवार को स्नोफॉल हुआ। बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। किन्नौर के अन्य क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई है। ​आंध्र प्रदेश के 7 जिलों में अलर्ट
बाढ़ के चलते निचले इलाकों में भरा पानी अब खत्म हो रहा है। हालांकि, मौमस विभाग ने बताया कि सितंबर के खत्म होते-होते तेज बारिश का एक और दौर आ सकता है। श्रीकाकुलम समेत 7 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। यहां 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चल सकती है। देशभर से मौसम की 4 तस्वीरें… मानसून 19-25 सितंबर के बीच लौट सकता है
मौसम विभाग (IMD) ने कहा है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 19 से 25 सितंबर के बीच लौटना शुरू हो सकता है। सामान्य रूप से मानसून पश्चिमोत्तर भारत से 17 सितंबर से लौटना शुरू होता है। मानसून सीजन 15 अक्टूबर तक पूरे भारत से खत्म हो जाता है। मौसम विभाग ने कहा कि 1 जून से शुरू हुए मानसून सीजन में अब तक देश में 836.7mm बारिश हुई। यह इस दौर में हुई सामान्य बारिश (772.5 मिमी) से 8% ज्यादा है। 14 सितंबर को 5 राज्यों में 12 सेमी बारिश का अनुमान राज्यों की मौसम की खबरें… राजस्थान: 7 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट, आज से धीमी होगी मानसून की स्पीड, अब तक 61% ज्यादा बरसात बंगाल की खाड़ी से आए वेदर सिस्टम ने राजस्थान के पूर्वी हिस्से को तरबतर कर दिया। भरतपुर, धौलपुर, सवाई माधोपुर, बारां, दौसा समेत कई जिलों में बीते दो दिन से लगातार तेज बारिश हुई। सवाई माधोपुर, धौलपुर में भारी बारिश के कारण कई कस्बों और गांवों में जलभराव की स्थिति हो गई। पूरी खबर पढ़ें… मध्य प्रदेश: भोपाल समेत 16 से ज्यादा जिलों में बारिश, ग्वालियर में दो दिन स्कूलों में छुट्‌टी, डबरा बाढ़ से घिरा मध्यप्रदेश में अभी बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश हो रही है। लगभग सभी डैम फुल हैं और नदियां उफान पर हैं। गुरुवार को भोपाल समेत 16 से ज्यादा जिलों में बारिश हुई। ग्वालियर में 13 और 14 सितंबर को नर्सरी से 8वीं क्लास तक के स्कूलों में छुट्‌टी घोषित की गई है। पूरी खबर पढ़ें… हिमाचल प्रदेश: किन्नौर ​​​​​​ में ​सीजन का पहला हिमपात, तापमान में गिरावट; 6.1 डिग्री गिरा कल्पा का पारा हिमाचल प्रदेश के ट्राइबल जिला किन्नौर की ऊंची चोटियों पर बीती शाम को हल्का हिमपात हुआ। खासकर छितकुल दुमती की चोटियों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ दी है। किन्नौर जिला में इस सीजन का यह पहला हिमपात है। छितकुल दुमती के अलावा कल्पा, निचार और पूह के ऊंचे पहाड़ों पर भी बर्फ के फाहे गिरे। पूरी खबर पढ़ें… छत्तीसगढ़: कल से फिर भारी बारिश, रायपुर-बिलासपुर संभाग के लिए अलर्ट; कई जिलों में 2 डिग्री पारा चढ़ा छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के कोंटा से होकर गुजरने वाले NH-30 पर अब भी पानी भरा है। राजनांदगांव के कोटरासरार से मोखली जाने वाले मार्ग पर शिवनाथ नदी से लगी पुलिया के दोनों छोर (एप्रोच) तेज बहाव में बह गए। 14 सितंबर से बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर में बारिश की संभावना जताई गई है। पूरी खबर पढ़ें… बिहार: 2 दिनों तक अच्छी बारिश की संभावना, आज 25 जिलों में अलर्ट; बगहा में बिजली गिरने से 2 की मौत बिहार में अगले 2 दिनों तक झमाझम बारिश की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने आज प्रदेश के 25 जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया है। इसमें 6 जिलों में भारी और 19 जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। गुरुवार को बेतिया और बगहा इलाके में बारिश हुई। पूरी खबर पढ़ें… हरियाणा: 15 शहरों में बारिश का यलो अलर्ट, आज और कल तेज बरसात के आसार हरियाणा में अब दो दिन और मानसून एक्टिव रहेगा इसके बाद बारिश में कमी देखने को मिलेगी। भारत मौसम विभाग के अनुसार आज हरियाणा के 15 शहरों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है, इसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। पंचकुला, अंबाला समेत 15 जिलों में बारिश के आसार हैं। पूरी खबर पढ़ें… पंजाब: 7 जिलों में बारिश के आसार, तापमान 24 से 37 डिग्री के बीच रहने का अनुमान पंजाब-चंडीगढ़ में आज (शुक्रवार) को भी बारिश के आसार बने हुए हैं। चंडीगढ़ के साथ-साथ पंजाब के सात जिलों पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, एसएएस नगर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में आज सामान्य बारिश की संभावनाएं हैं। जबकि अन्य जिलों में बारिश के आसार बन रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें…