एपल स्टोर पर मिलने लगी आईफोन-16 सीरीज:दिल्ली-मुंबई के स्टोर 3 घंटे पहले खुले, सुबह से दिखी लोगों की लाइन

आईफोन 16 सीरीज के फोन आज यानी 20 सिंतबर से मिलने शुरू हो गए हैं। भारत में एपल के दिल्ली और मुंबई के दोनों ऑफिशियल स्टोर सुबह 8 बजे ही खुल गए। आम तौर पर यह 11 बजे खुलते हैं। एपल के नए डिवाइस खरीदने के लिए दोनों स्टोर के बाहर कस्टमर्स की लंबी लाइन देखने को मिली। मुंबई के BKC स्टोर पर अक्षय नाम के एक कस्टमर ने बताया कि वह सुबह 6 बजे आ गए थे। उसने आईफोन 16 प्रो मैक्स खरीदा है। कंपनी ने सोमवार (9 सितंबर) को अपने साल के सबसे बड़े इवेंट ‘इट्स ग्लोटाइम’ में AI फीचर्स के साथ आईफोन 16 सीरीज लॉन्च की थी। इसमें आईफोन 16, आईफोन 16 प्लस, आईफोन 16 प्रो और आईफोन 16 प्रो मैक्स शामिल हैं। एपल ने 13 सितंबर को इनकी बुकिंग शुरू कर चुकी है। कस्टमर्स फोन को ऑफिशियल वेबसाइट और ई-कॉमर्स वेबसाइट फ्लिपकार्ट और अमेजन से बुक कर सकते हैं। iPhone-16 प्रो मैक्स भारत में अमेरिका से ₹44,000 महंगा
हालांकि, अन्य देशों की तुलना में भारतीय कस्टमर्स को आईफोन खरीदना अभी भी महंगा पढ़ रहा है। जबकि, आईफोन-16 सीरीज के मॉडल्स भारत में भी असेंबल हो रहे हैं। प्रो मैक्स मॉडल भारत में अमेरिका के मुकाबले करीब 44 हजार रुपए महंगा है। वहीं, आईफोन-16 मॉडल में करीब 13 हजार का अंतर है। भारत में आईफोन-16 की शुरुआती कीमत ₹79,900 और प्रो मैक्स की कीमत ₹1,44,900 है। जबकि अमेरिका में यही आईफोन-16 मॉडल 799 डॉलर यानी ₹67,100 और प्रो मैक्स 1199 डॉलर यानी ₹1,00,692 रुपए में मिल रहा है। इन तरीकों से सस्ते में खरीद सकते हैं आईफोन-16 आईफोन-16 सहित सभी गैजेट्स आज से मिलेंगे
कंपनी ने इट्स ग्लोटाइम इवेंट में आईफोन-16 सीरीज के अलावा एपल वॉच सीरीज 10 भी पेश की, जिसमें 30% बड़ा स्क्रीन एरिया है। ये एपल की अब तक की सबसे पतली (9.7mm) वॉच है। इसकी शुरुआती कीमत 46,900 रुपए है। इसके अलावा वॉच अल्ट्रा 2 के नए कलर भी लॉन्च किए गए थे। इसे एथलीट्स के लिए डिजाइन किया गया है। ये वॉच लो पावर मोड में 72 घंटे चलेगी। इसमें सबसे सटीक GPS मिलता है। एपल ने एयरपॉड्स 4 और एयरपॉड मैक्स के नए कलर लॉन्च किए थे। एपल के सभी नए गैजेट्स आज से बिक्री के लिए अवेलेबल हो गए हैं। भारत में बनने के बावजूद आईफोन यहां महंगा क्यों बिकता है?
भारत में आईफोन 15 के समय से एपल के फोन असेंबल किए जा रहे हैं। असेंबलिंग के लिए ताइवान की फॉक्सकॉन टेक्नोलॉजी ग्रुप ने चेन्नई के पास श्रीपेरंबदूर में एक प्लांट तैयार किया है। इसके अलग-अलग पुर्जे इंपोर्ट किए जाते हैं, जिस पर कस्टम ड्यूटी लगती है। मसलन- आईफोन का डिस्प्ले सैमसंग बनाती है, जिस पर 20% इंपोर्ट ड्यूटी लगती है। इसके अलावा सर्किट बोर्ड, ट्रांजिस्टर्स, प्रोसेसर्स सभी पर इंपोर्ट ड्यूटी और जीएसटी लगता है। ये सब मिलाकर फाइनल प्रोडक्ट की कीमत ज्यादा हो जाती है। वहीं प्रो सीरीज की असेंबलिंग भारत में नहीं होती। इन्हें पूरी तरह से इंपोर्ट किया जा रहा है। सरकार इन पर 22% इंपोर्ट ड्यूटी और 2% सोशल वेलफेयर सरचार्ज लगाती है। 18% GST भी लगता है। इस वजह से कुल टैक्स करीब 40% हो जाता है।