करेंट अफेयर्स 21 सितंबर:आतिशी दिल्ली की सबसे युवा CM बनीं , पीएम मोदी तीन दिन की यात्रा पर अमेरिका पहुंचे

एयर मार्शल अमर प्रीत सिंह को अगला वायुसेना प्रमुख नियुक्त किया गया है। श्रीलंका में आज राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव के लिए वोटिंग हुई। बॉम्बे हाईकोर्ट ने IT एक्ट में किए गए संशोधन को असंवैधानिक बताते हुए इसे रद्द करने का आदेश दिया। आइए आज के ऐसे ही प्रमुख करेंट अफेयर्स पर नजर डालते हैं, जो सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स के लिए अहम हैं… स्टेट इन न्यूज (STATE IN NEWS) 1. आतिशी दिल्ली की सबसे युवा CM बनीं : आतिशी ने शनिवार, 21 सितंबर को दिल्ली की 9वीं मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। राजनिवास में उन्हें एलजी विनय सक्सेना ने शपथ दिलाई। वे ​​​​​दिल्ली की सबसे युवा और तीसरी महिला मुख्यमंत्री बन गईं। उनसे पहले सुषमा स्वराज और शीला दीक्षित CM रह चुकी हैं। नेशनल (NATIONAL) 2. पीएम मोदी तीन दिन की यात्रा पर अमेरिका पहुंचे : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार, 21 सितंबर को तीन दिवसीय यात्रा पर अमेरिका पहुंचे। वह विलमिंगटन में आयोजित QUAD शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा में शिखर सम्मेलन को संबोधित करेंगे। अपॉइंटमेंट (APPOINTMENT) 3. एयर मार्शल ए.पी. सिंह अगले वायुसेना प्रमुख बने : 21 सितंबर को एयर मार्शल अमर प्रीत सिंह को अगला वायुसेना प्रमुख नियुक्त किया गया है। वे वर्तमान में भारतीय वायुसेना (IAF) के उप प्रमुख हैं। वे 30 सितंबर को मौजूदा एयर चीफ मार्शल विवेक राम चौधरी के रिटायर होने के बाद वायुसेना प्रमुख का पद संभालेंगे। इंटरनेशनल (INTERNATIONAL) 4. दिवालिया होने के बाद श्रीलंका में पहली बार राष्ट्रपति चुनाव हुआ : श्रीलंका में आज यानी 21 सितंबर को राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव के लिए वोटिंग हुई। वोटिंग सुबह 7 बजे शुरू हुई थी और शाम 4 बजे तक चली। वोटिंग खत्म होने के साढ़े 3 घंटे बाद काउंटिंग शुरू होगी। रिजल्ट रविवार, 22 सितंबर को आ सकते हैं। स्कीम (SCHEME) 5. केंद्र सरकार फैक्ट चेक यूनिट नहीं बना सकेगी : बॉम्बे हाईकोर्ट ने शुक्रवार, 20 सितंबर को IT एक्ट में किए गए संशोधन को असंवैधानिक बताते हुए इसे रद्द करने का आदेश दिया है। हाईकोर्ट ने कहा कि IT एक्ट में संशोधन जनता के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है। आज का इतिहास (TODAY’S HISTORY) 21 सितंबर का इतिहास : 1981 में आज के दिन संयुक्त राष्ट्र महासभा ने अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस की स्थापना की थी। इसका लक्ष्य समूचे विश्व में शांति को बढ़ावा देने था। पहला अंतरराष्ट्रीय शांति दिवस 21 सितंबर, 1982 को मनाया गया था। यह दिन अहिंसा और युद्ध विराम की अवधि का पालन करके दुनिया भर में शांति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।