मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ:आतिशी दिल्ली की सबसे युवा CM; दावा- तिरुपति का लड्डू अब पवित्र; शाह बोले- फारूक आतंकवाद लाए, फारूक ने कहा- भाजपाई पाकिस्तानी

नमस्कार, कल की बड़ी खबर दिल्ली की रही, आतिशी राज्य की तीसरी महिला CM बनीं। एक खबर तिरुपति लड्डू विवाद से जुड़ी रही। लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज का प्रमुख इवेंट, जिस पर रहेगी नजर… अब कल की बड़ी खबरें… 1. आतिशी दिल्ली की सबसे युवा CM बनीं, शपथ के बाद केजरीवाल के पैर छुए; कैबिनेट में 5 मंत्री आतिशी ने दिल्ली की 9वीं मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। इसके बाद अरविंद केजरीवाल के पैर छुए। 43 साल की आतिशी दिल्ली की सबसे युवा CM हैं। केजरीवाल 45 साल की उम्र में CM बने थे। आतिशी, सुषमा स्वराज और शीला दीक्षित के बाद दिल्ली की तीसरी महिला CM हैं। वे कालकाजी सीट से 3 बार की MLA हैं। कैबिनेट में 5 मंत्री: आतिशी के बाद सौरभ भारद्वाज, गोपाल राय, कैलाश गहलोत, इमरान हुसैन और मुकेश अहलावत ने मंत्री पद की शपथ ली। कैबिनेट में मुकेश अहलावत एकमात्र नया चेहरा हैं। आतिशी ने शिक्षा, PWD और वित्त समेत 13 विभाग अपने पास रखे हैं। वहीं, सौरभ भारद्वाज को हेल्थ समेत 8 प्रमुख विभाग का जिम्मा मिला है।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 2. तिरुपति मंदिर प्रबंधन बोला- प्रसाद अब पवित्र, कहा- जांच में एनिमल फैट की पुष्टि
आंध्र प्रदेश के तिरुपति मंदिर के लड्डुओं की पवित्रता विवाद के बीच तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम (TTD) ने कहा कि प्रसादम अब पूरी तरह से शुद्ध है। TTD के कार्यकारी अधिकारी जे श्यामला राव ने घी में जानवरों की चर्बी इस्तेमाल होने की बात मानी है। उन्होंने बताया, ‘लड्डू जिस घी से बनाए जा रहे थे, उसके 4 लैब रिपोर्ट्स में मिलावट की पुष्टि हुई है। मंदिर प्रबंधन के पास अपनी लैब नहीं थी। घी सप्लायर एआर डेयरी फूड्स ने इसका फायदा उठाया।’ यह विवाद कैसे सामने आया: कर्नाटक कोऑपरेटिव मिल्क फेडरेशन (KMF) पिछले 50 साल से रियायती दरों पर ट्रस्ट को घी दे रहा था। हर 6 महीने में 1400 टन घी मंदिर में इस्तेमाल होता है। जुलाई 2023 में कंपनी ने कम रेट में सप्लाई देने से मना कर दिया, जिसके बाद जगन सरकार (YSRCP) ने 5 फर्म को सप्लाई का काम दिया था। इनमें से एक तमिलनाडु के डिंडीगुल स्थित एआर डेयरी फूड्स भी है। जिसके प्रोडक्ट में इसी साल जुलाई में गड़बड़ी मिली थी।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 3. चेन्नई टेस्ट में जीत से 6 विकेट दूर भारत, दूसरी पारी में बांग्लादेश 158/4, अश्विन को 3 विकेट टीम इंडिया बांग्लादेश के खिलाफ चेन्नई टेस्ट में जीत से 6 विकेट दूर है। भारत ने 515 रन का टारगेट दिया, बांग्लादेश ने स्टंप्स तक 4 विकेट खोकर 158 रन बनाए हैं। पहली पारी में भारत ने 376 और बांग्लादेश ने 149 रन बनाए थे। बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हसन शांतो 51 और शाकिब अल हसन 5 रन बनाकर नॉटआउट हैं। रविचंद्रन अश्विन ने 3 और जसप्रीत बुमराह ने 1 विकेट लिए। शुभमन गिल (119 नाबाद) और ऋषभ पंत (109) ने शतक बनाए। पंत का छठा शतक, धोनी की बराबरी की: ऋषभ पंत ने टेस्ट क्रिकेट में डेढ़ साल बाद वापसी की और सेंचुरी लगा दी। पंत ने करियर की छठी टेस्ट सेंचुरी लगाई। इसी के साथ उन्होंने एमएस धोनी के टेस्ट शतकों के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। शुभमन गिल ने पांचवां टेस्ट शतक लगाया। गिल 2022 से सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी हैं। उनके तीनों फॉर्मेट में 100 सिक्स भी पूरे हो गए।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 4. शाह बोले- फारूक जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद लाए; फारूक ने कहा- भाजपा वाले खुद पाकिस्तानी
गृह मंत्री अमित शाह ने जम्मू-कश्मीर में 5 चुनावी रैलियां कीं। मेंढर में उन्होंने कहा, ’90 के दशक में फारूक की मेहरबानी से आतंकवाद आया। तब यहां बहुत गोलीबारी होती थी, क्योंकि यहां के आका पाकिस्तान से डरते थे।अब पाकिस्तान नरेंद्र मोदी से डरता है।’ नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने कहा, ‘भाजपा वाले हमें बार-बार पाकिस्तानी बोलते हैं। ये खुद पाकिस्तानी हैं। भाजपा कहती है राहुल गांधी और फारूक अब्दुल्ला के बीच गठबंधन पाकिस्तान के समर्थन से बना है। हमें पाकिस्तान से क्या लेना-देना? भाजपा के लोग सत्ता में हैं- क्या आतंकवाद खत्म हो गया है?’
पूरी खबर यहां पढ़ें… 5. PM मोदी 9वीं बार US दौरे पर पहुंचे, बाइडेन को गले लगाया, क्वाड समिट में शामिल हुए नरेंद्र मोदी बतौर प्रधानमंत्री 9वीं बार अमेरिका दौरे पर पहुंचे। उन्होंने फिलाडेल्फिया में भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की। फिर राष्ट्रपति जो बाइडेन से उनके होम स्टेट डेलावेयर में मिले। इस दौरान बाइडेन ने मोदी का गले लगाकर स्वागत किया। इसके बाद जापान, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका के राष्ट्राध्यक्षों के साथ क्वाड समिट में शामिल हुए। मोदी आज न्यूयॉर्क में भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे। क्वाड की मीटिंग विलमिंगटन स्थित अमेरिकी राष्ट्रपति के हाई स्कूल में हुई। क्वाड समिट इस साल भारत में होनी थी, पर अमेरिका की रिक्वेस्ट पर इसे होस्ट करने का मौका बाइडेन को दे दिया गया। दिलचस्प बात ये है कि जिस वक्त बाइडेन विलमिंगटन में क्वाड सदस्यों के साथ बैठक कर रहे थे, उसी वक्त उनके विरोधी डोनाल्ड ट्रम्प विलमिंगटन में ही रैली कर रहे थे।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 6. एयर मार्शल अमर प्रीत सिंह वायु सेना के नए चीफ, 30 सितंबर से जिम्मेदारी संभालेंगे एयर मार्शल अमर प्रीत सिंह भारतीय वायु सेना के नए चीफ होंगे। वे 30 सितंबर को पदभार संभालेंगे। अमर प्रीत सिंह एयर मार्शल विवेक राम चौधरी की जगह लेंगे, जो 30 सितंबर को रिटायर हो रहे हैं। अमर प्रीत सिंह अभी तक वायुसेना के वाइस चीफ के पद पर थे। एयरफोर्स में यह दूसरी सबसे अहम पोजिशन है। 40 साल से एयरफोर्स में तैनात हैं: एयर मार्शल अमरप्रीत सिंह का जन्म 27 अक्टूबर 1964 को हुआ था। वे 21 दिसंबर 1984 को वायुसेना एकेडमी डुंडीगल से इंडियन एयरफोर्स में तैनात हुए थे। अमर प्रीत डिफेंस सर्विस स्टाफ कॉलेज वेलिंगटन के भी छात्र रहे हैं। उन्होंने नई दिल्ली के नेशनल डिफेंस कॉलेज से भी ट्रेनिंग ली है। उन्होंने हाल ही में 59 साल की उम्र में तेजस उड़ाया था।
पूरी खबर यहां पढ़ें… 7. ओडिशा में आर्मी अफसर की मंगेतर का यौन उत्पीड़न मामला, आरोपियों को 24 घंटे के अंदर जमानत मिली ओडिशा के भुवनेश्वर में आर्मी अफसर और उसकी मंगेतर पर हमले के वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने शुक्रवार को 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इन्हें गिरफ्तारी के 24 घंटे के भीतर जमानत भी मिल गई। पीड़ित के मुताबिक भुवनेश्वर लौटते वक्त कुछ युवकों ने उसके और आर्मी अफसर से बदसलूकी और मारपीट की। घटना 15 सितंबर की रात करीब 1 बजे की है। इसका खुलासा 19 सितंबर को हुआ। पीड़ित का आरोप- थाने में पुलिस अफसरों ने यौन उत्पीड़न किया: खुद पर हुए हमले की शिकायत करने के लिए आर्मी अफसर और महिला भुवनेश्वर के भरतपुर पुलिस स्टेशन पहुंचे थे। पीड़ित महिला का आरोप है पुलिसकर्मियों ने उसका यौन उत्पीड़न किया और आर्मी ऑफिसर को लॉकअप में बंद कर दिया। बाद में पीड़ित को ही बदतमीजी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
पूरी खबर यहां पढ़ें… आज का कार्टून By मंसूर नकवी… कुछ अहम खबरें हेडलाइन में… अब खबर हटके… ठग ने ₹2 लाख लेकर फर्जी IPS बनाया, वर्दी पहनकर गांव में घुमा बिहार के जमुई में ठग ने 18 साल के युवक से दो लाख रुपए लेकर उसे फर्जी IPS बना दिया। वर्दी पहनकर वह पूरे गांव में घुमा, गांव वालों ने बधाई भी दी। पुलिस ने फर्जी IPS को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से नकली पिस्टल भी बरामद हुई है। दरअसल, गांव के ही एक जालसाज ने युवक को विश्वास दिलाया था कि वह IPS बनकर किसी भी थाने में जा सकता है।
पढ़ें पूरी खबर… भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं… इन करेंट अफेयर्स के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें… आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप… मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…