9 साल बाद भारत आ रहे कोल्डप्ले की भारी डिमांड:मिनटों में बुक हुए शो, एप क्रैश हुई, अब 2 की जगह 3 दिन परफॉर्मेंस देगा बैंड

ब्रिटिश रॉक बैंड कोल्डप्ले ‘म्यूजिक ऑफ द स्फेयर्स’ वर्ल्ड टूर के लिए जनवरी 2025 में भारत आ रहा है। रविवार को शो की बुकिंग विंडो ओपन हुई थी, हालांकि भारत में कोल्डप्ले के क्रेज और टिकट बुकिंग की होड़ में बुक माय शो एप क्रैश हो गई। कई यूजर्स ने टिकट बुकिंग में आई दिक्कतों की शिकायत सोशल मीडिया पर की। भारत में कॉन्सर्ट का क्रेज देखते हुए अब कोल्डप्ले बैंड ने दो दिन की जगह 3 दिन भारत में परफॉर्म करने की अनाउंसमेंट की है। कोल्डप्ले बैंड का कॉन्सर्ट 19-20 जनवरी 2025 को मुंबई के डी.वाय. पाटिल स्टेडियम में होने वाला है। बुक माय शो एप पर शो की बुकिंग रविवार दोपहर 12 बजे शुरू हुई थी। टिकट बुक करवाने की ऐसी होड़ मची कि बुक माय शो साइट क्रैश हो गई। कुछ समय बाद साइट दोबारा ओपन हुई तब भी यूजर ट्रैफिक 10 लाख के करीब था। ऐसे में बुक माय शो एप द्वारा एप क्रैश होने से रोकने के लिए अनाउंस किया गया कि यूजर्स लाइन सिस्टम के जरिए टिकट बुक कर सकेंगे, लेकिन एक यूजर एक बार में अधिकतम 4 टिकट ही बुक कर सकेगा, जबकि पहले ये लिमिट 8 टिकट की थी। भारत में फैंस का ऐसा क्रेज देखने के बाद रविवार को बैंड कोल्डप्ले द्वारा अनाउंस किया गया कि वो भारत में 2 की जगह 3 दिन परफॉर्म करेंगे। इसके लिए 19-20 और 21 जनवरी की तारीख रखी गई थी। कोल्डप्ले के ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट से नई डेट्स की अनाउंसमेंट हुई है। पोस्ट में लिखा गया है, मुंबई का थर्ड शो एड कर दिया गया है। अभूतपूर्व डिमांड को देखते हुए नई डेट जोड़ी गई है। 22 सितंबर को रविवार दोपहर 2 बजे 21 जनवरी 2025 के कॉन्सर्ट की टिकट विंडो खुली थी, जिस समय एप पर 14 लाख यूजर्स का ट्राफिक था। टिकट की मारा-मारी के चलते कई फैंस शो की टिकट बुक नहीं करवा सके, जिसके लिए सोशल मीडिया पर कई मीम सर्कुलेट किए जा रहे हैं। बताते चलें कि कोल्डप्ले बैंड पूरे 9 साल बाद भारत लौट रहा है। आखिरी बार इस बैंड ने भारत में साल 2016 में मुंबई में आयोजित हुए गोल्डन सिटिजन फेस्टिवल में परफॉर्म किया था। 80 हजार फैंस इस शो का हिस्सा बने थे, जिनमें कई बॉलीवुड सेलेब्स भी शामिल थे। साल 2025 में होने वाले वर्ल्ड टूर के दौरान कोल्डप्ले की मुंबई के डी.वाय. पाटिल स्टेडियम में परफॉर्मेंस होगी। टिकट की कीमत 25 हजार से 35 हजार रुपए तक थी। भारत में कोल्डप्ले के गाने हाय्म फॉर द वीकेंड, यैलो, फिक्स यू बेहद पॉपुलर हैं। बैंड की शुरुआत साल 1997 में लंदन में हुई थी। क्रिस मार्टिन, जॉनी बकलैंड, गाय बैरीमैन, विल चैम्पियन और फिल हार्वे इस बैंड के मेंबर हैं। 39 नॉमिनेशन में कोल्डप्ले 7 बार ग्रैमी अवॉर्ड हासिल कर चुका है।