भास्कर अपडेट्स:चीन ने प्रशांत महासागर में ICBM मिसाइल का परीक्षण किया, नकली वॉरहेड के साथ दागी मिसाइल

चीन ने बुधवार को एक इंटर-कॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल (ICBM) का परीक्षण किया है। इस ICBM मिसाइल को चीन से प्रशांत महासागर में दागा गया। मिसाइल को नकली वॉरहेड के साथ चीनी समय के मुताबिक सुबह 8 बजकर 44 मिनट पर लॉन्च किया गया था। चीनी अधिकारियों के मुताबिक मिसाइल ने प्रशांत महासागर में निर्धारित टारगेट को सफलतापूर्वक हिट किया। CNN के मुताबिक पिछले 10 साल में चीन की ओर से ICBM मिसाइल का ये पहला परीक्षण है, जिसे सार्वजनिक तौर पर किया गया है। इससे पहले तक चीन अपनी ही जमीन पर इस तरह के टेस्ट करता आया है। ICBM मिसाइले लंबी दूरी (12 से 15 हजार किमी) तक न्यूक्लियर हमला करने में सक्षम होती है। इन्हें रडार पर ट्रेक करना भी आसान नहीं होता है। आज की अन्य बड़ी खबरें… कोलकाता रेप-मर्डर केस, पीड़ित ट्रेनी डॉक्टर के परिवार ने बृंदा ग्रोवर को नया वकील नियुक्त किया आरजी कर रेप और मर्डर केस में पीड़िता के परिवार ने बृंदा ग्रोवर को अपना नया वकील नियुक्त किया है। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट में पीड़ित की ओर से बिकाश रंजन भट्टाचार्य वकालत कर रहे थे, लेकिन पिछली सुनवाई से परिवार ने ग्रोवर को अपना वकील चुन लिया है। बृंदा ग्रोवर हाई-प्रोफाइल मामलों में अपनी पैरवी के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने बिलकिस बानो मामले में गुजरात सरकार के 11 दोषियों की रिहाई के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। पश्चिम बंगाल के TMC सांसद इस्लाम का निधन, ममता ने लिखा- बशीरहाट के लोग उन्हें याद रखेंगे TMC नेता हाजी नूरुल इस्लाम (60) का बुधवार को निधन हो गया। वे बंगाल के बशीरहाट से सांसद थे। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उनके निधन पर शोक जताया है। ममता ने X पर लिखा कि वे सामाजिक कार्यकर्ता थे। उन्होंने सुंदरबन के दूरदराज के इलाके में और गरीबों को उठाने में काफी काम किया। बशीरहाट की जनता उनके नेतृत्व को याद रखेगी। ममता ने इस बार लोकसभा चुनाव में बशीरहाट से नुसरत जहां का टिकट काटकर नूरुल इस्लाम को उम्मीदवार बनाया था। इस बार के लोकसभा चुनाव में बशीरहाट सीट संवेदनशील मानी गई थी। बशीरहाट में संदेशखाली इलाका भी आता है। संदेशखाली में महिलाओं ने आरोप लगाया था कि TMC नेताओं ने उनका यौन शोषण किया। प्रमुख आरोपी शाहजहां शेख की गिरफ्तारी हो गई थी। बाद में भाजपा ने एक पीड़ित रेखा को लोकसभा का टिकट दिया था, लेकिन वे हार गईं। महाराष्ट्र चुनाव- महायुति के बीच जल्द सीट बंटवारा, शिंदे बोले- बातचीत सफल रही महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्रपति संभाजीनगर में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के साथ-साथ उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार से मुलाकात की। शिंदे ने कहा कि मुलाकात सकारात्मक रही। जल्द ही सीटों का बंटवारा किया जाएगा। पिछले हफ्ते महाराष्ट्र बीजेपी प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा था कि महायुति गठबंधन की सहयोगी पार्टियों ने विधानसभा चुनाव के लिए 288 सीटों में से 70 से 80 प्रतिशत सीटों पर चुनाव लड़ने पर आम सहमति बना ली है। गुजरात के साबरकांठा में कार की ट्रक से टक्कर, हादसे में 7 की मौत, 1 घायल गुजरात के साबरकांठा में हिम्मतनगर हाईवे पर एक इनोवा कार की बुधवार सुबह ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में कारसवार 7 लोगों की मौत हो गई। 1 गंभीर रूप से घायल है, जिसे अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस ने बताया कि सभी लोग अहमदाबाद के रहने वाले थे। वे शामलाजी से अहमदाबाद जा रहे थे। इसी दौरान कार ट्रक से टक्कर हुई। हादसा इतना गंभीर था कि मृतकों के शव कार में ही फंसे रह गए। शवों को निकालने के लिए कार की बॉडी को गैस कटर से काटना पड़ा। पूरी खबर पढ़ें… कोलकाता में महिला का अश्लील वीडियो रिकॉर्ड करने वाला पोस्ट ऑफिस कर्मचारी गिरफ्तार कोलकाता पुलिस ने जनरल पोस्ट ऑफिस (GPO) में काम करने वाले अस्थायी कर्मचारी को गिरफ्तार किया। वो शौचालय गई महिला का वीडियो रिकॉर्ड कर रहा है। उसे ऐसा करते देख दूसरे कर्मचारी ने पकड़ा। इसके बाद पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस ने बताया कि शौचालय की दीवार में मौजूद दरार से आरोपी वीडियो बना रहा था। आरोपी का मोबाइल जब्त कर लिया है।