बरेली में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट, 3 की मौत:5 मकान गिरे, 6 से ज्यादा घायल, 1 इंस्पेक्टर लाइन हाजिर, दो दरोगा समेत 4 सस्पेंड

बरेली में बुधवार शाम एक पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हो गया। आसपास के 8 मकानों में नुकसान हुआ है। 5 मकान गिर गए, 3 में दरारें आ गई हैं। 6 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। धमाका करीब 2 KM दूर तक सुनाई दिया है। JCB से मलबा हटाया जा रहा है। पुलिस और गांव वालों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घटना बरेली से 85 किमी दूर सिरौली क्षेत्र के कल्याणपुर गांव की है। यहां एक मकान में करीब 100 किलो बारूद था और बिना लाइसेंस पटाखे बनाए जा रहे थे। तभी अचानक धमाका हुआ। गांव वालों ने तुरंत रेस्क्यू शुरू किया। पुलिस अफसर भी मौके पर पहुंचे। एसएसपी बरेली अनुराग आर्य ने बताया कि मकान में विस्फोट के मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आई है। इस मामले में सिरौली इंस्पेक्टर रवि चौधरी को लाइन हाजिर कर दिया है। हलका इंचार्ज नाहर सिंह, कस्बा इंचार्ज देशराज सिंह, सिपाही सुरेंद्र कुमार, सिपाही अजय को निलंबित कर दिया है। सभी के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। मुख्य आरोपी नासिर पर पहले से मुकदमे दर्ज हैं। धमाके के साथ मकान ढहे, चीख-पुकार मची
कल्याणपुर गांव में रहने वाले रहमान शाह के रिश्तेदार नाजिम और नासिर सिरौली बाजार में आतिशबाजी का काम करते हैं। रहमान शाह भी अपने घर पर चोरी-छिपे आतिशबाजी बनाकर उन्हें देता था। पटाखा बनाने के लिए लोग यहां आकर काम करते हैं। बुधवार शाम करीब 3 बजे अचानक जोरदार धमाका हुआ। रहमान शाह का मकान पूरी तरह से ढह गया। धमाके की आवाज से पूरा गांव दहल गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास रहने वाले रुखसार, इसरार खां, बाबू शाह और पीर शाह के घर भी पूरी तरह से धराशायी हो गए। सभी के मकान मलबे में तब्दील हो गए। देखते ही देखते चीख-पुकार मच गई। डेढ़ घंटे तक होते रहे धमाके
रहमान शाह के घर में पटाखों की बड़ी स्टोरेज थी। एक धमाका के बाद भी रूक-रूककर धमाका होते रहे। यह सिलसिला डेढ़ घंटे तक, यानी करीब 5 बजे तक जारी रहा। जो लोग बचाव के लिए आए, वह भी डर रहे थे कि कही फिर कोई धमाका न हो जाए।
इसलिए पहले फायर ब्रिगेड से मलबा पर पानी डाला। इसके बाद मलबा हटाया जा सका। JCB संकरी गलियों में फंसी
मलबा को हटाने के लिए JCB मंगवाई गई। मगर यह गांव की संकरी गलियों में फंस गई। फिर JCB को दूसरे रास्तों से होकर मंगवाया गया। इसके बाद JCB की मदद से मलबा हटावाया जा सका। बच्चे समेत 3 लोगों के शव निकाले गए
पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट की खबर मिलते ही आनन-फानन में एसडीएम, सीओ आंवला पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने तुरंत राहत बचाव कार्य शुरू किया। मलबे से 3 शवों को बाहर निकाला गया है। हादसे में 1 बच्चे की भी मौत हुई है, उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। घायलों में फातिमा पत्नी नाजिम, सितारा पत्नी नासिर हैं। 3 घायलों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। सभी घायलों को एंबुलेंस से रामनगर PHC पर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रात तक रहमान के घर का 60% मलबा हटा
रात में 9 बजे तक रेस्क्यू टीमों ने रहमान के घर का 60% मलबा हटा लिया। लोगों के मुताबिक 3 बच्चे अभी भी लापता हैं। एसपी उत्तरी मुकेश चंद ने बताया कि 8 और 5 साल के दो बच्चों को तलाश रहे हैं। इसके अलावा 12 साल का सैफ भी लापता है। उनके परिवार के लोग इस घटना के बाद भागे हुए हैं। ये भी आशंका है कि सैफ उनके साथ न चला गया हो। इसलिए पूरा मलबा हटवाया जा रहा है। SDRF मलबा हटा रही
अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन रमित शर्मा और आईजी रेंज बरेली डॉ. राकेश सिंह घटना स्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने पड़ताल की। SDRF की टीम मलवा हटाने में लगी है। बरेली रेंज के आईजी डॉ. राकेश सिंह ने कहा – जिस घर में विस्फोट हुआ है, उसमें पटाखे बनाए जा रहे थे। सिलेंडर फटने से तो विस्फोट नहीं हुआ, यह भी जांच की जा रही है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 21 सितंबर को भी धमाकों से दहला था सिरौली कस्बा
बताया जा रहा है कि 21 सितंबर को घर में रखी आतिशबाजी के अचानक फटने से सिरौली कस्बा धमाकों से दहल गया था। कस्बे के मोहल्ला कोऑटोला निवासी नासिर शाह का आतिशबाजी बेचने का लाइसेंस है। उनके मकान की तीसरी मंजिल पर आतिशबाजी रखी था। परिवार के सभी सदस्य नीचे के कमरों में थे। तीसरी मंजिल पर आतिशबाजी में तेज धमाके हुए थे। पुलिस के पहुंचने से पहले ही उस जगह को साफ कर दिया गया था। मौके पर पहुंची पुलिस को मौके पर कोई नुकसान नहीं मिला। नासिर ने पुलिस को बताया था कि पुराने पटाखों को धूप में सुखाया जा रहा था, तभी वो फट गए। आज रहमान शाह के घर धमाका हुआ। रहमान शाह, नाजिम का रिश्तेदार बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। लाइसेंस निरस्त हो चुका था, 5 थाने की फोर्स मौके पर
एसपी देहात उत्तरी मुकेश चंद्रा ने 5 थानों की फोर्स को मौके पर भेजा। अभी तक की पुलिस की जांच में सामने आया कि जहां पटाखा बनाया जा रहा था, उसका लाइसेंस निरस्त हो चुका है। पटाखों में विस्फोट हुआ है या अन्य कोई कारण है, इसकी जांच की जा रही है। इस खबर में पोल है, आगे बढ़ने से पहले हिस्सा लें मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली में पटाखा फैक्ट्री में हुए हादसे का संज्ञान लिया। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने और उचित इलाज कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। यह भी पढ़िए… लखनऊ में युवती से बैड टच करने वाला गिरफ्तार: लुलु मॉल में काम करता है फुरकान; चलती बाइक से कमर पर मारा था हाथ लखनऊ के शहीद पथ पर स्कूटी से जा रही युवती से बैड टच करने के आरोपी को पुलिस ने सीतापुर से गिरफ्तार कर लिया। उसका नाम फुरकान है और वह लुलु मॉल में कारपेंटर का काम करता है। अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी केशव कुमार ने बताया, पुलिस नंबर से गाड़ी मालिक अमरीश वर्मा तक पहुंची। अमरीश ने पुलिस को बताया कि घटना के दिन वह शहर में नहीं था। बाइक का एक्सीडेंट हो गया था। उसे मैकेनिक के पास बनने के लिए दिया था। पढ़िए पूरी खबर…