महाराष्ट्र के ठाणे में हिट एंड रन केस:मर्सिडीज की टक्कर से 21 साल के लड़के की मौत, आरोपी कार ड्राइवर फरार

महाराष्ट्र के ठाणे में मर्सिडीज कार ने 21 साल के लड़के को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान दर्शन हेगड़े के तौर पर हुई है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि घटना 20 अक्टूबर की रात में हुई। हादसा तब हुआ जब दर्शन हेगड़े खाना खरीदने के बाद घर लौट रहा था। नासिक हाईवे की ओर जा रही मर्सिडीज ने उसे टक्कर मारी और ड्राइवर मौके से फरार हो गया। बाद में पुलिस ने कार को जब्त कर लिया, लेकिन आरोपी ड्राइवर अब तक फरार है। उसकी पहचान अभिजीत नायर के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने केस दर्ज किया
पुलिस ने बताया कि नउपाड़ा पुलिस स्टेशन में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106 (2), 281 और 125 (B) और मोटर व्हीकल एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। यह दुर्घटना महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के ठाणे स्थित आवास के पास हुई। पुलिस इलाके के CCTV फुटेज चेक कर रही है। हालांकि, घटना के समय इलाके में कई सीसीटीवी कैमरे कथित तौर पर काम नहीं कर रहे थे। महाराष्ट्र में इस साल यह चौथा हिट एंड रन केस
इस साल मई में पुणे में एक 17 साल के लड़के ने अपनी पोर्श कार से बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी थी। हादसे में दोनों की मौत हो गई थी। आरोपी नाबालिग शहर के एक बड़े बिल्डर का बेटा था। दूसरे केस में 24 साल के मिहिर शाह ने अपनी BMW से मुंबई में एक महिला को टक्कर मार दी थी। हादसे में महिला की मौत हो गई थी। मिहिर शाह शिवसेना नेता का बेटा है। वहीं, पुणे में ही ऑडी कार ने फूड डिलीवरी बॉय को टक्कर मार दी थी, जिसमें उसकी मौत हो गई थी। तीनों केस के बारे में नीचे पढ़ें… 18 मई: पुणे पोर्श केस पुणे के कल्याणी नगर इलाके में 18 मई की रात 17 साल 8 महीने के एक लड़के ने IT सेक्टर में काम करने वाले बाइक सवार युवक-युवती को टक्कर मारी थी, जिससे दोनों की मौत हो गई थी। घटना के समय आरोपी नशे में था। वह 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से कार चला रहा था। आरोपी के नाबालिग होने के चलते मामला पहले जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पहुंचा। बोर्ड ने उसे निबंध लिखने की शर्त समेत कई अन्य शर्तों पर जमानत दे दी थी। मामला सोशल मीडिया पर सामने आने और लोगों के विरोध प्रदर्शन के बाद आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लिया और मामले की जांच शुरू की गई। सितंबर में पुलिस ने जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड (JJB) के सामने सप्लीमेंट्री फाइनल रिपोर्ट सब्मिट की। पुलिस ने 17 साल के आरोपी के खिलाफ IPC की धारा 201 (सबूत मिटाने), 213 (अपराधी को छिपाने के लिए उपहार लेना), 214 (अपराधी को छिपाने के लिए उपहार या संपत्ति वापस देने की पेशकश), 466, 467, 468, 471 (जालसाजी से जुड़े अपराध) के तहत आरोप जोड़े हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें… 7 जुलाई: मुबई BMW केस मुंबई में 7 जुलाई को शिवसेना नेता राजेश के बेटे मिहिर शाह ने कथित तौर पर नशे में BMW कार से बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी थी। इसमें महिला की मौत हो गई थी। महिला अपने पति के साथ पीछे बैठी थी। घटना के बाद से मिहिर फरार चल रहा है। आज मिहिर के पब से निकलने का वीडियो भी सामने आया। CCTV में मिहिर अपने दोस्तों के साथ मुंबई के एक पब से निकलते हुआ नजर आ रहा है। पब से निकलते समय उन लोगों को मर्सिडीज में जाते देखा गया। पुलिस का कहना है कि बाद में मिहिर ने कार बदली थी। घटना के दौरान वो BMW चला रहा था, जबकि उसका ड्राइवर राजेंद्र पैसेंजर सीट पर बैठा था। पूरी खबर यहां पढ़ें… 10 अक्टूबर: पुणे ऑडी केस पुणे के मुंढवा इलाके में 10 अक्टूबर को ताड़ीगुट्टा के पास एक ऑडी कार ने फूड डिलीवरी बॉय को टक्कर मार दी। फिर कार से कुचलकर भाग गया। घायल बाइक सवार को अस्पताल में एडमिट कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान रऊफ अकबर शेख के रूप में हुई। पुलिस ने बताया, कार सवार ने इससे पहले एक स्कूटी को भी टक्कर मारी, जिसमें 3 घायल हो गए। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। उसकी पहचान 34 साल के आयुष तायल के रूप में हुई। वह एक प्राइवेट कंपनी में बड़ा अधिकारी है। पुलिस ने उसे घर से गिरफ्तार कर लिया। पूरी खबर यहां पढ़ें… ——————————————- रोड एक्सीडेंट से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… बेटा नई कार लेने गया था, उसे पीट-पीटकर मार दिया:मां बोलीं- बचाने के लिए उसके ऊपर लेट गई, लेकिन भीड़ नहीं रुकी मुंबई का एक वीडियो शायद आपने देखा हो। एक युवक सड़क पर पड़ा है। 10 से 15 लोग उसे बुरी तरह पीट रहे हैं। एक महिला युवक को बचाने के लिए उसके ऊपर लेटी है। भीड़ फिर भी नहीं रुकती। ये युवक 27 साल का आकाश मीन था। आकाश को बचा रही महिला उनकी मां दीपाली थीं। ये घटना 12 अक्टूबर की है। आकाश की फैमिली उन्हें हॉस्पिटल ले गई, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। पूरी खबर यहां पढ़ें… महाराष्ट्र के ठाणे में रोड रेज का VIDEO: शख्स ने सफारी से फॉर्च्यूनर को टक्कर मारी, ड्राइवर को घसीटा; यू-टर्न लेकर दोबारा टकराया, 5 घायल महाराष्ट्र के ठाणे में सड़क पर दो वाहन चालकों के बीच लड़ाई हो गई थी। बहस के बाद एक गाड़ी सवार (सफारी) किनारे खड़ी फॉर्च्यूनर का दरवाजा तोड़ते हुए आगे निकल गया। इस दौरान गाड़ी के नीचे एक शख्स दबा रहा। सफारी सवार उस शख्स को करीब 100 फीट तक घसीटते ले गया। उसने वापस गाड़ी घुमाई और दोबारा फॉर्च्यूनर को टक्कर मारी। इस बार टक्कर मारते हुए गाड़ी को कई मीटर पीछे धकेल दिया। पढ़ें पूरी खबर…