दीपावली से पहले आने वाले पुष्य नक्षत्र काफी खास माना जाता है। खरीदारी और पूजा-पाठ के नजरिए से जब पुष्य नक्षत्र गुरुवार को रहता है तो इसका महत्व और अधिक बढ़ जाता है। जानिए आज कौन-कौन से शुभ काम किए जा सकते हैं… उज्जैन के ज्योतिषाचार्य पं. मनीष शर्मा के मुताबिक गुरु पुष्य नक्षत्र पर शंख खरीदने और उसकी पूजा करने की परंपरा है। इस दिन खासतौर पर दक्षिणावर्ती शंख की पूजा करनी चाहिए। शंख तीन प्रकार के होते हैं। वामवर्ती, दक्षिणावर्ती और मध्यावर्ती। वामवर्ती शंख का मुख हमारे बाएं हाथ की ओर होता है। दक्षिणावर्ती शंख का मुख हमारे दाएं हाथ की ओर होता है। मध्यावर्ती शंख का मुख बीच में होता है। इन तीनों शंखों में दक्षिणावर्ती शंख बहुत खास है, इसे लक्ष्मी पूजा में भी रखना चाहिए। दक्षिणावर्ती शंख से महालक्ष्मी और विष्णु जी का अभिषेक करना चाहिए।