मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ:लद्दाख में पीछे हटने लगीं भारत-चीन की सेनाएं; टाटा की वसीयत में पेटडॉग का नाम; ज्ञानवापी के पूरे परिसर का सर्वे नहीं होगा

नमस्कार, कल की बड़ी खबर भारत-चीन की सीमा से जुड़ी रही। पूर्वी लद्दाख में दोनों देशों की सेनाएं पीछे हटने लगी हैं। दूसरी बड़ी खबर रतन टाटा की वसीयत से जुड़ी रही। इसमें उनके सहयोगी शांतनु नायडू और पेटडॉग टीटो (Tito) की भी हिस्सेदारी है। लेकिन कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट्स, जिन पर रहेगी नजर… अब कल की बड़ी खबरें… 1. लद्दाख में LAC पर भारत-चीन की सेनाएं पीछे हटना शुरू, 5 टेंट हटाए, कई स्ट्रक्चर तोड़े भारत और चीन की सेनाएं पूर्वी लद्दाख सीमा से पीछे हटना शुरू हो गई हैं। डेमचोक और देपसांग पॉइंट में दोनों सेनाओं ने अपने अस्थायी टेंट और शेड हटा लिए हैं। 28 और 29 अक्टूबर तक सेनाएं पूरी तरह से हट जाएंगी। पेट्रोलिंग के लिए सैनिकों की सीमित संख्या तय की गई है। ये संख्या कितनी है, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है। दोनों सेनाएं 2020 से पहली की स्थिति में वापस लौटेंगी। साथ ही उन्हीं क्षेत्रों में गश्त करेंगी, जहां अप्रैल, 2020 से पहले किया करती थीं। इसके अलावा कमांडर लेवल मीटिंग होती रहेगी। भारत-चीन के बीच पेट्रोलिंग समझौता हुआ: 2020 में भारत-चीन के सैनिकों के बीच गलवान झड़प के बाद से देपसांग और डेमचोक में तनाव बना हुआ था। करीब 4 साल बाद 21 अक्टूबर को दोनों देशों के बीच नया पेट्रोलिंग समझौता हुआ। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बताया था कि इसका मकसद लद्दाख में गलवान जैसी झड़प रोकना और पहले जैसे हालात बनाना है। पूरी खबर यहां पढ़ें… 2. रतन टाटा की ₹10 हजार करोड़ की वसीयत, शांतनु, रसोईए को हिस्सा; पेटडॉग ‘टीटो’ को अनलिमिटेड केयर रतन टाटा के निधन के 15 दिन बाद उनकी 10 हजार करोड़ रुपए की वसीयत सामने आई है। उन्होंने अपने सहयोगी शांतनु नायडू, भाई जिम्मी टाटा, सौतेली बहन शिरीन और डिएना, हाउस स्टाफ का जिक्र किया है। यहां तक कि उनकी वसीयत में पेटडॉग टीटो की भी हिस्सेदारी है। उसके देखभाल की जिम्मेदारी कुक राजन शॉ को दी गई है। टाटा ने शांतनु नायडू की कंपनी ‘गुडफेलोज’ में हिस्सेदारी छोड़ दी है। साथ ही उनकी शिक्षा पढ़ाई का खर्चा भी उठाया है। अलीबाग में 2,000sqft का बंगला और 350 करोड़ की FD: रतन की वसीयत में अलीबाग स्थित 2,000 स्क्वायर फीट का बंगला, मुंबई के जुहू तारा रोड पर 2 मंजिला मकान, 350 करोड़ रुपए से ज्यादा का फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) और 165 बिलियन डॉलर (करीब 13.94 लाख करोड़ रुपए) की टाटा ग्रुप में 0.83% हिस्सेदारी शामिल है। पूरी खबर यहां पढ़ें… 3. आतिशी बोलीं- भाजपा ने केजरीवाल पर हमला कराया, उनकी जान भी जा सकती थी आम आदमी पार्टी (AAP) ने भाजपा पर दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमले की कोशिश करने का आरोप लगाया है। CM आतिशी ने दावा किया कि भाजपा के लोगों ने केजरीवाल पर जानलेवा हमला किया। उन्होंने कहा कि पदयात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने केजरीवाल के खिलाफ नारे लगाए और उन पर हमला किया। इसमें केजरीवाल के साथ कुछ भी हो सकता था। अगर उनके पास हथियार होते तो पूर्व CM की जान भी जा सकती थी। सिसोदिया ने जताई चिंता: AAP नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि केजरीवाल पर हमला बेहद चिंताजनक है। यह साफ है कि भाजपा ने अपने गुंडों से यह हमला कराया है। अगर अरविंद केजरीवाल को कुछ होता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा पर होगी। हम डरने वाले नहीं हैं। आम आदमी पार्टी अपने मिशन पर डटी रहेगी। पूरी खबर यहां पढ़ें… 4. वाराणसी में ज्ञानवापी के पूरे परिसर का सर्वे नहीं होगा, हिंदू पक्ष की याचिका खारिज; वकील बोले- हाईकोर्ट जाएंगे वाराणसी में ज्ञानवापी के पूरे परिसर का सर्वे नहीं होगा। फास्ट ट्रैक कोर्ट ने हिंदू पक्ष की याचिका खारिज कर दी। हिंदू पक्ष ने दावा किया था कि मुख्य गुंबद के नीचे 100 फीट का शिवलिंग मौजूद है। ऐसे में पूरे परिसर की खुदाई कराकर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) से सर्वे कराया जाए। हिंदू पक्ष के वकील जय शंकर रस्तोगी ने बताया कि हम इस मामले को लेकर अब हाईकोर्ट जाएंगे। एक वकील मदन मोहन ने बताया कि वजू खाना और ASI सर्वे कराने की मांग पहले से ही हाईकोर्ट में लंबित है। उसके विरोधाभास में जिला कोर्ट कोई आदेश नहीं दे सकती थी। शायद इसी वजह से याचिका खारिज कर दी गई है। 33 साल पुराना केस: फास्ट ट्रैक कोर्ट ने 1991 में दायर याचिका पर फैसला सुनाया। इसे 33 साल पहले स्वयंभू विश्वेश्वर ज्योतिर्लिंग की ओर से पं. सोमनाथ व्यास, डॉ. रामरंग शर्मा और पं. हरिहरनाथ पांडेय ने पूरे परिसर की ASI सर्वे की मांग उठाई थी। हालांकि, तीनों की मौत हो चुकी है। अब वादी वादमित्र विजय शंकर रस्तोगी हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें… 5. वकालत से पहले CJI चंद्रचूड़ ऑल इंडिया रेडियो अनाउंसर थे, इंटरव्यू में बोले- आकाशवाणी के लिए ऑडिशन दिया चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ हिंदी और अंग्रेजी भाषा में बतौर रेडियो अनाउंसर काम कर चुके है। ऑल इंडिया रेडियो को हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि वे 1975 में मुंबई से दिल्ली चले गए थे। तब उन्होंने आकाशवाणी के लिए ऑडिशन दिया था। इसके बाद उन्होंने हिंदी-अंग्रेजी में कई रेडियो शो किए। मां के साथ अक्सर स्टूडियो जाते थे: CJI ने अपने बचपन को याद करते हुए बताया कि उनकी मां क्लासिकल सिंगर थीं, जो अक्सर ऑल इंडिया रेडियो पर शो करती थीं। इस दौरान CJI भी उनके साथ मुंबई स्टूडियो जाया करते थे। उन्होंने बताया कि वे अपने माता- पिता के साथ हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत भाषा के न्यूज बुलेटिन सुनते हुए बड़े हुए हैं। चंद्रचूड़ 10 नवंबर, 2024 को रिटायर होंगे: CJI चंद्रचूड़ 10 नवंबर, 2024 को रिटायर हो जाएंगे। उन्हें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश का 50वां चीफ जस्टिस (CJI) नियुक्त किया था। उन्होंने 9 नवंबर, 2022 को चीफ जस्टिस पद की शपथ ली थी। जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ का पूरा नाम जस्टिस धनंजय यशवंत चंद्रचूड़ है। उनके पिता जस्टिस वाईवी चंद्रचूड़ देश के 16वें CJI थे। पूरी खबर यहां पढ़ें… 6. कनाडा की मोस्ट वांटेड लिस्ट से गोल्डी बराड़ बाहर, उस पर मूसेवाला की हत्या का आरोप कनाडा ने गोल्डी बराड़ का नाम अपनी ‘मोस्ट वांटेड’ सूची से हटा दिया है। यह दावा कनाडा में भारत के उच्चायुक्त रहे संजय कुमार वर्मा ने किया है। उन्होंने कहा कि कनाडा ऐसे अपराधियों को पनाह दे रहा है जो भारत की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकते हैं। कनाडा में बराड़ का नाम हटाने का फैसला दोनों देशों के बीच चल रहे कूटनीतिक मुद्दों का हिस्सा है। कनाडा का यह रवैया चरमपंथ के खिलाफ कार्रवाई में सहयोग की कमी को दर्शाता है। भारत, इंटरपोल रेड नोटिस भी जारी कर चुका: गोल्डी बराड़ का आपराधिक इतिहास और भारत में उसके खिलाफ कार्रवाईयों की लंबी सूची है। गोल्डी बराड़ को गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का मुख्य आरोपी माना गया है। मई, 2022 में जब मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। तब गोल्डी ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली थी। भारत उसके खिलाफ इंटरपोल रेड नोटिस भी जारी कर चुका है। यह नोटिस ऐसे अपराधियों के बारे में दुनियाभर की पुलिस को सचेत करता है। पूरी खबर यहां पढ़ें… 7. फारूक बोले- गुलमर्ग आतंकी हमले के लिए पाकिस्तान जिम्मेदार, हिंसा बंद करके भारत के साथ दोस्ती का रास्ता तलाशे जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग आतंकी हमले के लिए नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) चीफ फारूक अब्दुल्ला ने पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, ‘पाकिस्तान को हिंसा बंद करके भारत के साथ दोस्ती का रास्ता तलाशना चाहिए।’ गुरुवार देर रात तीन से ज्यादा आतंकियों ने 18, राष्ट्रीय राइफल्स के वाहन पर हमला किया था। इसमें दो पोर्टर और तीन जवान शहीद हो गए थे। फारूक अब्दुल्ला की दो बड़ी बातें… पूरी खबर यहां पढ़ें… 8. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम घोषित, अभिमन्यु, हर्षित और नितिश को मौका ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बॉर्डर-गावस्कर सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। भारतीय टीम को अगले महीने ऑस्ट्रेलिया का दौरा करना है, जहां टीम पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी। भारत ने बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज के लिए 18 मेंबर्स स्क्वॉड में अभिमन्यु ईश्वरन, हर्षित राणा और नितिश कुमार रेड्डी को चुना है। सीरीज का पहला मैच 22 नवंबर से पर्थ में खेला जाएगा। पूरी खबर यहां पढ़ें… आज का कार्टून By मंसूर नकवी… कुछ अहम खबरें हेडलाइन में… अब खबर हटके… फिल्म टाइटैनिक में पहनी गई रोलेक्स घड़ियों की होगी नीलामी टाइटैनिक फिल्म में पहनी गई दो रोलेक्स घड़ियों की 6 दिसंबर को नीलामी होगी। न्यूयॉर्क में सोथबी नीलामीघर की तरफ से यह नीलामी करवाई जा रही है। नीलामी का नाम ‘जरूरी घड़ियां’ रखा गया है। इनकी कीमत 16 से 33 लाख रुपए तक है। ये दोनों नायाब रोलेक्स घड़ियां अल्फ्रेड अल गिडिंग्स की हैं, जो कई बार टाइटैनिक के मलबे की खोज करने जा चुके हैं। भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं… इन करेंट अफेयर्स के बारे में विस्तार से पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें… आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप… मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…