महाराष्ट्र चुनाव में बड़ी जीत दर्ज करने के बाद भाजपा मुख्यालय पहुंचे पीएम मोदी ने कहा- महाराष्ट्र देश का 6वां राज्य है जिसने भाजपा को लगातार तीन बार जनादेश दिया है। गोवा, गुजरात, छत्तीसगढ़, हरियाणा और एमपी में हम लगातार तीन बार जीत चुके हैं। बिहार में भी NDA को तीन बार लगातार जनादेश मिला है। मोदी बोले- महाराष्ट्र ने कुर्सी फर्स्ट वालों को नकारते हुए डंके की चोट पर कहा- एक हैं तो सेफ हैं। अपने 49 मिनट के भाषण की शुरुआत पीएम मोदी ने जय भवानी, जय शिवाजी के नारे के साथ की और समापन भारत माता की जय और वंदेमातरम से किया। मोदी ने अपने भाषण में महाराष्ट्र, कांग्रेस, अर्थव्यवस्था और विकास समेत कई मुद्दों पर बात की। इससे पहले भाजपा मुख्यालय पहुंचने पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उनका स्वागत किया। जेपी नड्डा ने कहा- आज का दिन ऐतिहासिक है। इसका श्रेय मोदी को जाता है। जनता ने पीएम मोदी की राष्ट्र सेवा पर मुहर लगाई है। महाराष्ट्र की जनता ने 2019 में भी भाजपा को जनादेश दिया था, लेकिन तब उद्धव ठाकरे की सत्ता की लालच ने जनता के आदेश का अपमान किया था। महाराष्ट्र में भाजपा गठबंधन एकतरफा जीत मिली है। वहीं, कांग्रेस गठबंधन 60 से कम सीटों पर सिमट रहा है। हालांकि, झारखंड झामुमो गठबंधन बढ़त बनाए हुए है। भाजपा गठबंधन पीछे है। पीएम मोदी का भाषण पढ़ने के लिए ब्लॉग से गुजर जाएं…