फेंगल तूफान-4 राज्यों में असर, पुडुचेरी में बाढ़ जैसे हालात:आज भी बारिश होगी; दिल्ली में AQI 350 पार; मध्यप्रदेश में पचमढ़ी सबसे ठंडा, तापमान 5.2°

फेंगल तूफान से आज भी पुडुचेरी में भारी बारिश होगी। IMD के मुताबिक 30 नवंबर को लैंडफॉल के बाद फेंगल यहीं रुका हुआ है, लेकिन अगले तीन घंटों में धीरे-धीरे कमजोर हो जाएगा। इसके चलते रविवार को भी यहां भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। फेंगल के असर से पुडुचेरी में अब तक 46cm से ज्यादा बारिश हुई है। फेंगल तूफान शनिवार शाम करीब 5.30 बजे पुडुचेरी के पास पहुंचा था। लैंडफॉल प्रोसेस रात 11.30 बजे तक चला। इसका असर केरल, कर्नाटक, आंध्रप्रदेश में भी नजर आ रहा है। इधर, राजधानी दिल्ली में AQI 375 रिकॉर्ड हुआ। यह अब भी बहुत खराब कैटेगरी में है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर 2 दिसंबर तक GRAP-4 के प्रतिबंध जारी रहेगा। बात अगर ठंड की करें तो पाकिस्तान से एक डिस्टर्बेंस जम्मू-कश्मीर पहुंच रहा है। जिससे अगले 2 दिन में कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। मध्य प्रदेश में पचमढ़ी में लगातार पारा गिरता जा रहा है। रविवार को यहां तापमान 5.2° रिकॉर्ड किया। इसके अलावा हिमाचल के शिमला में 8.2°, धर्मशाला में 8.4°, मंडी में 5.6°, देहरादून में 9.6° दर्ज किया गया। मौसम, प्रदूषण और बारिश की तस्वीरें… चेन्नई में देर रात शुरू हो सकीं फ्लाइट्स चेन्नई एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन रात 1 बजे फिर से शुरू हुई। मौसम में सुधार होने के बाद एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया समेत सभी एयर एजेंसियों ने फ्लाइट्स को सुबह 4 बजे से 1 बजे तक फिर से शुरू करने का फैसला किया। चेन्नई एयरपोर्ट से आधी रात के बाद उड़ानें शुरू हुईं, लेकिन कई फ्लाइट्स कैंसिल की गईं। जबकि कुछ देरी से पहुंचीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक तूफान के चलते 24 डोमेस्टिक फ्लाइट्स रद्द कर दी गईं। 26 इंटरनेशन उड़ानें, आने और जाने वाली दोनों में देर हुई। राज्यों से मौसम की खबरें… राजस्थान: दिन-रात में सर्दी बढ़ी, जैसलमेर-बाड़मेर में तापमान 30° से नीचे आया तापमान में गिरावट होने के साथ रात में सर्दी बढ़ गई है। कोटा, डूंगरपुर, जैसलमेर, जालोर में कल रात का मिनिमम तापमान 2 डिग्री तक गिर गया। आज और कल राजस्थान के उत्तरी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्का कोहरा छाने की संभावना है। जैसलमेर-बाड़मेर समेत पश्चिमी राजस्थान के जिलों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। पढ़ें पूरी खबर… उत्तर प्रदेश: लगातार तीसरे दिन मेरठ सबसे ठंडा, रात का तापमान 8.9°C पहुंचा यूपी में लगातार तीसरे दिन शुक्रवार रात को मेरठ सबसे ठंडा शहर रहा। यहां रात का तापमान 8.9°C रिकॉर्ड किया गया। दूसरे नंबर पर बरेली सबसे ठंडा रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 9.7°C रिकॉर्ड किया गया। झांसी तीसरा सबसे ठंडा शहर रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 9.8°C रिकॉर्ड किया गया। पहाड़ों पर बर्फबारी होने के चलते मैदानी इलाकों में लगातार ठंड बढ़ रही है। पढ़ें पूरी खबर… छत्तीसगढ़: फेंगल का असर से रायपुर-बस्तर संभाग में बारिश, कई जिलों में कोहरा, ठंड भी बढ़ी कई जिलों में फेंगल तूफान का असर है। रायपुर-बस्तर संभाग के कई इलाकों में बारिश हुई। इससे बादल और कोहरा छाया है। वहीं राज्य में ठंड का असर भी बढ़ रहा है। तूफान के कारण अगले 3-4 दिन तक प्रदेश में नमी का असर रहेगा। अगले 2-3 दिन तक प्रदेश में मौसम ठंडा और गर्म बना रहेगा। रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी, जबकि बादलों के कारण दिन का तापमान थोड़ा कम रहेगा। पढ़ें पूरी खबर…