राहुल बोले– यूपी में संविधान नहीं मनु स्मृति लागू:अडाणी, अग्निवीर, पेपर लीक द्रोणाचार्य की तरह युवाओं का अंगूठा काट रहे

लोकसभा में संविधान पर चर्चा का शनिवार को दूसरा दिन है। लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने संविधान और मनुस्मृति की कॉपी लहराई। राहुल ने कहा- देश मनुस्मृति से नहीं चलेगा। हजार साल पहले जिस तरह एकलव्य का अंगूठा काटा गया। उसी तरह आज देश में केंद्र सरकार युवाओं और गरीबों का अंगूठा काट रही है। शनिवार को चर्चा की शुरुआत किरेन रिजिजू ने की। रिजिजू ने कहा- कांग्रेस के शासनकाल में एक रक्षा मंत्री ने बयान दिया था कि यूपीए सरकार बॉर्डर पर सड़क इसलिए नहीं बनाती ताकि चीन उसी रास्ते हमारे देश के अंदर न आ जाए। उनका ये बयान रिकॉर्ड में भी है। उधर DMK सांसद ए राजा की स्पीच पर विवाद हो गया। भाजपा ने आरोप लगाया कि ए राजा ने हमारी सरकार को गुंडा कहा है। ये असंसदीय शब्द है। इसके बाद सत्ता पक्ष के सासंदों ने खड़े होकर आपत्ति जताई। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि, ए राजा को माफी मांगनी चाहिए। इसके बाद विवादित शब्द को संसद के रिकॉर्ड से हटा दिया गया। संविधान चर्चा पर आज दोपहर राहुल गांधी और पीएम नरेंद्र मोदी शाम को अपनी बात रखेंगे। 13 दिसंबर को पहले दिन चर्चा की शुरुआत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने की। उन्होंने 1 घंटे 10 मिनट तक अपनी बात रखी। उनके बाद विपक्ष की ओर से प्रियंका गांधी ने 31 मिनट में उनके हर एक बयान का जवाब दिया। प्रियंका की यह लोकसभा में बतौर सांसद पहली स्पीच थी।