गुकेश फीडे रैंकिंग में चौथे नंबर पर आए:अर्जुन एरिगैसी की जगह ली, अब भारत के हाईएस्ट रैंक प्लेयर

भारत के डी गुकेश गुरुवार को फीडे (इंटरनेशनल चेस फेडरेशन) की ताजा रैंकिंग में चौथे स्थान पर आ गए हैं। वे अब भारत के हाईएस्ट रैंक खिलाड़ी बन गए हैं। गुकेश ने अर्जुन एरिगैसी की जगह ली है। 18 साल के गुकेश ने नीदरलैंड में चल रहे टाटा स्टील चेस टूर्नामेंट में जर्मनी के विंसेंट कीमर को हराकर यह अचीवमेंट हासिल की। टूर्नामेंट में यह उनकी दूसरी जीत थी। गुकेश के अब 2784 रेटिंग अंक हो गए हैं, जबकि पिछले कुछ समय से भारत के नंबर एक खिलाड़ी रहे एरिगैसी 2779.5 रेटिंग अंकों के साथ 5वें स्थान पर खिसक गए हैं। नॉर्वे के मैग्नस कार्लसन FIDE वर्ल्ड चेस रैंकिंग में 2832.5 अंकों के साथ टॉप पर बरकरार हैं। दूसरे नंबर पर अमेरिका के ग्रैंडमास्टर हिकारू नाकामुरा (2802) और उनके हमवतन फैबियानो कारूआना (2798) तीसरे पर है। अब चौथे नंबर पर गुकेश और पांचवें पर अर्जुन इरिगैसी है। गुकेश दिसंबर में वर्ल्ड चेस चैंपियन बने थे
18 साल के गुकेश ने पिछले साल दिसंबर में वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप का खिताब जीता था। उन्होंने चीन के डिफेंडिंग चैंपियन डिंग लिरेन को 7.5-6.5 से फाइनल में हराया। इतनी कम उम्र में खिताब जीतने वाले गुकेश दुनिया के पहले प्लेयर हैं। इससे पहले 1985 में रूस के गैरी कैस्परोव ने 22 साल की उम्र में यह खिताब जीता था। गुकेश ने चेस ओलिंपियाड भी जिताया था
10 से 23 सितंबर तक इसी साल बुडापेस्ट में चेस ओलिंपियाड का आयोजन हुआ था। भारत ओपन और विमेंस दोनों कैटेगरी में चैंपियन बना था। ओपन कैटेगरी में गुकेश ने ही फाइनल गेम जीतकर भारत को जीत दिलाई थी। कौन हैं डी गुकेश?
​​​​​गुकेश डी का पूरा नाम डोम्माराजू गुकेश है। वह चेन्नई के रहने वाले हैं। गुकेश का जन्म चेन्नई में 7 मई 2006 को हुआ था। उन्होंने 7 साल की उम्र में ही शतरंज खेलना शुरू कर दिया था। उन्हें शुरू में भास्कर नागैया ने कोचिंग दी थी। नागैया इंटरनेशनल चेस खिलाड़ी रहे हैं और चेन्नई में चेस के होम ट्यूटर हैं। इसके बाद विश्वनाथन आनंद ने गुकेश को खेल की जानकारी देने के साथ कोचिंग दी। गुकेश के पिता डॉक्टर हैं और मां पेशे से माइक्रोबायोलॉजिस्‍ट हैं। स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें… रणजी ट्रॉफी- रोहित, पंत, गिल और जायसवाल फेल:कोई भी दहाई का आंकड़ा नहीं छू सका रणजी ट्रॉफी 2024-25 के छठे राउंड की शुरुआत गुरुवार को हो गई। इस राउंड में 7 भारतीय सितारे अपने-अपने स्टेट्स टीम के लिए खेल रहे हैं। इनमें भारतीय कप्तान रोहित शर्मा, ऋषभ पंत, यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा और रवींद्र जडेजा जैसे बड़े नाम शामिल हैं। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा फॉर्म से जूझ रहे हैं। रोहित यहां भी कुछ खास नहीं कर सके। 19 गेंदों पर 3 रन बनाकर वह आउट हुए। उनके अलावा ऋषभ पंत, यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल भी फेल रहे। ये चारों बैटर दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके। पढ़ें पूरी खबर…