हममें से बहुत से लोगों की सुबह बिस्तर से उठने से पहले ही बीत जाती है। लोग अलार्म लगाकर सोते तो हैं, लेकिन समय पर उठ नहीं पाते हैं। ये आदत सफलता की राह में बाधक बन सकती है क्योंकि दिन के शुरुआती कुछ घंटे ही ये तय करते हैं कि हम पूरे दिन कितने प्रोडक्टिव और खुश रहेंगे। अब तो विज्ञान भी यह साबित कर चुका है कि अगर सुबह की शुरुआत अच्छी हो तो पूरा दिन अच्छा बीतता है। ऐसे में हमें अपनी इस आदत में बदलाव लाने की जरूरत है। इसके लिए अगर हम सुबह 10 बजे के पहले मात्र 10 काम कर लें तो निश्चित ही ज्यादा स्वस्थ और खुश रहेंगे। साथ ही सफलता की राह भी आसान हो जाएगी। आज रिलेशनशिप कॉलम में हम इन्हीं 10 कामों के बारे में बात करेंगे। सफलता के लिए सुबह 10 बजे से पहले करें ये 10 काम आज तक दुनिया में जितनी भी सफल शख्सियतें हुई हैं, उन सभी ने कोई बहुत अलग काम नहीं किए हैं। उन्होंने सिर्फ अपने भीतर कुछ सकारात्मक बदलाव किए और उसके साथ निरंतर बने रहे। ऐसे ही हम भी अपनी रोजाना की कुछ आदतों में बदलाव करके सफलता की ओर कदम बढ़ा सकते हैं। इसके लिए ज्यादा कुछ नहीं करना, बस हमें अपनी सुबह को पॉजिटिव बनाने की जरूरत है। इसे नीचे दिए ग्राफिक से समझिए- आइए, अब ऊपर दिए इन पॉइंट्स के बारे में विस्तार से बात करते हैं। सूर्योदय से पहले उठें आचार्य चाणक्य कहते हैं कि ‘सुबह जल्दी उठना सफलता की पहली सीढ़ी है।’ सुबह जल्दी उठने से दिन के काम समय पर पूरे होते हैं और आत्मविश्वास बढ़ता है। इससे आप दुनिया के जागने से पहले कुछ शांत समय का आनंद ले सकते हैं। इस समय का इस्तेमाल अपना गोल सेट करने और दिन की प्लानिंग के लिए कर सकते हैं। ध्यान रखें कि सुबह उठने के लिए नींद त्यागने की जरूरत नहीं है। इसके लिए आपको बस अपने सोने के टाइम को मैनेज करना है। समय पर सोएं और समय पर उठें, ताकि पर्याप्त नींद भी मिल सके। दुनिया के सबसे बड़े बिजनेसमैन में से एक इलॉन मस्क भी सुबह उठने को बेहतर मानते हैं। अपना बिस्तर खुद बनाएं और कमरे की सफाई करें सुबह उठने के बाद सबसे पहला काम अपना बिस्तर बनाएं। इसके अलावा अपने कमरे की सफाई खुद करें और घर की चीजों को व्यवस्थित रखें। साफ-सुथरे वातावरण में रहने से तनाव कम होता है। इसका हमारे मन और सेहत पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। गुनगुना पानी पिएं रात की नींद के बाद शरीर को हाइड्रेशन और न्यूट्रिशन की जरूरत होती है। इसलिए अपने मेटाबॉलिज्म को बेहतर करने और शरीर को फिर से हाइड्रेट करने के लिए दिन की शुरुआत एक गिलास हल्का गुनगुना पानी पीकर करें। इससे कई बीमारियों का खतरा कम होता है। स्मार्टफोन से दूरी बनाएं बहुत से लोग आंख खुलते ही हाथ में मोबाइल पकड़ लेते हैं और कुछ देर तक उसमें डूबे रहते हैं। ऐसा बिल्कुल नहीं करना चाहिए। दिन की शुरुआत शांतिपूर्ण तरीके से होनी चाहिए, न कि सोशल मीडिया की चकाचौंध के बीच। अगर बहुत जरूरी न हो तो 10 बजे तक अपना फोन चेक न करें। ये समय खुद को समर्पित करें। इससे आप उन चीजों पर ध्यान केंद्रित कर सकेंगे, जो वास्तव में आपके लिए मायने रखती हैं। अपनी दिनचर्या पूरी करें सुबह-सुबह खुद का ख्याल रखना बहुत जरूरी है। इसकी शुरुआत बुनियादी हाइजीन करें। जैसे फ्रेश होना, ब्रश करना, चेहरा धोना और नहाना। सुबह-सुबह थोड़ी सी सेल्फ केयर से आत्मविश्वास बढ़ता है। इससे आप आने वाले पूरे दिन के लिए मानसिक रूप से तैयार होते हैं। इस बारे में महात्मा गांधी ने कहा है कि स्वच्छ रहेंगे तो स्वस्थ रहेंगे। मेडिटेशन करें माइंडफुल मेडिटेशन दिमाग को शांत करने और ध्यान केंद्रित करने में मदद कर सकता है। इसके लिए किसी शांत जगह पर बैठकर अपनी सांसों पर ध्यान केंद्रित करें। यह अभ्यास समय के साथ किसी भी काम पर ध्यान केंद्रित करने की आपकी क्षमता को बढ़ा सकता है। लंबे समय में इसका फिजिकल और मेंटल हेल्थ पर सकारात्मक प्रभाव देखने काे मिलता है। एक्सरसाइज करें सुबह के समय फिजिकल एक्टिविटी एनर्जी लेवल को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसलिए रोजाना कम-से-कम 30 मिनट तक एक्सरसाइज करें। इससे आप न सिर्फ फिट रहेंगे, बल्कि दिन भर एनर्जेटिक और फ्रेश महसूस करेंगे। ब्रेकफास्ट में शुगर और कार्ब्स न खाएं सुबह की पहली डाइट में शुगर और कार्ब्स नहीं खाना चाहिए। इससे शरीर का ब्लड शुगर लेवल बढ़ सकता है, जो कि थकान, कमजोरी व वजन बढ़ने समेत कई समस्याओं का कारण है। डायबिटीज के मरीजों को इसका विशेष ख्याल रखना चाहिए। हेल्दी ब्रेकफास्ट लें एक्सरसाइज के बाद सुबह प्रोटीन और फाइबर से भरपूर पौष्टिक नाश्ता करें। इससे शरीर को एनर्जी मिलती है और पूरा दिन एक्टिव रहने में मदद मिलती है। सुबह हेल्दी ब्रेकफास्ट से मूड अच्छा रहता है और काम में मन लगता है। सुबह के नाश्ते में अंकुरित अनाज जैसे चना, मूंग और कोई मौसमी फल शामिल करें। दिन के जरूरी कामों की लिस्ट बनाएं हर सुबह कुछ मिनट निकालकर अपने दिन भर के कामों की एक लिस्ट बनाएं। इस लिस्ट में जरूरी कामों को प्रिऑरिटी दें। इससे प्रोडक्टिवटी बनाए रखने में मदद मिलती है और काम भी जल्दी व आसानी से हो जाता है।