शाहरुख खान के साथ बड़े पर्दे पर दिखेंगे क्रिकेटर धोनी:कोच बोले-टीम इंडिया के साथ जल्द जुड़ेंगे माही, गोलकीपर से विकेटकीपर बनने की कहानी भी बताई

‘भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कैप्टन महेंद्र सिंह धोनी दो पिक्चर बना रहे हैं। हो सकता है कि उनके साथ शाहरुख खान भी हो। इसके अलावा, महेंद्र सिंह धोनी टीम इंडिया में एक मेंटर के तौर पर बहुत जल्द जुड़ेंगे। ये 100% सच है।’ ये दावा टीम इंडिया के पूर्व कैप्टन महेंद्र सिंह धोनी के शुरुआती कोच चंचल भट्टाचार्य ने किया है। चंचल ने दैनिक भास्कर से छपरा में बातचीत की। उन्होंने न सिर्फ धोनी के शुरुआती दिनों की अनछुए किस्सों को शेयर किया, बल्कि माही के भविष्य प्लानिंग को लेकर भी एक्सक्लूसिव जानकारी दी। चंचल भट्टाचार्य ने कहा कि ‘माही अगर धोनी बना है, तो उसमें हमारा कोई योगदान नहीं है। ये उनकी मेहनत और लगन है। जब बारिश होती थी, तब प्रैक्टिस पूरी तरह से बंद हो जाती थी। तब आज की तरह का ग्राउंड भी नहीं होते थे। रांची में सबसे अच्छा ग्राउंड मेकॉन का था। झारखंड के धुर्वा वाला ग्राउंड भी नहीं बना था। तब धोनी दिल्ली चले जाते थे। उस दौरान दिल्ली में एक लोकल टूर्नामेंट होता था। तब दिल्ली का टेम्प्रेचर 42 डिग्री सेल्सियस होता था। उस टूर्नामेंट में इंडिया का हर प्लेयर पार्टिसिपेट करता था।’ धोनी के शुरुआती कोच चंचल भट्टाचार्य कहते हैं कि ‘आप देखेंगे, कोई आज स्टेट लेवल पर मैच खेलता है, तो सोचता है कि दो दिन आराम कर लेते हैं, लेकिन ये बात धोनी में नहीं थी। डिसिप्लिन ऐसा था कि अगर मैं उसे कह देता था कि तुम्हें वहां जाना है, तो वो पूछता भी नहीं था कि क्यों जाना है। जेब में पैसे हैं कि नहीं है, ये भी नहीं सोचता था। वो काम करके आता था और रिपोर्ट भी देता था। इसलिए धोनी आज इस मुकाम पर है।’ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में धोनी ने बिना विवाद के 15 साल दिए धोनी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 15 साल दिए, जो बिना किसी विवाद के रहा, ये उनकी डिसिप्लिन का ही उदाहरण है। कोई भी ऐसा खिलाड़ी नहीं होगा, जिसका किसी से बहस न हुआ हो, लेकिन धोनी के साथ कभी ऐसा नहीं हुआ। ऐसा नहीं है, कि मैं कोच हूं तो बोल रहा हूं। वो डाउन टू अर्थ लड़का है। धोनी के ऊपर बनी फिल्म के बारे में भी चंचल भट्टाचार्य ने कहा कि कुछ बातें ऐसी थी, जो नहीं दिखानी चाहिए थी। उस फिल्म में एक खिलाड़ी के बारे में था कि वो शराब पीने से मर गया, ये नहीं दिखाना चाहिए था। इससे जूनियर खिलाड़ियों में गलत मैसेज जाता है। हम लोगों को उस खिलाड़ी को श्रद्धांजलि देनी चाहिए थी। दूसरी बात ये कि फिल्म में धोनी के भाई को नहीं दिखाया गया था, ये गलत था। धोनी का पहला सिलेक्शन टीम इंडिया के A टीम में हुआ, वो भी 7 जुलाई को हुआ था। धोनी का जन्मदिन भी 7 जुलाई को ही आता है। अब उन्होंने अपने मकान का नाम भी 7 रखा है। प्रैक्टिस के समय बिना बुलाए धोनी पहुंच जाते हैं जब उनसे पूछा गया कि धोनी पर आरोप लगता रहा है कि उन्होंने बिहार और झारखंड के लिए कुछ नहीं किया, तो उन्होंने कहा कि आरोप लगाना काफी आसान है। आज झारखंड रणजी या फिर लड़कियों की टीम प्रैक्टिस करती है, तो धोनी बिना बुलाए उनके पास जाते हैं और समय बिताते हैं। इंडियन क्रिकेट टीम का अगला धोनी कौन, इस सवाल के जवाब में चंचल भट्टाचार्य ने कहा कि पंत। हालांकि, ये कहना थोड़ी जल्दबाजी होगी। लेकिन पंत ने जितना जल्दी रिकवर किया है, वो एक क्रिकेटर ही कर सकता है। टीम इंडिया के अगले कैप्टन के सवाल पर उन्होंने शुभमन गिल का नाम लिया। उन्होंने ये भी कहा कि मैं यशस्वी जायसवाल को नकार नहीं रहा हूं। टीम में अनुभवी खिलाड़ियों का मिश्रण होना चाहिए विराट और रोहित के फॉर्म को लेकर उन्होंने कहा कि हर दिन रविवार नहीं होता। आज खराब परफॉर्मेंस है, कल अच्छा होगा। टीम में अनुभवी खिलाड़ी का मिश्रण तो होना ही चाहिए। चंचल ने बताया कि पहली बार ‘1995 में धोनी से मुलाकात हुई थी। उस वक्त धोनी डीएवी श्यामली में पढ़ाई करते थे। एक कीपर थे, अजय ओझा। एक दिन अजय नहीं आए तो उनके स्कूल के कोच मिस्टर बनर्जी थे, उन्होंने मुझे ये बात बताई, मैंने कहा कि मेरा स्टूडेंट है, जो फुटबॉल गोलकीपर है, उससे विकेटकीपिंग करा लो। धोनी ने उस स्कूल के मैच में काफी अच्छी विकेटकीपिंग की और अब सब जानते हैं कि धोनी कैसे विकेटकीपर हैं।