दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (AAP) की हार के बाद पंजाब में राजनीतिक उथल-पुथल मच गई है। पंजाब कांग्रेस ने दावा किया कि 35 विधायक AAP छोड़ने को तैयार हैं। 30 विधायक उनके टच में भी हैं। इसे देखते हुए AAP संयोजक पूर्व CM दिल्ली में पंजाब के सभी 94 विधायकों से मीटिंग कर रहे हैं। मीटिंग दिल्ली में पंजाब CM के सरकारी निवास कपूरथला हाउस में हो रही है। इसके लिए कई विधायक पहुंच चुके हैं। CM भगवंत मान भी चंडीगढ़ से दिल्ली पहुंच गए हैं। मीटिंग में सिर्फ उन्हीं लोगों को एंट्री दी जा रही है, जिनके नाम गेट पर उपलब्ध लिस्ट में है। यहां पहुंचे विधायकों ने कहा कि उन्हें मीटिंग का एजेंडा पता नहीं है। मगर, इतना तय है कि न तो पंजाब में CM भगवंत मान को बदला जाएगा और न ही कोई विधायक टूटेगा। उधर, पंजाब कांग्रेस ने यह भी दावा किया कि केजरीवाल जल्द पंजाब के मुख्यमंत्री बन सकते हैं। इसका संकेत पंजाब AAP के प्रधान अमन अरोड़ा के किसी हिंदू के भी पंजाब का मुख्यमंत्री बनने के बयान से मिलता है। हालांकि पंजाब के आप नेताओं ने इसे संगठन की रूटीन मीटिंग करार दिया है। आप प्रवक्ता नील गर्ग ने कहा कि पार्टी की मर्जी है कि मीटिंग चंडीगढ़ में करें या फिर दिल्ली में रखें।