पीएम मोदी सोमवार शाम को कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी को रिसीव करने इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे। इस दौरान विदेश मंत्री एस जयशंकर में भी मौजूद थे। कतर के अमीर 17 फरवरी से दो दिन की भारत यात्रा पर हैं। कतर के अमीर के साथ हाई लेवल डेलीगेशन भी है। इसमें कई मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी और बिजनेस डेलीगेशन हैं। विदेश मंत्रालय के मुताबिक अमीर अल-थानी पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। साथ ही वे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे। 18 फरवरी को राष्ट्रपति भवन में शेख तमीम बिन हमद अल थानी का राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में औपचारिक स्वागत किया जाएगा। राष्ट्रपति मुर्मू उनके सम्मान में रात्रि भोज का आयोजन करेंगी। उनकी इस यात्रा का मकसद द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना है। साल 2024 के अंत में विदेश मंत्री एस जयशंकर कतर पहुंचे थे। यहां उन्होंने कतर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान अल थानी से मुलाकात की थी। यह एक साल में उनकी चौथी कतर यात्रा थी। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी आज की अन्य बड़ी खबरें… इजराइल का दावा- लेबनान में ड्रोन हमला कर हमास चीफ को मार गिराया इजराइल की सेना ने सोमवार को ड्रोन हमले में लेबनान के हमास चीफ को मार गिराने का दावा किया। इजरायली सेना ने कहा कि उसने लेबनान में हमास के प्रमुख मोहम्मद शाहीन को मार गिराया। हमास ने शाहीन की मौत की पुष्टि की, लेकिन उसे सैन्य कमांडर बताया। सेना ने शाहीन पर लेबनानी इलाके से इजराइली नागरिकों के खिलाफ ईरान के आदेश आतंकवादी हमलों की योजना बनाने का आरोप लगाया। बता दें कि इजराइल और हमास में पिछले महीने 19 जनवरी को सीजफायर हो गया था। जिसके बाद दोनों पक्षों में युद्ध रोककर एक दूसरे के बंधकों को रिहा करने पर सहमति जताई है। माली में अवैध उत्खनन के दौरान सोने की खदान ढही, 48 लोगों की मौत अफ्रीका महाद्वीप के देश माली में अवैध सोने की खदान ढहने से कम से कम 48 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में ज्यादातर महिलाएं हैं। लोकल अधिकारियों ने न्यूज एजेंसी AFP को बताया कि हादसे की वजह से कई लोग पानी में गिर गए। माली अफ्रीका के सबसे ज्यादा सोना खनन करने वाले देशों में शामिल हैं। यह अक्सर अवैध रूप से सोना खोजने की तलाश में लोग हादसे का शिकार हो जाते हैं। जनवरी में दक्षिणी माली में एक सोने की खदान में भूस्खलन से कम से कम 10 लोग मारे गए थे और कई अन्य लापता हो गए थे। बांग्लादेश में 41 पुलिसकर्मी गिरफ्तार, पिछले साल आंदोलन के दौरान छात्रों पर हिंसा का आरोप बांग्लादेश में पिछले साल हुए हिंसक प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर हिंसा करने के आरोप में 41 पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अब तक इस मामले में करीब 1100 पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। बांग्लादेश में पिछले साल छात्रों ने तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना का तख्तापलट करने के लिए बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया था। सुरक्षा बलों ने इसे दबाने के लिए हिंसा सहारा लिया था। UN का दावा है कि इस कार्रवाई में 1400 लोगों की हत्या कर दी गई। इनमें ज्यादातर लोगों की मौत के पीछे सुरक्षा बलों की गोलीबारी जिम्मेदार है। यमन की जेल में बंद भारतीय नर्स निमिषा को अगले महीने फांसी होगी, राष्ट्रपति ने सजा को मंजूरी दी यमन की जेल में बंद भारतीय नर्स निमिषा प्रिया को एक महीने के बाद फांसी की सजा दी जाएगी। यमन के राष्ट्रपति ने सजा के निष्पादन को मंजूरी दे दी है। पब्लिक पॉसिक्यूटर ने इस बारे में निमिषा के वकील को जानकारी दी है। हालांकि अभी तक कोई फिक्स तारीख नहीं बताई गई है। केरल की रहने वाली निमिषा पर यमन के नागरिक तलाल अब्दो महदी की हत्या का आरोप है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, निमिषा ने महदी के शरीर के टुकड़े कर वाटर टैंक में फेंक दिए। इसके बाद पुलिस ने निमिषा को गिरफ्तार कर लिया। अमेरिका के केंटकी और जॉर्जिया में तूफान से 9 लोगों की मौत; हजारों लोगों को बिजली-पानी की सप्लाई बंद अमेरिका के केंटकी और जॉर्जिया में आए भीषण तूफान के कारण कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई। तूफान और बाढ़ की चपेट में आने से राज्य में आठ लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति की मौत जॉर्जिया में हुई। केंटकी के गवर्नर एंडी बेशियर के मुताबिक अभी भी राहत और बचाव कार्य जारी हैं और पिछले 24 घंटों में 1,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। तूफान की वजह से हजारों लोगों तक बिजली और पानी की सप्लाई बंद हो गई है।