रेखा के दिल्ली CM बनने पर हरियाणा में जश्न:पैतृक गांव में महिलाएं नाच रहीं; खट्‌टर-सीएम सैनी शपथग्रहण समारोह के लिए रवाना

हरियाणा के जींद में जन्मीं रेखा गुप्ता थोड़ी देर में दिल्ली के नए CM की शपथ लेंगी। ग्रामीणों के मुताबिक उन्होंने बचपन के 2 साल जींद स्थित पैतृक गांव नंदगढ़ में बिताए। उनके सीएम बनने पर जींद में जश्न का माहौल है। महिलाएं हरियाणवी गानों पर नाच रहीं हैं। ग्रामीण लड्‌डू बांट रहे हैं। एक-दूसरे का मुंह मीठा करवा रहे हैं। गांव की महिलाओं का कहना है कि ये उनके लिए बड़े गर्व की बात है कि उनके यहां की बेटी देश की राजधानी की मुख्यमंत्री बन रही हैं। वहीं उनके शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए CM नायब सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्‌टर दिल्ली रवाना हो चुके हैं। रेखा को कल (19 फरवरी) को दिल्ली भाजपा विधायक दल की मीटिंग में मुख्यमंत्री चुना गया। इस दौरान ऑब्जर्वर के तौर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद के साथ हरियाणा के जाट नेता ओपी धनखड़ भी मौजूद रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री चुने जाने पर हरियाणवी परंपरा के अनुसार शगुन भी दिया। रेखा गुप्ता के CM बनने पर गांव नंदगढ़ ग्रामीणों ने क्या कहा… रेखा के बचपन के 2 साल गांव में बीते रेखा गुप्ता के बचपन के 2 साल नंदगढ़ गांव में बीते हैं। जब उनके परिजन गांव छोड़कर गए तो गांव वाले घर को बेचकर गए थे। मौजूदा समय में इस घर में रह रहे परिवार से मिलने भी रेखा गुप्ता के परिजन आते रहते हैं। इस घर में रहने वाली महिला ने बताया है कि लगभग हर साल रेखा गुप्ता के माता-पिता यहां आते हैं। उनके यहां जब कोई प्रोग्राम होता है तो उन्हें भी बुलाया जाता है। रेखा गुप्ता के पैतृक घर को तोड़कर दोबारा बना दिया गया है, लेकिन एक दीवार बची है, जो उनके पुराने घर की ही है। जयपाल बोले- किसानों से काफी बनती थी जयपाल ने बताया- गांव में बहुत बढ़िया माहौल है। खुशी है, लड्डू बांटे जा रहे हैं। रेखा गुप्ता का परिवार गांव में बहुत बढ़िया था, सबसे मिलता-जुलता था। किसानों से उनके काफी अच्छे संबंध थे। उनके परिवार की जुलाना में आढ़त की दुकान थी। सभी के साथ उनका अच्छा व्यवहार था। जब वे गए तो खुशी से गए। उन्हें वहां (दिल्ली में) काम मिल गया था। कमला बोलीं- मैंने गोद में खिलाया नंदगढ़ गांव की एक और बुजुर्ग महिला कमला ने कहा- मुझे तो सारा कुनबा जानता है। मैंने तो सभी बच्चों को गोद में खिलाया है। रेखा के दादा ने तो पूरा जीवन गांव में ही बिताया। उसकी दादी भी गांव में अंत तक रही। उनका अच्छा व्यवहार और अच्छा परिवार है। इस जगह पहले उनका (रेखा गुप्ता के परिवार का) मकान था। गांव में मंदिर और कुएं रेखा के परिवार के ही बनाए हुए हैं। उसके पापा-मम्मी गांव में जब भी आते हैं तो मुझसे जरूर मिलते हैं। गांव के सभी प्रोग्राम में उनका परिवार आता है। कमलेश बोलीं- रेखा की दादी मेरी सहेली थी गांव की बुजुर्ग महिला कमलेश ने बताया है कि रेखा की दादी का मेरे यहां खूब उठना-बैठना था। उनका व्यवहार काफी अच्छा था। उनके कुछ बच्चे पहले ही गांव छोड़ गए थे। बाकी जो बचे थे, उन्होंने भी धीरे-धीरे गांव को छोड़ दिया था। रेखा को मैंने कभी देखा नहीं, लेकिन वह अब दिल्ली की CM बन रही हैं तो मुझे बहुत खुशी है। वह कभी गांव में आएगी तो हम उसका स्वागत करेंगे। उसके माता-पिता को साल में एकाध बार आते ही हैं। दिल्ली की नई CM बनीं जींद की रेखा से जुड़ी 4 अहम बातें.. 1. जींद जिले में पुश्तैनी गांव, 50 साल पहले तक दादा-परदादा रहे
रेखा गुप्ता का पुश्तैनी गांव नंदगढ़ जींद के जुलाना हलके में है। यहां उनके दादा मनीराम और परिवार के लोग रहते थे। जुलाना के नंदगढ़ गांव के बलवान नंबरदार बताते हैं कि करीब 50 साल पहले तक रेखा के दादा मनीराम जिंदल और परदादा गंगाराम गांव में ही रहते थे। गांव में उन्होंने दुकान की हुई थी। इसके बाद इन्होंने जुलाना में आढ़त की दुकान कर ली और परिवार समेत वहीं शिफ्ट हो गए। 2. पिता बैंक मैनेजर बने तो दिल्ली शिफ्ट हुए
रेखा के पिता जयभगवान बैंक ऑफ इंडिया में काम करते थे। साल 1972-73 में वह मैनेजर बने तो उनका ट्रांसफर दिल्ली हो गया। इसके बाद परिवार दिल्ली शिफ्ट हो गया। इस वजह से रेखा की स्कूल की पढ़ाई से लेकर ग्रेजुएशन और एलएलबी की पढ़ाई दिल्ली में ही हुई है। रेखा ने MBA की भी पढ़ाई की है। 3. स्टूडेंट लाइफ से पॉलिटिक्स में, RSS से भी जुड़ीं
रेखा स्टूडेंट लाइफ से ही पॉलिटिक्स में आ गई थीं। वह कॉलेज टाइम से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से जुड़ी हैं। इसके बाद वह दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट यूनियन (DUSU) की सचिव रहीं। इसके बाद भाजपा में वह काफी अहम पदों पर रहीं। उन्होंने पहले भी 2 बार विधानसभा चुनाव लड़ा लेकिन हार गईं थी। अब वह पहली बार MLA बनीं और मुख्यमंत्री बन गई हैं। 4. 21 राज्यों में भाजपा की इकलौती महिला CM
केंद्र के अलावा देश के 21 राज्यों में भाजपा की सरकार है। हालांकि अभी कहीं भी महिला मुख्यमंत्री नहीं है। ऐसे में रेखा गुप्ता भाजपा की इस समय पहली महिला मुख्यमंत्री होंगी। भाजपा सूत्रों के मुताबिक RSS की पसंद की वजह से रेखा को मुख्यमंत्री बनाया जा रहा है।