भाजपा ने राहुल गांधी को एंटी-इंडिया फोर्स का हिस्सा बताया:USAID फंडिंग पर कहा- मोदी को हटाने विदेशी ताकतों का चुनावों में दखल

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के भारतीय चुनाव में अमेरिकी फंडिंग का मुद्दा उठाने पर राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो गई है। भाजपा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी एंटी-इंडिया फोर्स का हिस्सा बन गए हैं और भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं। भाजपा नेता गौरव भाटिया ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बयान दिया कि USAID की फंडिंग का इस्तेमाल भारत की चुनावी प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने के लिए किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले कई पत्रकारों और संगठनों ने भी कहा था कि विदेशी शक्तियां भारत की चुनावी प्रक्रिया में दखल देती हैं। इसका लक्ष्य होता है कि पीएम मोदी को कैसे हटाया जाए। भाटिया ने राहुल गांधी और सोनिया गांधी पर आरोप लगाया कि कांग्रेस का हाथ भारत के दुश्मनों के साथ है। राहुल गांधी पीएम मोदी से नफरत करते-करते भारत से भी नफरत करने लगे हैं। क्या है पूरा मामला
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने USAID फंडिंग को रद्द करने के अपनी सरकार के फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि बाइडेन प्रशासन द्वारा भारत को मतदान बढ़ाने के लिए लगभग 182 करोड़ रुपए (2।1 करोड़ अमेरिकी डॉलर) देना सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि क्या वे किसी और को जिताने की कोशिश कर रहे थे। राहुल का मकसद देश को कमजोर करना
भाजपा ने दावा किया कि राहुल गांधी का मकसद देश को कमजोर करना है और उन्होंने चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के साथ समझौते (MOU) पर हस्ताक्षर किए हैं। राहुल ने अमेरिकी सांसद इल्हान उमर के साथ मुलाकात की जो भारत विरोधी एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने कांग्रेस पर विदेशी ताकतों से साठगांठ करने और भारत में अस्थिरता फैलाने का आरोप लगाया। भाटिया बोले- राहुल गद्दारी कर रहे
भाटिया ने कहा कि राहुल की चुप्पी इस बात को दर्शाती है कि वह संविधान की कसम खाने के बावजूद भारत के साथ गद्दारी कर रहे हैं। वे भारत विरोधी ताकतों को हमारे देश की शुद्ध चुनावी प्रक्रिया में दखल देने के लिए उकसा रहे हैं। जॉर्ज सोरोस और विदेशी संबंधों पर उठाए सवाल
भाजपा प्रवक्ता ने इस मामले में अमेरिकी अरबपति जॉर्ज सोरोस का नाम भी घसीटा और कहा कि उनकी भूमिका संदिग्ध है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “गांधी + सोरोस = GANDOS”। भाटिया ने कहा कि राहुल गांधी का झुकाव हमेशा उन लोगों की ओर रहता है जो भारत विरोधी हैं। उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी के करीबी सैम पित्रोदा चीन के पक्ष में बयान देते हैं और यह भी तभी होता है जब राहुल इशारा करते हैं। कांग्रेस बोली- ट्रम्प के दावे बेतुके
हालांकि कांग्रेस ने ट्रम्प के दावे को बेतुका करार दिया है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने एक पोस्ट में कहा कि USAID इन दिनों काफी चर्चा में है। इसकी स्थापना तीन नवंबर, 1961 को हुई थी। अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा किए जा रहे दावे कहने के लिए तो बेतुके हैं। फिर भी भारत सरकार को जल्द-से-जल्द एक श्वेत पत्र जारी करना चाहिए, जिसमें पिछले दशकों के दौरान भारत के सरकारी और गैर-सरकारी दोनों संस्थानों को USAID की फंडिंग का ब्योरा हो।
————————————– ये खबर भी पढ़ें… ट्रम्प का भारतीय चुनाव में अमेरिकी फंडिंग पर सवाल:कहा- मोदी के लिए बहुत सम्मान पर 182 करोड़ क्यों दे रहे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने 19 फरवरी को भारत में वोटिंग बढ़ाने के लिए मिलने वाली 182 करोड़ रुपए की फंडिंग पर सवाल उठाए हैं। ट्रम्प के सहयोगी इलॉन मस्क ने 15 फरवरी को भारत को दी जाने वाली 182 करोड़ रुपए की फंडिंग रद्द कर दी थी। पूरी खबर पढ़ें…