भास्कर वर्ल्ड अपडेट्स:फ्रांस में आयोजित रैली के दौरान चाकू से हमले में 1 की मौत, 2 पुलिस वाले घायल

फ्रांस में शनिवार को मुलहाउस शहर में कांगो के समर्थन में आयोजित रैली के दौरान चाकू से किए गए हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 2 पुलिस कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। पब्लिक प्रॉसिक्यूटर कोलस हेइट्ज ने AFP को बताया कि यह हमला 37 साल के एक संदिग्ध ने किया था, जो पहले से काउंटर टेररिज्म सर्विलांस लिस्ट में था। अफ्रीकी देश कांगो के पूर्वी शहर गोमा में कई दिनों से सेना और विद्रोही ग्रुप M23 में संघर्ष जारी है। लगभग 20 लाख की आबादी वाले गोमा शहर में कई नेचुरल खनिज मौजूद हैं। इस पर हमला करने वाले विद्रोही संगठन M23 के लड़ाकों को पड़ोसी देश रवांडा का समर्थन हासिल है। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें… मस्क यूक्रेन का मुफ्त इंटरनेट बंद कर सकते हैं, अमेरिका का यूक्रेनी खनिज के लिए दबाव इलॉन मस्क यूक्रेन को दी जाने वाली मुफ्त इंटरनेट सेवा बंद कर सकते हैं। रॉयटर्स की रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है अमेरिका, यूक्रेन के रेयर अर्थ मटेरियल को हासिल करने के लिए दबाव बना रहा है। यूक्रेनी सेना स्टारलिंक का इस्तेमाल कम्युनिकेशन के लिए कर रही है। यूक्रेन में 2022 में जंग शुरू होने के बाद रूस ने कम्युनिकेशन नेटवर्क को बर्बाद कर दिया था। इसके बाद से मस्क का स्टारलिंक सिस्टम यूक्रेन में इंटरनेट मुहैया करा रहा है। अमेरिकी शहर लुइसविले के मोटर व्हीकल ऑफिस में गोलीबारी, 3 की मौत अमेरिकी शहर लुइसविले के मोटर व्हीकल ऑफिस में शुक्रवार को तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। लुइसविले मेट्रो पुलिस के मेजर डोनाल्ड बोएकमैन ने बताया कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, लोगों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मरने वालों में एक पुरुष और दो महिलाएं हैं। हमलावर मौके से भागने में कामयाब रहा। हमलावर अकेला था या उसके साथ अन्य भी थे, इसका पता नहीं चला है। CCTV वीडियो की जांच की जा रही है। G​​​​20 में चीनी विदेश मंत्री वांग से मिले जयशंकर, मानसरोवर यात्रा पर हुई चर्चा विदेश मंत्री एस जयशंकर इस समय दक्षिण अफ्रीका की यात्रा पर हैं। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की राजधानी जोहान्सबर्ग में चल रही जी-20 बैठक के दौरान अपने चीनी समकक्ष वांग यी से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच सीधी उड़ानों तथा कैलाश मानसरोवर यात्रा को लेकर एक सार्थक चर्चा की गई। इस मुलाकात के बारे में खुद विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक पोस्ट में लिखा कि जोहान्सबर्ग में आज सुबह और चीन के विदेश मंत्री वांग यी से मिलने का अवसर मिला। नई दिल्ली में साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि दोनों मंत्रियों ने नवंबर में अपनी पिछली बैठक के बाद से द्विपक्षीय संबंधों में हुए विकास की समीक्षा की। विदेश मंत्रालय ने कहा कि बैठक के दौरान सीमा क्षेत्रों में शांति और सौहार्द के प्रबंधन, कैलाश मानसरोवर यात्रा, सीधी उड़ान कनेक्टिविटी की बहाली और यात्रा सुविधा पर चर्चा की गई। ट्रम्प बोले- मेरी 150% टैरिफ की धमकी के बाद BRICS टूट गया अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शुक्रवार को दावा किया कि उनकी 150% टैरिफ की धमकी के बाद BRICS टूट गया है। उन्होंने दावा किया कि ब्रिक्स संगठन (भारत इसमें शामिल है) के देश डॉलर छोड़कर अपनी नई करंसी में व्यापार करना चाहते थे। ट्रम्प ने तंज कसा, काफी समय से ब्रिक्स देशों के बारे में कुछ सुना नहीं है। पता नहीं ये संगठन कहां चला गया। ट्रम्प ने कहा, चीन अपनी करंसी युआन में व्यापार करने पर दबाव डाल रहा था। पूर्व राष्ट्रपति बाइडेन इस मुद्दे पर हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे। मैंने ब्रिक्स देशों पर टैरिफ लगाने और अमेरिका से व्यापार बंद करने की धमकी देकर इन देशों को कड़ा संदेश दिया है। रूस को जी-7 में लेने का न्योता दिया : ट्रम्प ने एक और बड़ा दांव चला है। उन्होंने 11 साल बाद रूस को फिर से विकसित देशों के संगठन जी-7 में शामिल करने का न्योता दिया है। ट्रम्प के इस ऑफर के पीछे ब्रिक्स को कमजोर करना है। ट्रम्प का ये ऑफर यूक्रेन युद्ध रोकने के बदले पुतिन को ऑफर भी हो सकता है। रूस से प्रतिबंध भी हट जाएंगे।