दिल्ली विधानसभा सत्र, LG ने प्रोटेम स्पीकर को शपथ दिलाई:कुछ देर में विधायक शपथ लेंगे; CM बोलीं- CAG की 14 पेंडिंग रिपोर्ट पेश होंगी

दिल्ली विधानसभा का सत्र सोमवार से शुरू हो गया। यह 27 फरवरी तक चलेगा। 26 को शिवरात्रि की वजह से छुट्‌टी रहेगी। पहले दिन LG वीके सक्सेना ने प्रोटेम स्पीकर अरविंदर सिंह लवली को शपथ दिलाई। अब 11 बजे प्रोटेम स्पीकर विधायकों को शपथ दिलाएंगे। इसी सत्र में स्पीकर और डिप्टी स्पीकर चुना जाएगा। रोहिणी से भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता का स्पीकर बनना लगभग तय है। वहीं मोहन सिंह बिष्ट को डिप्टी स्पीकर बनाया जा सकता है। विजेंद्र गुप्ता ने शनिवार को CM रेखा गुप्ता से मुलाकात की थी। CM रेखा गुप्ता ने रविवार को कहा कि विधानसभा के इसी सत्र में CAG की सभी 14 पेंडिंग रिपोर्ट पेश की जाएंगी। रिपोर्ट में कहा गया है कि AAP सरकार की गलत शराब नीति से दिल्ली को 2026 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। दिल्ली विधानसभा बुलेटिन के अनुसार, एलजी सक्सेना 25 फरवरी को विधानसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की रिपोर्ट पेश की जाएगी। फिर LG के संबोधन पर धन्यवाद प्रस्ताव के लिए विधानसभा में चर्चा होगी।