वर्ल्ड अपडेट्स:इजराइल विरोधी छात्रों का न्यूयॉर्क के कॉलेज पर कब्जा, एक कर्मचारी घायल

अमेरिका में इजराइल विरोधी प्रदर्शनकारियों के एक ग्रुप ने न्यूयॉर्क के बर्नार्ड कॉलेज की एक इमारत पर कब्जा कर लिया। इस दौरान झड़प में कॉलेज का एक कर्मचारी घायल हो गया, जिसकी वजह से उसे हॉस्पिटल में भर्ती करना पड़ा। इन छात्रों की मांग है कि जनवरी में कोलंबिया यूनिवर्सिटी में लेक्चर के दौरान हंगामा करने पर निष्कासित किए गए फिलिस्तीन समर्थक छात्रों की बहाली की जाए। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें… बांग्लादेश में आंदोलनाकारी छात्र कल नई पार्टी बनाएंगे, अंतरिम सरकार में शामिल छात्र नेता नाहिद ने इस्तीफा दिया बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को सत्ता से बेदखल करने वाले आंदोलनकारी छात्र नई पार्टी बनाने जा रहे हैं। कल यानी शुक्रवार, 28 फरवरी को इस पार्टी का ऐलान किया जाएगा। मोहम्मद यूनुस की अंतरिम सरकार में शामिल छात्र नेता नाहिद इस्लाम ने पद से इस्तीफा दे दिया है। वे नई पार्टी के साथ जुड़ेंगे। ये पार्टी शुक्रवार को एक रैली के साथ अपनी शुरुआत करेगी। पार्टी के गठन के लिए जातीय नागरिक समिति (जातिओ नागोरिक समिति) का गठन किया गया है। समिति की प्रवक्ता समंता शर्मीन ने ANI से कहा- जुलाई 2024 के विद्रोह के बाद, बांग्लादेश में नई आशाएं और आकांक्षाएं पैदा हुईं। इन्हीं उम्मीदों को ध्यान में रखते हुए छात्रों ने एक नया राजनीतिक दल बनाने की पहल की है। ट्रम्प की पहली कैबिनेट बैठक में मस्क शामिल हुए, बोले- मौत की धमकियां मिल रहीं राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के सलाहकार और डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी (DOGE) के प्रमुख इल़ॉन मस्क बुधवार को कैबिनेट की पहली बैठक में शामिल हुए। इस बैठक में उन्होंने खुद को टेक सपोर्ट बताया और कहा कि, ‘DOGE सरकारी कंप्यूटर सिस्टम को सुधारने के लिए कड़ी मेहनत कर रहा है।’ मस्क ने कहा कि उन्हें इस काम की वजह से मौत की धमकियां मिल रही हैं। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक मस्क कैबिनेट सदस्य नहीं हैं और किसी पद के लिए चुने भी नहीं गए हैं। आज अमेरिका पहुंचेंगे ब्रिटिश PM, रूस यूक्रेन मुद्दे पर ट्रम्प से बात करेंगे ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर आज अमेरिका दौरे पर जाएंगे। यहां पर वो राष्ट्रपति ट्रम्प से मुलाकात के दौरान रूस यूक्रेन वॉर पर बात करेंगे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ब्रिटिश पीएम कोशिश करेंगे कि वो ट्रम्प को युद्ध विराम समझौते के तहत यूक्रेन को सुरक्षा गारंटी देने के लिए राजी कर सकें। इससे पहले फ्रांस के राष्ट्रपति इमैन्युल मैक्रों भी ट्रम्प से मिलने अमेरिका पहुंचे थे। यहां उन्होंने एक इंटरव्यू में ट्रम्प को चेतावनी दी है कि यूक्रेन युद्ध को लेकर रूस से जल्दबाजी में समझौता न करें। अमेरिका में एक्सीडेंट के बाद कोमा में भारतीय छात्रा, पिता ने लगाई तुरंत वीजा की गुहार महाराष्ट्र के सतारा जिले की रहने वाली 35 वर्षीय नीलम शिंदे इस महीने अमेरिका में एक सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। 14 फरवरी को कैलिफोर्निया में उन्हें कार ने टक्कर मार दी, जिसके बाद से वह हॉस्पिटल के आईसीयू में भर्ती हैं और कोमा में हैं। इस हादसे के आरोपी वाहन चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। नीलम शिंदे के पिता तानाजी शिंदे ने बताया कि उन्हें इस दुर्घटना की जानकारी 16 फरवरी को मिली, जिसके बाद से वह अमेरिका जाने के लिए वीजा हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें सफलता नहीं मिली है। उनका कहना है कि उनकी बेटी की हालत नाजुक है और परिवार को जल्द से जल्द वहां पहुंचने की जरूरत है। पूरी खबर यहां पढ़ें… सूडान की राजधानी के पास सेना का विमान क्रैश; 46 लोगों की मौत सूडान की राजधानी खार्तूम के पास ओमदुर्मान में एक सैन्य विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में 46 लोगों की मौत हुई है। मरने वालों में सैन्य अधिकारी और नागरिक शामिल हैं। वहीं, 10 घायल भी हुए हैं। ये विमान रूस का बनाया एंटोनोव विमान था। इसने मंगलवार शाम वादी सेइदना सैन्य हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी।दुर्घटना की वजह अभी सामने नहीं आई है, हालांकि माना जा रहा है कि तकनीकी खराबी की वजह से हादसा हुआ होगा। जर्मनी में कोर्ट रूम के बाहर गोलीबारी, 2 लोग घायल जर्मन शहर बीलेफेल्ड में बुधवार को अदालत के बाहर हुई गोलीबारी में 2 लोग घायल हो गए। बीलेफेल्ड कोर्ट में आज पेशेवर मुक्केबाज बेसर निमानी की हत्या के मामले में हुसैन अक्कुर्ट नाम के आरोपी पर ट्रायल चलाया जा रहा था। लोकल समयानुसार दोपहर लगभग 1:30 बजे सुनवाई खत्म होने के तुरंत बाद कोर्ट से लगभग 150 मीटर दूर 3 गोलियां चलाई गईं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कोर्ट रूम के बाहर पुलिस वाले चिल्ला रहे थे कि कोई बाहर गोली चला रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गोलीबारी में आरोपी के परिवार के 2 सदस्यों को गोली लगी है। अब तक एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरा किसी बिल्डिंग में छिप गया है।