उत्तराखंड एवलांच-49 मजदूर निकाले गए, 2 की मौत की खबर:6 की तलाश जारी; सभी उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 6 राज्यों के

उत्तराखंड के चमोली में 28 फरवरी को सुबह 7:15 बजे एवलांच आया। बर्फ का पहाड़ खिसका जिसकी चपेट में 55 लोग आ गए। कल रात 8 बजे तक 33 लोगों का रेस्क्यू किया गया था। 16 लोगों को आज निकाला गया। यानी कुल 49 लोगों को निकाला गया है। 6 की तलाश जारी है। 2 मजदूरों के मौत की खबर है। इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। चमोली के DM संदीप तिवारी ने बताया- सेना के 4 हेलिकॉप्टरों का उपयोग किया जा रहा है। रेस्क्यू ऑपरेशन में सेना, ITBP, BRO, SDRF और NDRF के 200 से ज्यादा जवान लगे हुए हैं। घटना बद्रीनाथ से 3 किलोमीटर दूर चमोली के माणा गांव में हुई है। ब्रिगेडियर एमएस ढिल्लों ने कहा- सेना कल सुबह से लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। पूरी रात बचाव अभियान चलाया गया। 25 मजदूरों को माना से जोशीमठ आर्मी हॉस्पिटल लाया जा चुका है बाकी सभी का रेस्क्यू जारी है। PM मोदी ने उत्तराखंड के CM धामी से रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली है। धामी ने आज सुबह घटनास्थल का दौरा भी किया। उन्होंने बताया- चमोली-बद्रीनाथ हाईवे पर बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन (BRO) के कुल 57 लोग काम कर रहे थे, जिसमें से 2 लोग छुट्टी पर थे। घटना के समय सभी मजदूर कंटेनर हाउस में थे। उसी दौरान बर्फ का बड़ा हिस्सा पहाड़ से नीचे आया और मजदूर दब गए। बिहार, यूपी और उत्तराखंड के 11-11 मजदूर
एवलांच में फंसे 55 मजदूरों में बिहार के 11, उत्तर प्रदेश के 11, उत्तराखंड के 11, हिमाचल प्रदेश के 7, जम्मू-कश्मीर के 1 और पंजाब के 1 मजदूर शामिल हैं। उत्तराखंड सरकार की ओर से जारी लिस्ट में 13 मजदूरों के नाम हैं, लेकिन उनका पता और मोबाइल नंबर नहीं है। बाकी मजदूरों की पूरी जानकारी है। रेस्क्यू ऑपरेशन की तस्वीरें… माणा तिब्बत सीमा पर भारत का आखिरी गांव दूसरे दिन रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू, 4 हेलिकॉप्टर लगाए गए
उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने बताया- चमोली में अभी भी मौसम खराब है। लोगों को बचाने का प्रयास जारी है। 200 से ज्यादा लोगों को मौके पर भेजने की तैयारी है। 4 हेलिकॉप्टर काम कर रहे हैं। वायुसेना का एक एमआई-17 हेलिकॉप्टर स्टैंडबाय पर है। मौसम साफ होते ही यह यहां पहुंच जाएगा। जोशीमठ में मौसम साफ हो रहा है। हम माना के पास हेलीपैड बना रहे हैं, क्योंकि हमारा हेलीपैड बर्फ से ढका हुआ है। लगातार बर्फबारी के कारण रात में बचाव कार्य रोक दिया गया था। आज सुबह फिर से ऑपरेशन शुरू हो गया है। जोशीमठ में हमारी मेडिकल टीम तैयार है। CM आज घटनास्थल पर जाएंगे। हादसे में फंसे 55 लोगों की लिस्ट… 4 लोगों की हालत गंभीर
शुक्रवार को रेस्क्यू किए गए सभी मजदूरों को माणा गांव में आईटीबीपी कैंप लाया गया है। यहां उनका इलाज चल रही है। 4 लोगों की हालत गंभीर है। हादसे को लेकर उत्तराखंड के CM पुष्कर सिंह धामी ने SDRF के अधिकारियों के साथ बैठक की। गृह मंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने घटना को लेकर उत्तराखंड के CM, सेना, ITBP और NDRF के अधिकारियों से बातचीत की। सफोकेशन और हाइपोथर्मिया फ्रैक्चर की संभावना
बड़ा सवाल यह है कि बर्फ में दबे मजदूर कितनी देर तक जिंदा रह सकते हैं। चीफ कंसलटेंट सर्जन राजीव शर्मा ने बताया कि बर्फ में दबे होने से सफोकेशन के कारण मौत होती है। हाइपोथर्मिया फ्रैक्चर भी मौत का कारण बनता है। ज्यादा देर तक बर्फ में दबे रहने से जान जा सकती है। मौसम से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… हिमाचल में 583 सड़कें, 5 नेशनल हाईवे बंद; जम्मू-कश्मीर में नदियों का लेवल 3-4 फीट बढ़ा देश के पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश और बर्फबारी जारी है। अगले हफ्ते के बाद भी बारिश-बर्फबारी जारी रहने का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में 2 फीट से ज्यादा बर्फबारी हुई है। राज्य की 583 सड़कें और 5 नेशनल हाईवे बंद हैं। जम्मू-कश्मीर में भी बर्फबारी हुई। खराब मौसम की वजह से जम्मू-कश्मीर सरकार ने स्कूलों में विंटर वेकेशन छह दिनों के लिए बढ़ा दिया है। पूरी खबर पढ़ें…