अमेरिकी शख्स ने भारतीय नर्स को बुरी तरह पीटा:चेहरे की हर हड्‌डी फ्रैक्चर की; पुलिस से बोला- भारतीय बुरे होते हैं

फ्लोरिडा में 33 साल के एक शख्स ने भारतीय मूल की 66 साल की नर्स को बुरी तरह पीटा। हमले में नर्स के चेहरे की हर एक हड्‌डी टूट गई। दोनों आंखों की रोशनी जाने की भी आशंका है। जब पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची, तो उसने कहा- भारतीय बुरे होते हैं। मैंने अभी एक भारतीय डॉक्टर की बुरी तरह पिटाई की है। ये घटना 19 फरवरी की है। मामले की गुरुवार को कोर्ट में सुनवाई हुई। तब आरोपी का बयान पुलिस अफसर ने कोर्ट में बताया। कोर्ट ने उसे हेट क्राइम और सेकेंड डिग्री मर्डर का दोषी माना है। अस्पताल के साइकियाट्रिक वॉर्ड में भर्ती आरोपी हमलावर की पहचान स्टीफन स्कैंटलबरी के तौर पर हुई है, जो फ्लोरिडा पाम्स वेस्ट साइड अस्पताल के साइकियाट्रिक वॉर्ड में भर्ती था। लीलम्मा लाल उसी अस्पताल में नर्स हैं। हमले के कुछ देर बाद ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, हमले के बाद आरोपी फरार हो गया था। जब उसे अरेस्ट किया गया तो वह एक सड़क पर बिना शर्ट और जूतों के था। उसके शरीर पर EKG मशीन के तार लगे हुए थे। पुलिस ने पिस्टल दिखाकर उसे सरेंडर कराया। विक्टिम की बेटी बोली- उन्हें ब्रेन में ब्लीडिंग हुई विक्टिम की बेटी सिंडी जोसेफ ने अपनी मां की चोटों की गंभीरता को बताते हुए कहा कि उन्हें ब्रेन में बहुत ब्लीडिंग हुई है। उनके चेहरे के दाहिने हिस्से की सभी हड्डियां टूट गई थीं। वे बेहोश थीं। उनके फेफड़ों में टयूब डाली गई, ताकि वो सांस ले सकें। उनके चेहरे पर गहरी चोटें और आंखों में सूजन थी। मैं उन्हें पहचान भी नहीं पाई।