हम सब रिश्तों को बहुत अहमियत देते हैं। इसके बावजूद, हमारे रिश्ते में कई सारी परेशानियां आती हैं और हम समझ नहीं पाते कि इसकी वजह क्या है? ऐसे में जब तक हम समस्याओं की सही वजह नहीं तलाश करेंगे, कभी भी समस्याओं को सुलझा नहीं सकते हैं। हमें खुद से यह सवाल पूछना चाहिए कि क्या हम अपने रिश्ते को ठीक से निभा रहे हैं? क्या हम अपने पार्टनर के इमोशंस को समझते हैं? क्या आपने कभी सोचा है कि आप अपने साथी के साथ वैवाहिक बंधन में क्यों बंधे? या आप शादी करने जा रहे हैं तो इसकी वजह क्या है? क्या आपके पास शादी करने की कोई भी सही वजह है? अमेरिकी सेल्फ-हेल्प राइटर मार्क मैनसन ने इन सवालों का जवाब खोजने की कोशिश की। इसके लिए उन्होंने अपनी वेबसाइट पर 1,500 से ज्यादा लोगों से इस बारे में सवाल पूछा। मार्क का सवाल था कि लोग इतने सालों तक अपने पार्टनर के साथ खुशहाल और मजबूत रिश्ते कैसे बनाए रखते हैं। साथ ही मैनसन ने पूछा कि जिनके रिश्ते पहले टूट चुके हैं, उन्होंने क्या गलतियां की थीं? लोगों ने जो जवाब दिए, वे बेहद दिलचस्प थे। इनमें से कुछ बातें बार-बार सामने आईं, जिनसे सीखकर हम अपने रिश्ते को सफल और खुशहाल बना सकते हैं। ऐसे में आज हम रिलेशनशिप में इन्हीं बातों के बारे में जानेंगे, जो हमारे रिश्ते को खुशहाल बनाती हैं। आइए इसे ग्राफिक के जरिए समझते हैं। आइए ग्राफिक्स को विस्तार से समझते हैं साथ रहने का कारण प्यार: एक स्वस्थ रिश्ते की नींव प्यार है। ऐसे में शादी तभी करें, जब आप एक-दूसरे के साथ रहना पसंद करते हों। व्यावहारिक अपेक्षाएं रखें: आप हर दिन अपने पार्टनर के लिए दीवाने नहीं हो सकते हैं। आप हर रोज एक-दूसरे उतना प्यार नहीं करेंगे, लेकिन ऐसा होना सामान्य है। आपसी सम्मान जरूरी: एक-दूसरे की भावनाओं, विचारों और सीमाओं का सम्मान करें। साथी को नीचा न दिखाएं। खुलकर बात करें: भावनाओं, विचारों और चिंताओं को साथी के साथ साझा करें। बातचीत के दौरान एक-दूसरे की बात ध्यान से सुनें। एक स्वस्थ रिश्ता मतलब दो स्वस्थ व्यक्ति: किसी भी खुशहाल रिश्ते के लिए दो खुशहाल लोगों की जरूरत होती है। इसलिए पार्टनर को कंट्रोल करने और बदलने की कोशिश न करें। वक्त के साथ चीजें बदलती हैं: लोग और रिश्ते समय के साथ बदलते हैं। बदलाव को स्वीकार करें और उसके अनुसार ढलने की कोशिश करें। लड़ाई-झगड़े तो होंगे: रिश्ते में लड़ाई-झगड़े होते हैं। महत्वपूर्ण यह है कि आप उनसे कैसे निपटते हैं। एक-दूसरे की बात सुनें और साथ मिलकर समाधान खोजने की कोशिश करें। गलतियों को माफ करना सीखें: सब गलतियां करते हैं। अपने साथी की गलतियों को माफ करना सीखें और उन्हें दूसरा मौका दें। बुरे वक्त में हमेशा साथ दें: एक सच्चा साथी मुश्किल समय में भी साथ खड़ा रहता है। अपने साथी को भावनात्मक और व्यावहारिक रूप से सहारा दें। साथ रहने के लिए सही वजह चुनें हममें से अधिकांश लोग यूं ही शादी कर लेते हैं। उन्हें खुद शादी करने की सही वजह पता नहीं होती है। जिन लोगों की पहली, दूसरी और तीसरी शादी टूट चुकी थी, उन्होंने बताया कि इसकी बड़ी वजह गलत कारणों से किसी के साथ शादी करना था। आइए ग्राफिक के जरिए शादी करने के पांच गलत कारणों के बारे में जानते हैं। दबाव की वजह से शादी करना: ‘अरे, तुम्हारी तो शादी की उम्र हो गई है’ या ‘तुम्हारी शादी की उम्र निकलती जा रही है’ जैसे दबाव या परिवार के दबाव में आकर शादी न करें। दिखावे के लिए शादी करना: जोड़ी अच्छी दिखती है, इसलिए शादी करना गलत कदम है। ऐसे में इमोशनल कनेक्शन और आपसी समझ नहीं होने पर रिश्ता टूट सकता है। अकेलेपन की वजह से शादी करना: आप अकेलेपन से जूझ रहे हैं, तो भी शादी करना इसका हल नहीं है। आप ऐसा करते हैं तो समस्या और गहरी हो सकती है। भोलेपन में शादी करना: लोग हॉर्मोनल बदलाव की वजह से शादी कर लेते हैं, लेकिन जब प्यार का बुखार उतरता है तो रिश्ते टूट जाते हैं। रिस्पेक्ट है जरूरी चीज जिनके रिश्ते 20, 30 या 40 साल से भी ज्यादा समय तक सफल रहे। उन्होंने सम्मान को प्राथमिकता दी। यह बहुत जरूरी है कि आप एक-दूसरे का सम्मान करें, एक-दूसरे पर भरोसा करें। हर चीज के बारे में खुलकर बात करें आप अपने पार्टनर पर भरोसा नहीं कर सकते, तो आप भरोसेमंद नहीं हो सकते हैं। अगर पार्टनर की किसी बात से आपको तकलीफ पहुंची है तो उनसे बात करें। किसी बात से परेशान हैं तो पार्टनर के साथ शेयर करें। वादा करें और इसे निभाएंं। जब विश्वास टूटता है, तो बनाने के लिए समय और प्रयास की जरूरत होती है। एक-दूसरे को स्पेस दें कई लोगों ने रिश्तों में स्पेस और अलगाव के महत्व पर जोर दिया। क्रेडिट कार्ड, दोस्त, शौक और छुट्टियां तक, यहां तक कि कुछ ने अलग बाथरूम और बेडरूम की भी सलाह दी। बदलाव के लिए तैयार रहें बीस साल से विवाहित जोड़ों ने बताया कि समय के साथ हर व्यक्ति बदलता है। एक व्यक्ति ने बताया कि उसकी शादी में एक बुजुर्ग रिश्तेदार ने कहा था, ‘एक दिन कई साल बाद, तुम जागोगे और तुम्हारा जीवनसाथी एक अलग व्यक्ति होगा। यह तय करो कि तुम उस व्यक्ति से भी प्यार हो जाए।’ झगड़े होते हैं, सुलझाना जरूरी हर रिश्ते में झगड़े होते हैं। समय के साथ आपके रिश्ते में भी झगड़े होंगे और यह कोई बड़ी और नई बात नहीं है। ऐसे में झगड़े को तुरंत सुलझाना जरूरी है। माफ करना सीखें ऐसे लोगों के रिश्ते ज्यादा चलते हैं, जो हर समस्या का समाधान नहीं खोजते हैं। उनके बीच कुछ समस्याएं हमेशा बनी रहती हैं। वे इन्हीं समस्याओं के साथ खुशहाल रहते हैं। छोटी-छोटी बातें रिश्ते को बनाती हैं बड़ा फिल्म देखते समय हाथ पकड़ना, घरेलू कामों में मदद करना, ये सब बातें मायने रखती हैं। रिश्ते में प्रैक्टिकल बनें सच्चाई यह है कि रिश्ता अपूर्ण और उलझा हुआ होता है। रिश्ता अपूर्ण और उलझे हुए लोगों से बना होता है, जो अलग-अलग समय पर अलग-अलग चीजें चाहते हैं। रिश्ते को चलाने के लिए प्रैक्टिकल होना जरूरी है। अगर पत्नी कामकाजी है और पति घर से काम करता है, तो पति बच्चों की देखभाल ज्यादा कर सकता है। जिम्मेदारियों को परिस्थिति के अनुसार बांटना ज्यादा महत्वपूर्ण है। खराब समय में एक-दूसरे का साथ दें जैसे समुद्र में लहरें आती-जाती रहती हैं, वैसे ही रिश्तों में भावनाएं आती-जाती रहती हैं। ये कुछ घंटे या कुछ महीने तक रहती हैं। जरूरी बात यह है कि इनमें से ज्यादातर भावनाओं का रिश्ते की क्वालिटी से लेना-देना नहीं होता। नौकरी छूटना, परिवार में किसी की मृत्यु, जगह बदलना, करियर बदलना, पैसा कमाना या खोना, ये सब लहरें हैं। एक कमिटेड पार्टनर के रूप में आपका काम है कि आप अपने प्रिय के साथ इन लहरों पर सवार रहें, चाहे वे कहीं भी जाएं।