जयपुर में IIFA आज से:एक साथ दिखे शाहिद-करीना; CM भजनलाल बोले-राजस्थान के बिना बॉलीवुड की कल्पना नहीं की जा सकती

इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी (IIFA) अवॉड्‌र्स की शुरुआत आज जयपुर में हो जाएगी। सीतापुरा स्थित जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (JECC) में 8 और 9 मार्च को कार्यक्रम होंगे। शनिवार दोपहर आईफा की प्रेस कॉन्फ्रेंस में बड़े बॉलीवुड कलाकारों के साथ-साथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी भी पहुंचीं। भजनलाल ने कहा कि राजस्थान के बिना बॉलीवुड की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। यहां सड़क और रेल नेटवर्क काफी मजबूत है। बॉलीवुड के कलाकार राजस्थान के ब्रांड एम्बेसडर हैं। आईफा के मंच पर बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर और एक्टर शाहिद कपूर एक साथ दिखे। दोनों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। अवॉड्‌र्स के लिए दो दिन से कई बॉलीवुड स्टार जेईसीसी में रिहर्सन कर रहे हैं। गुरुवार को माधुरी दीक्षित ने परफॉर्मेंस की और शुक्रवार को करण जौहर और कार्तिक आर्यन ने होस्टिंग की रिहर्सल की। वहीं, नोरा फतेही, शाहिद कपूर ने भी डांस की रिहर्सल की। श्रेया घोषाल ने अपनी परफॉर्मेंस की मंच पर रिहर्सल की। आईफा को खास बनाने के लिए पंजाबी सिंगर मीका सिंह भी रिहर्सल करने पहुंचे। मुख्यमंत्री बोले- राजस्थान के बिना बॉलीवुड की कल्पना नहीं की जा सकती
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा- मुझे खुशी है कि देश में दूसरी बार आईफा का आयोजन राजस्थान में हो रहा है। इस आयोजन से राज्य में टूरिज्म के नए रास्ते खुलेंगे। हर साल हजारों शादियां यहां के महल, होटल और हवेलियों में होती हैं। भजनलाल ने कहा कि पिछले एक साल में 61 मूवी, वेब सीरीज, टीवी शो की शूटिंग हुई है। यहां के पहाड़ और अभ्यारण फिल्मकारों को एक केनवास देते हैं। उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा- आईफा की घोषणा से ही हम आप सबके यहां आने का इंतजार कर रहे थे। अब पढ़िए, बॉलीवुड के कौन-कौन से कलाकार अवॉर्ड फंक्शन के लिए जयपुर आए… इस इवेंट में शामिल होने के लिए शाहरुख खान समेत बॉलीवुड के कई बड़े सितारे जयपुर पहुंच चुके हैं। शनिवार को एक्ट्रेस करीना कपूर खान भी जयपुर पहुंच चुकी हैं। वे जयपुर के नोवेटल होटल के सबसे महंगे सुईट में रुकी हैं। वहीं, ओटीटी के कई बड़े चेहरे जयपुर पहुंच चुके हैं। वेब सीरीज पंचायत के सचिवजी जितेंद्र कुमार, पाताललोक वेब सीरीज में चर्चा में आए जयदीप अहलावत और मिर्जापुर के गुड्‌डू भैया यानी अली फजल भी जयपुर पहुंच चुके हैं। इससे पहले शुक्रवार को शाहरुख खान से लेकर एक्टर कार्तिक आर्यन, बोमन ईरानी, प्रोड्यूसर एकता कपूर, करिश्मा तन्ना, श्रेया घोषाल, नोरा फतेही सहित कई बड़े सितारे जयपुर पहुंचे। देर रात बॉबी देओल, जयदीप अहलावत, अली फजल एयरपोर्ट पहुंचे थे। शाहरुख खान के आने पर एयरपोर्ट पर बनी जाम की स्थिति
शुक्रवार को जब शाहरुख खान जयपुर एयरपोर्ट पर पहुंचे, तब वहां दो फ्लाइट के यात्री भी एयरपोर्ट के अंदर मौजूद थे। इसके कारण एयरपोर्ट पर भीड़ हो गई। एयरपोर्ट से बाहर निकल रहे पैसेंजर शाहरुख की एक झलक के लिए गेट पर ही रुक गए। शाहरुख ने कार में बैठने के दौरान फ्लाइंग किस देकर फैंस का अभिवादन किया। शाहरुख तीन दिन जयपुर में रहेंगे। वे 9 मार्च को IIFA अवॉड्‌र्स में परफॉर्मेंस देंगे। 9 मार्च को होगी शोले फिल्म की स्क्रीनिंग
‘शोले’ और ‘राजमंदिर सिनेमा’ के 50 साल पूरे होने का यह जश्न जयपुर के लिए ऐतिहासिक पल होगा। इस आयोजन के जरिए न सिर्फ भारतीय सिनेमा के स्वर्णिम सफर को सम्मान दिया जाएगा, बल्कि यह भी दर्शाएगा कि जयपुर सिनेमा प्रेमियों और बड़े आयोजनों का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनता जा रहा है। राज मंदिर के ऑफिस इंचार्ज अंकुर खंडेलवाल ने बताया- शोले और राज मंदिर के 50 साल का जश्न आईफा के साथ मना रहे हैं। शोले की एक स्पेशल स्क्रीनिंग 9 मार्च को सुबह 11 बजे रखी गई है। एक अद्भुत सिनेमा को जयपुर में लोग देख पाएंगे, इसे हम खास बनाने में जुटे हुए हैं। ये भी पढ़ें… IIFA-अवॉड्‌र्स के लिए जयपुर पहुंचे शाहरुख,फैंस को फ्लाइंग किस दिया:माधुरी बोलीं- मुझे रील बनाना काफी पसंद; तेजाब फिल्म के गाने पर डांस किया इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी (IIFA) अवॉड्‌र्स 8 और 9 मार्च को अपनी सिल्वर जुबली जयपुर में मनाएगा। जयपुर एग्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर (JECC) में होने वाले इवेंट के लिए शुक्रवार शाम करीब 5 बजे बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान जयपुर पहुंचे। (पूरी खबर पढ़ें)