पीएम मोदी कल यानी मंगलवार को मॉरीशस दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर रवाना होंगे। यहां वे 57वें राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। इस विजिट में पीएम मोदी मॉरीशस के साथ आर्थिक और सुरक्षा संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए कई समझौतों पर हस्ताक्षर करेंगे। मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम ने कहा कि हमारे देश के लिए पीएम मोदी की मेजबानी करना सौभाग्य की बात, वह अपने बिजी शेड्यूल के बाद भी हमारे यहां स्पेशल गेस्ट के तौर पर आने के लिए सहमत हुए हैं। 12 मार्च को भारतीय आर्मी की एक टुकड़ी, भारतीय नौसेना का एक वॉरशिप और भारतीय एयरफोर्स की आकाश गंगा स्काईडाइविंग टीम भी इस समारोह में भाग लेगी। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें… अमेरिका ने USAID के तहत 83% कॉन्ट्रैक्ट रद्द किए, विदेश मंत्री बोले- इन कॉन्ट्रैक्ट से अमेरिकी हित को नुकसान पहुंचा अमेरिका ने USAID के तहत दी जा रही मदद के 83% कॉन्ट्रैक्ट रद्द कर दिए हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि अब उनकी एजेंसी कुछ बची हुई योजनाओं का संचालन करेगी। रुबियो ने सोमवार को X पर पोस्ट करके बताया, ‘अब तक रद्द किए गए 5200 कॉन्ट्रैक्ट्स में कई अरब डॉलर खर्च हुए थे, जो न केवल बेकार गए, बल्कि कुछ मामलों में अमेरिकी हितों को नुकसान भी पहुंचाया।’ ट्रम्प के रिसोर्ट के ऊपर उड़ रहे विमान को अमेरिकी वायुसेना ने रोका, F-16 फाइटर जेट से फ्लेयर्स दागे अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के फ्लोरिडा स्थित मार-ए-लागो रिसोर्ट के ऊपर उड़ रहे एक प्लेन को अमेरिकी वायुसेना ने इंटरसेप्ट किया। यह एक पैसेंजर प्लेन था। ट्रम्प के रिसोर्ट को प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र घोषित किया गया है। यहां प्लेन्स के उड़ान भरने पर मनाही है। ट्रम्प के राष्ट्रपति बनने के बाद 20 से ज्यादा बार प्रतिबंधित हवाई क्षेत्र का उल्लंघन हो चुका है। रविवार की यह घटना तब हुई जब ट्रम्प वेस्ट पाम बीच पर अपने गोल्फ कोर्स में गोल्फ खत्म कर रहे थे। इस दौरान F-16 लड़ाकू विमानों ने पैसेंजर प्लेन के पायलट का ध्यान आकर्षित करने के लिए फ्लेयर्स दागे। इसी तरह की एक घटना शनिवार सुबह भी हुई थी। पाकिस्तान के कराची में अफगान कैंप की छत गिरने से छह लोगों की मौत पाकिस्तान के कराची शहर के पास एक अफगान कैंप में रविवार तड़के एक घर की छत गिरने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। यह जानकारी ARY न्यूज ने दी। यह हादसा रविवार को गुलशन-ए-मयमार इलाके में मौजूद जंजाल गोठ अफगान कैंप में हुआ। पुलिस के मुताबिक, छत गिरने से चार लोग घायल भी हुए हैं। मरने वाले सभी लोग खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू जिले के रहने वाले थे। प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहा है। पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने अफगान नागरिक कार्ड (ACC) धारकों को 31 मार्च तक देश छोड़ने का निर्देश दिया है। मंत्रालय के मुताबिक 1 अप्रैल से अवैध अफगान नागरिकों को पाकिस्तान से निर्वासित किया जाएगा।