वर्ल्ड अपडेट्स:लंदन में 24 घंटे के लिए बंद हुआ हीथ्रो एयरपोर्ट, पावर सबस्टेशन में आग लगने से बिजली आपूर्ति में दिक्कत

ब्रिटेन की राजधानी लंदन में हीथ्रो एयरपोर्ट शुक्रवार को बंद रहेगा। एयरपोर्ट के पास एक इलेक्ट्रिकल सबस्टेशन में आग लगने की वजह से ऐसा किया गया है। आग लगने की वजह से एयरपोर्ट को बिजली की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। आग वेस्ट लंदन के हेस में लगी है। इस वजह से 16 हजार से ज्यादा घरों की बिजली गुल है। करीब 150 लोगों को यहां से सुरक्षित निकाला गया है। लंदन फायर ब्रिगेड ने कहा कि वे आग पर काबू पाने में जुटे हैं। इसके लिए 70 फायर फाइटर्स तैनात हैं। आग लगने की वजह का पता नहीं चल पाया है। हीथ्रो एयरपोर्ट ने बयान जारी कर यात्रियों से एयरपोर्ट पर न आने की अपील की है। हीथ्रो ब्रिटेन का सबसे बड़ा एयरपोर्ट है। यहां पर हर दिन लगभग 1,300 लैंडिंग और टेक-ऑफ होते हैं। पिछले साल यहां से 8 करोड़ 30 लाख यात्रियों ने फ्लाइट पकड़ी थी। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… कनाडा में 28 अप्रैल को हो सकते हैं चुनाव, प्रधानमंत्री कार्नी जल्द घोषणा करेंगे कनाडा में अगला चुनाव 28 अप्रैल को हो सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कनाडा के नए प्रधानमंत्री मार्क कार्नी 23 मार्च को देश में चुनाव कराने की घोषणा कर सकते हैं। बीते 9 मार्च को कार्नी ने पूर्व पीएम जस्टिन ट्रूडो की जगह ली थी। पड़ोसी देश अमेरिका के साथ कनाडा के रिश्तों में तनाव पर लगातार सुर्खियों में है। कनाडा के बिजनेस अमेरिका के साथ ट्रेड वॉर से जूझ रहे हैं। ऐसे में दो बार केंद्रीय बैंक के गवर्नर रह चुके कार्नी से यह उम्मीद की जा रही है कि वे डोनाल्ड ट्रम्प का मुकाबला करने के लिए स्वयं को सबसे उपयुक्त उम्मीदवार के रूप में पेश करेंगे। बांग्लादेश में शेख हसीना की पार्टी को बैन नहीं करेगी यूनुस सरकार मोहम्मद यूनुस ने कहा है कि शेख हसीना की पार्टी बांग्लादेश अवामी लीग पर प्रतिबंध लगाने की अंतरिम सरकार की कोई योजना नहीं है। लेकिन उन्होंने कहा कि हत्या और मानवता के खिलाफ अपराधों में शामिल लोगों को देश की अदालतों में मुकदमे का सामना करना पड़ेगा। हसीना को भी इसका सामना करना पड़ेगा। मोहम्मद युनूस के मीडिया विभाग ने गुरुवार को एक बयान में यह बात कही है। इसमें यह भी कहा गया कि देश में चुनाव की तारीख में कोई बदलाव नहीं होगा। इससे पहले यूनुस सरकार दिसंबर 2025 या फिर जनवरी 2026 में चुनाव कराने का ऐलान कर चुकी है। फ्रांस ने अपने नागरिकों से तुरंत ईरान छोड़ने की अपील की, कहा- वहां वे गिरफ्तार हो सकते हैं फ्रांस ने अपने नागरिकों से ईरान को तुरंत छोड़ने की अपील की है। फ्रांस के विदेश मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को फ्रेंच नागरिक ओलिवियर ग्रोंडेउ की रिहाई के बाद यह चेतावनी जारी की। ग्रोंडेउ 880 दिनों से अधिक समय से ईरान में कैद था। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता क्रिस्टोफ लेमोइन ने कहा कि फ्रेंच नागरिकों को बिना किसी वजह के हिरासत में लिए जाने का खतरा है। उन्होंने कहा, हमारे नागरिकों को केवल इसलिए गिरफ्तार किया जा सकता है क्योंकि वे फ्रांसीसी या यूरोपीय नागरिक हैं।