दिल्ली की BJP सरकार 26 साल बाद 25 मार्च को पहला बजट (2025-26) पेश करेगी। ये ₹80 हजार करोड़ का हो सकता है। CM रेखा गुप्ता इसे पेश करेंगी। 26 मार्च को बजट पर विस्तार से चर्चा होगी। सभी विधायक सरकार की योजनाओं और नीतियों का पर अपनी राय और प्रतिक्रिया विधानसभा में साझा करेंगे। 27 मार्च को विधानसभा में बजट पर बहस के बाद मतदान होगा। दिल्ली की बीजेपी सरकार अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस ( 8 मार्च) को महिला समृद्धि योजना लॉन्च कर चुकी है। इसमें गरीब परिवार की महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए दिए जाने हैं। बजट में इसकी भी घोषणा हो सकती है। करीब 20 लाख महिलाओं को इस योजना का फायदा मिलेगा। बजट में यमुना सफाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रदूषण, पानी, जलभराव की समस्या, सड़क, प्रदूषण और दिल्ली के किसानों से जुड़ी योजनाओं का भी ऐलान हो सकता है। मुख्यमंत्री कह चुकी हैं कि ‘विकसित दिल्ली’ का बजट लोगों का बजट है। दिल्ली सरकार को ईमेल और वॉट्सएप के जरिए बजट पर जनता से 10 हजार से ज्यादा सुझाव मिले हैं।