अलास्का में गुरुवार तड़के करीब 2 बजे ( भारतीय समयानुसार) भूकंप के तगड़े झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर इस भूकंप की तीव्रता 7.3 मापी गई। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (एनसीएस) के मुताबिक भूंकप का केंद्र जमीन के अंदर 36 किलोमीटर की गहराई पर था। हालांकि, किसी के हताहत होने की खबर नही है। भूकंप अलास्का के पॉपोफ आइलैंड पर सैंड पॉइंट के पास आया। भूकंप के बाद अलास्का के तटवर्ती इलाकों में सुनामी की चेतावनी जारी की गई है। अलास्का भूकंप एजेंसी के मुताबिक यहां एक सप्ताह में, लगभग 400 भूकंप दर्ज किए गए। सबसे बड़ा भूकंप 16 जुलाई को अटका के पास 5.1 तीव्रता का था। मिशिगन टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी के अनुसार, 7.0 से 7.9 तीव्रता वाला भूकंप नुकसान पहुंचाने में सक्षम माना जाता है। अलास्का में हर साल लगभग 10–15 ऐसे भूकंप दर्ज किए जाते हैं। अलास्का में भूकंप के बाद की फुटेज देखिए… लोगों से सुरक्षा निर्देशों की पालन करने की अपील भूकंप के बाद, सुनामी चेतावनी प्रणाली ने अलास्का के कुछ तटीय हिस्सों के लिए सुनामी की चेतावनी जारी की। प्रभावित क्षेत्रों में अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे ने बताया कि सैंड पॉइंट के दक्षिण में आया यह भूकंप प्रशांत और उत्तर अमेरिकी प्लेटों के बीच सबडक्शन जोन पर या उसके पास थ्रस्ट फॉल्टिंग के कारण हुआ। अलास्का रिंग ऑफ फायर का हिस्सा अलास्का पैसेफिक रिंग ऑफ फायर का हिस्सा है, जो लगातार आने वाले भूकंपों और सक्रिय ज्वालामुखियों के लिए जाना जाता है। अलास्का में मार्च 1964 में 9.2 तीव्रता का भूकंप आया था, जो उत्तरी अमेरिका में अब तक का सबसे शक्तिशाली भूकंप था। इस भूकंप ने एंकोरेज शहर को तबाह कर दिया। बाद में एक सुनामी आई, जिससे अलास्का की खाड़ी, अमेरिका के पश्चिमी तट और हवाई को तबाह कर दिया।