5वीं बार बिहार आ रहे PM, मोतिहारी में सभा करेंगे:7196 करोड़ की योजनाओं की शुरुआत होगी; 4 नई अमृत भारत ट्रेनों को करेंगे रवाना

PM नरेंद्र मोदी शुक्रवार यानी 18 जुलाई को एक दिवसीय दौरे पर बिहार आ रहे हैं। इस बार PM मोदी बिहार को 7196 करोड़ की परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। इनमें सड़क एवं परिवहन राजमार्ग मंत्रालय की 1173 करोड़ और इलेक्ट्रॉनिक और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की 63 करोड़ की परियोजनाएं शामिल हैं। सबसे अधिक रेलवे की 5398 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना के 40 हजार लाभार्थियों को 162 करोड़ ट्रांसफर करेंगे। 12 हजार लाभार्थियों का गृह प्रवेश होगा। जबकि 61 हजार 500 स्वंय सहायता समूह को 400 करोड़ जारी करेंगे। इसके साथ ही PM यहां एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। 2025 में पीएम का ये पांचवां बिहार दौरा है। इससे पहले ये सीवान, भागलपुर, मधुबनी, पटना, शाहबाद के इलाके में जनसभा को संबोधित कर चुके हैं। दौरे से पहले PM ने X पर लिखा- ‘बिहार की विकास यात्रा में कल 18 जुलाई का दिन ऐतिहासिक होने वाला है। सुबह करीब 11.30 बजे मोतिहारी में कनेक्टिविटी, IT और स्टार्टअप से जुड़े राज्य के कई प्रोजेक्ट के उद्घाटन-शिलान्यास का सौभाग्य मिलेगा। इससे यहां के लोगों के लिए अवसरों के अनेक द्वार खुलेंगे।’ गाड़ी से लोगों का अभिवादन करते मंच तक आएंगे PM PM के कार्यक्रम के लिए सवा लाख कुर्सियां लगाई गई हैं। सभा में 4 लाख लोगों के आने की संभावना है। 24 विधानसभा से लोग इसमें शामिल होंगे। मोतिहारी की 12 विधानसभा, शिवहर के साथ साथ बरुराज, साहेबगंज की जनता भी इस सभा में शामिल होंगे। वहीं, 50 फीट की दूरी पर पानी की व्यवस्था और वॉशरूम है। PM हेलीपैड से मंच तक लगभग 500 मीटर तक लोगों का अभिवादन करते हुए मंच तक पहुंचेंगे। इसके लिए पंडाल के बीच से रास्ता तैयार किया गया है। इस रास्ते से PM मोदी ओपन जीप में CM नीतीश कुमार, डिप्टी CM सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा और राज्यपाल के साथ मंच तक पहुंचेंगे। इस दौरान PM की गाड़ी पर फूलों की बारिश की जाएगी। अमृत भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे PM मोदी PM मोदी इस दौरान सिर्फ पूर्वी चंपारण के लिए 700 करोड़ रुपए की योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। साथ ही देश के लिए 4 अमृत भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इनमें से एक ट्रेन मोतिहारी से दिल्ली के बीच चलेगी। PM मोदी समस्तीपुर-बछवाड़ा रेल खंड पर ऑटोमैटिक सिग्नलिंग सुविधा राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके अलावा दरभंगा-थलवाड़ा और समस्तीपुर-रामभद्रपुर रेल लाइन का दोहरीकरण, जो 580 करोड़ की दरभंगा-समस्तीपुर दोहरीकरण परियोजना का हिस्सा है। इससे ट्रेनों की लेटलतीफी घटेगी और रफ्तार बढ़ेगी। पाटलिपुत्र में वंदे भारत ट्रेनों की रखरखाव सुविधा का शिलान्यास PM कई रेल परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। रेल परियोजनाओं में पाटलिपुत्र में वंदे भारत ट्रेनों के रखरखाव के लिए बुनियादी ढांचे का विकास शामिल है। भटनी-छपरा ग्रामीण रेल लाइन (114 किमी) पर ऑटोमैटिक सिग्नलिंग की व्यवस्था की शुरुआत करेंगे। बिहार के रेल संपर्क को और मजबूत करने के लिए दरभंगा-नरकटियागंज रेल लाइन के दोहरीकरण परियोजना की आधारशिला रखेंगे। इस परियोजना पर करीब 4,080 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इससे उत्तर बिहार को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ा जा सकेगा।