लखनऊ – उ.प्र.
आचार्य नरेंद्र स्नेह सेवा संस्थान, उत्तर प्रदेश द्वारा 1 अक्टूबर 2025 को माँ काली शक्तिपीठ, हसनगंज डालीगंज, लखनऊ में भव्य 108 वाँ सनातन धर्म संस्कृति महोत्सव 2025 का आयोजन बड़ी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ शतचंडी महायज्ञ एवं दुर्गा सप्तशती पाठ के साथ ही माँ का पूजन अर्चन कर आरती की गयी। इस विशाल महायज्ञ में नैमिषारण्य से आये हुए विद्वत आचार्यों ने पूर्णाहुति दी। इस पावन अवसर पर वातावरण मंत्रोच्चारण से गूंज उठा।

महोत्सव की विशेष आकर्षण भव्य कवि सम्मेलन, मुंबई से आये कलाकारों द्वारा विभिन्न प्रकार की झाँकियाँ, सुप्रसिद्ध टीवी, दूरदर्शन एवं रेडियो कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भजन संध्या एवं शिव तांडव स्तोत्र रहे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ गणमान्य अतिथियों, पत्रकार बंधुओं एवं समाजसेवियों का सम्मान समारोह आयोजित हुआ तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर लखनऊ की पूर्व मेयर संयुक्ता भाटिया भी मौजूद रहीं। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आये साधु-संतों, महंतों सहित प्रशासनिक, सामाजिक, राजनीतिक, न्यायविद, भारत सरकार एवं राज्य सरकार के माननीय मंत्रीगण, सांसद एवं जानी-मानी हस्तियाँ उपस्थित रहीं। संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन सनातन धर्म की परंपरा एवं संस्कृति को जीवित रखने का संकल्प है।


इस पुनीत आयोजन में आचार्य नरेन्द्र स्नेह सेवा संस्थान के अध्यक्ष पं. नीरज शंकर बाजपेई, हाईकोर्ट के एडवोकेट एवं मीडिया प्रभारी गौरव बाजपेई एवं आशीष बाजपेई के अलावा सभी पदाधिकारियों ने बढ़चढ़ कर भरपूर सहयोग प्रदान किया।
