राम लखन वर्मा
लखनऊ
गृह मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में राष्ट्रीय महत्व के संस्थान राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय (RRU) द्वारा Police Technology Mission India के अंतर्गत “Police Technology Summit 2026” का आयोजन 10 सितंबर 2026 दिन गुरुवार को प्रातः 10:00 बजे RRU लखनऊ कैंपस में किया जाएगा।

इस समिट में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) के लगभग 200 कार्मिकों के साथ-साथ पुलिस एवं रक्षा अधिकारी, प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ, शिक्षाविद, शोधकर्ता तथा प्रौद्योगिकी एवं सुरक्षा क्षेत्र से जुड़े उद्योग प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है। समिट का उद्देश्य पुलिसिंग एवं आंतरिक सुरक्षा को अधिक प्रभावी एवं तकनीक-सक्षम बनाने के लिए उभरती प्रौद्योगिकियों, नवाचारों एवं सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों पर विचार-विमर्श हेतु एक साझा मंच प्रदान करना है।
समिट का प्रमुख आकर्षण तकनीकी प्रदर्शनी एवं लाइव डेमोंस्ट्रेशन भी होगा, जिसमें देशभर से विभिन्न संस्थानों, संगठनों, तकनीकी कंपनियों एवं समाधान प्रदाताओं के भाग लेने की संभावना है।
इनके द्वारा उन्नत पुलिस तकनीक, सुरक्षा उपकरण एवं तकनीक, स्मार्ट सर्विलांस सिस्टम, साइबर सुरक्षा समाधान, फॉरेंसिक तकनीक, ड्रोन एवं एंटी-ड्रोन सिस्टम तथा अन्य आधुनिक एवं नवोन्मेषी सुरक्षा समाधानों का प्रदर्शन एवं लाइव डेमोंस्ट्रेशन किया जाएगा।
समिट में AI आधारित पुलिसिंग, प्रेडिक्टिव पुलिसिंग, स्मार्ट सर्विलांस, ड्रोन एवं एंटी-ड्रोन तकनीक, साइबर अपराध नियंत्रण, डिजिटल फॉरेंसिक तथा स्वदेशी एवं स्केलेबल तकनीकी समाधानों के माध्यम से पुलिस आधुनिकीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। यह आयोजन पुलिस एवं सुरक्षा कर्मियों को उभरती तकनीकों के व्यावहारिक उपयोग एवं लाइव डेमोंस्ट्रेशन को समझने का अवसर प्रदान करेगा तथा पुलिस, सुरक्षा, शिक्षा, अनुसंधान एवं प्रौद्योगिकी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न हितधारकों के बीच ज्ञान के आदान-प्रदान, नेटवर्किंग एवं सहयोग को बढ़ावा देगा।
इस समिट के माध्यम से राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय का उद्देश्य पुलिसिंग एवं राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में नवाचार, तकनीकी समाधान, स्वदेशी प्रौद्योगिकी के उपयोग तथा भविष्य के लिए तैयार सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ावा देना है।