फ्रांस में सात नए इलाके रेड जोन घोषित, ऑस्ट्रेलिया ने मेलबर्न में लॉकडाउन बढ़ाया; दुनिया में 2.72 करोड़ केस

दुनिया में कोरोनावायरस के अब तक 2 करोड़ 72 लाख 17 हजार 892 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 93 लाख 320 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 8 लाख 85 हजार 943 लोगों की मौत हो चुकी है। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं।

फ्रांस सरकार ने रविवार को सात नए इलाकों को रेड जोन घोषित कर दिया। इसके साथ ही देश में रेड जोन घोषित किए गए इलाकों की संख्या 28 हो गई है। बीते दो दिनों से देश में 8500 से ज्यादा मामले सामने आए हैं। अब तक यहां 3 लाख 17 हजार 706 मामले पॉजिटिव केस मिले हैं और 30 हजार 724 मौतें हुई हैं।

ऑस्ट्रेलिया की राजधानी मेलबर्न में रविवार को लॉकडाउन दो हफ्ते के लिए बढ़ा दिया। विक्टोरिया के प्रिमियर डेनियल एंड्रूज ने कहा कि राज्य में मामले कम हुए हैं। हालांकि सावधानी बरतते हुए लॉकडाउन 28 सितम्बर तक बढ़ाने का फैसला किया गया है।

इन 10 देशों में कोरोना का असर सबसे ज्यादा

देश

संक्रमित मौतें ठीक हुए
अमेरिका 64,47,133 1,93,030 37,13,553
भारत 41,97,563 71,739 32,42,453
ब्राजील 41,23,000 1,26,266 32,96,702
रूस 10,25,505 17,820 8,40,949
पेरू 6,83,702 29,687 5,06,422
कोलंबिया 6,58,456 21,156 5,07,770
साउथ अफ्रीका 6,36,884 14,779 5,61,204
मैक्सिको 6,29,409 67,326 4,38,754
स्पेन 5,17,133 29,418 उपलब्ध नहीं
अर्जेंटीना 4,71,806 9,739 3,40,381

ब्रिटेन: डॉक्टर्स सरकार से नाराज

ब्रिटेन में कोरोना महामारी से निपटने में सरकार के ढीले रवैये के चलते 1000 से ज्यादा डॉक्टर नेशनल हेल्थ सर्विस (एनएचएस) छोड़ना चाहते हैं। एक सर्वे में यह बात सामने आई है। डॉक्टर या तो दूसरे देश या निजी अस्पतालों में जाना चाहते हैं।

ब्रिटेन के डॉक्टर्स एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉ. समांथा बट-रॉडेन ने कहा- इस महामारी में एनएचएस डॉक्टर सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। कई डॉक्टरों का कहना है कि वे तीन साल के अंदर एनएचएस को छोड़ देंगे। इन्होंने कोरोना महामारी के समय अपनी जान दांव पर लगाई है, लेकिन सरकार के रवैये से नाराज हैं।

ऑनलाइन सर्वे में 1758 डॉक्टर शामिल हुए। एनएचएस छोड़ने के सवाल पर 10 में से 7 यानी 69% ने हां कहा और 26% ने नहीं।

ब्रिटेन में सरकार की नई एंप्लॉयमेंट स्कीम को लॉन्च करने के दौरान वित्त मंत्री को देखते कैटरिंग स्टॉफ। वित्त मंत्री इस दौरान बिना मास्क नजर आए थे।

ईरान: रूस के साथ वैक्सीन का उत्पादन करेगा

ईरान अब रूस के साथ मिलकर कोरोना वैक्सीन का उत्पादन करने जा रहा है। रूस में ईरान के राजदूत और रशियन डायरेक्ट इवेंस्टमेंट फंड के सीईओ की बीच हुई ऑनलाइन मीटिंग में यह फैसला हुआ। ईरान पश्चिम एशिया का सबसे ज्यादा वायरस प्रभावित देश है। यहां 24 घंटे में 1894 नए मामले आए। देश में संक्रमण के कुल 3.84 लाख से ज्यादा मामले आ चुके हैं।

महामारी के दौरान ईरान में एक धार्मिक कार्यक्रम में शिया मुस्लिम मास्क लगाए नजर आए। देश में 22 हजार से ज्यादा की मौत हो चुकी है।- फाइल फोटो

इटली: मास्क लगाने के खिलाफ प्रदर्शन

इटली की राजधानी रोम में रविवार को लोगों ने मास्क लगाने के नियम के खिलाफ प्रदर्शन किया। यहां बढ़ते मामलों को देखता हुए सरकार ने सभी लोगों के लिए मास्क जरूरी कर दिया है। लोग सरकार के इस फैसले से नाराज हैं। देश में अब तक 35 हजार 534 लोगों की जान गई है और 2 लाख 76 हजार 338 मामले सामने आए हैं।

इजराइल: मौतों का आंकड़ा 1 हजार के पार
इजराइल में रविवार को मौतों का आंकड़ा 1 हजार के पार हो गया। बढ़ते मामलों को देखते हुए सरकार ने नई पाबंदियां लगाने पर विचार कर रही है। यहां पर मई में पाबंदियों में राहत दी गई थी। इसके बाद से नए मामले तेजी से सामने आए हैं। लोग सरकार पर ठीक ढंग से काम नहीं करने का आरोप लगा रहे हैं। देश में अब तक 1 लाख 29 हजार 349 संक्रमित मिले हैं।

इजराइल के डेर अल-बलाह में एक स्कूल के एंट्रेस गेट के सामने डिसइनफेक्ट का छिड़काव करते सफाई कर्मचारी।

चीन: अब तक बाहर से आए 2573 संक्रमित
चीन में शनिवार को बाहर से आए 10 और लोग संक्रमित मिले। यहां बाहर से आने वाले संक्रमितों की संख्या 2573 हो गई है। जबकि, 2397 मरीज ठीक हो चुके हैं। 176 अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर है। चीन में कुल संक्रमितों की संख्या 85 हजार 122 हो गई है।

चीन में शुक्रवार को एक इंटरनेशनल फेयर में मौजूद लोग मास्क पहने नजर आए। देश में संक्रमण से अब तक 4634 लोगों की जान गई है।

मैक्सिको: सरकार ने कहा, 1.22 लाख मौतें और हुईं
मैक्सिको की सरकार ने कहा है कि संक्रमण से देश के आधिकारिक रिकॉर्ड से कहीं ज्यादा मौतें हुई हैं। अभी तक देश में 67 हजार 326 लोगों की मौत हुई है और 6.23 लाख से ज्यादा संक्रमित हुए हैं। देशभर में हुए एक अध्ययन में सामने आया है कि मार्च से लेकर अगस्त तक कोरोना से 1 लाख 22 हजार 765 और लोगों की जान गई है। हालांकि, अभी इस आंकड़े को आधिकारिक आंकड़ों में नहीं जोड़ा गया है।

मैक्सिको में म्यूजियम फिर से खोल दिए गए हैं। यहां मेक्सिको सिटी के डिएगो रिवेरा म्यूरल म्यूजियम में मास्क लगाए एक विजिटर फोटो लेता हुआ।

ब्राजील: अब तक 1.25 लाख की मौत
ब्राजील में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 1.25 लाख को पार कर गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक यहां एक हफ्ते में 5 हजार से ज्यादा मौतें हुई हैं। पिछले 24 घंटे में 907 लोगों की जान गई और 51 हजार 194 नए मामले आए। यहां अभी तक 40 लाख से ज्यादा संक्रमित हो चुके हैं। देश में 32 लाख से ज्यादा लोग ठीक भी हो चुके हैं।

Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today

फ्रांस की राजधानी पेरिस स्थित एफिल टावर के पास मास्क लगाकर घूमते टूरिस्ट। यहां मास्क जरूरी करने के बावजूद नए मामले तेजी से बढ़ रहे हैं।- फाइल फोटो