एतिहाद एयरवेज फ्लाइट में संक्रमित होने पर यात्रियों के मेडिकल का खर्च उठाएगा, इजराइल के 40 शहरों में नाइट कर्फ्यू; दुनिया में 2.73 करोड़ केस

दुनिया में कोरोनावायरस के अब तक 2 करोड़ 73 लाख 13 हजार 578 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 93 लाख 84 हजार 30 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 8 लाख 93 हजार 465 लोगों की मौत हो चुकी है। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं।

अबू धाबी की एतिहाद एयरवेज फ्लाइट में संक्रमित होने वाले यात्रियों के मेडिकल और क्वारैंटाइन का खर्च उठाएगा। न्यूज एजेंसी रायटर्स के मुताबिक, कंपनी 1.50 लाख यूरो (1.30 करोड़ रु.) तक मेडिकल खर्च और 14 दिन क्वारैंटाइन होने पर हर दिन के हिसाब से 100 यूरो (करीब 8650 रु.) तक का खर्च उठाएगा। इनमें वहीं शामिल होंगे, जो अपनी यात्रा के 31 दिन के भीतर संक्रमित पाए जाते हैं।

इजराइल सरकार ने सोमवार से देश के 40 शहरों में रात के समय कर्फ्यू लगाने का फैसला किया है। इन सभी शहरों में बीते कुछ हफ्तों से नए मामलों में तेजी आई है। कर्फ्यू शाम 7 बजे से सुबह 5 बजे तक के लिए होगा। 24 घंटे में देश में 1708 केस मिले हैं। संक्रमितों का आंकड़ा 1 लाख 30 हजार 644 हो गया है।

इन 10 देशों में कोरोना का असर सबसे ज्यादा

देश

संक्रमित मौतें ठीक हुए
अमेरिका 64,60,421 1,93,253 37,26,099
भारत 42,08,645 71,711 32,50,429
ब्राजील 41,37,606 1,26,686 33,17,227
रूस 10,30,690 17,871 8,43,277
पेरू 6,89,977 29,838 5,15,039
कोलंबिया 6,66,521 21,412 5,18,229
साउथ अफ्रीका 6,38,517 14,889 5,63,891
मैक्सिको 6,34,023 67,558 4,42,268
स्पेन 5,17,133 29,418 उपलब्ध नहीं
अर्जेंटीना 4,78,792 9,859 3,49,132

यूएन के स्टाफ सीरिया में संक्रमित

संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के स्टाफ के 200 लोग सीरिया में संक्रमित मिले हैं। ये सभी यहां पर संक्रमण रोकने में जुटे थे। यूएन का एक लेटर लीक होने के बाद यह जानकारी सामने आई है। सीरिया में दो महीने में मामले दस गुना बढ़े हैं। अब तक देश में 3100 मामले आए हैं और 134 की मौत हुई है।

ब्रिटेन: मई के बाद सबसे ज्यादा मामले

ब्रिटेन में रविवार को 2988 मामले सामने आए। यह देश में 22 मई के बाद एक दिन में सामने आए सबसे ज्यादा मामले हैं। स्वास्थ्य मंत्री मैट हैन्कॉक ने कहा- नए मामले बढ़ना चिंता की बात है। ज्यादातर युवा संक्रमित हो रहे हैं। कोशिश करें उनसे यह संक्रमण बुजुर्गों तक नहीं पहुंचे। देश में अब तक 3 लाख 47 हजार 152 लोग संक्रमित हैं और 41 हजार 551 मौतें हुई हैं।

ब्रिटेन की राजधानी लंदन में रविवार को एक बाजार में मास्क पहनकर जाते लोग। देश में बीते कुछ दिनों से नए मामले बढ़ रहे हैं।

यूनिसेफ: दुनियाभर में वैक्सीन सप्लाई करेगा

यूनिसेफ ने कहा है कि कोरोना वैक्सीन तैयार होने के बाद हम दुनियाभर में इसकी सप्लाई करने के लिए तैयार हैं। इससे सभी देशों तक तेजी से और सुरक्षित ढंग से वैक्सीन पहुंचाने में मदद मिलेगी। यूनिसेफ दुनिया में वैक्सीन का सबसे बड़ा खरीदार है। यह हर साल 100 देशों के लिए करीब 200 करोड़ वैक्सीन खरीदता है।

इटली: पाबंदियों के खिलाफ प्रदर्शन

इटली की राजधानी रोम में रविवार को हजारों की संख्या में जुटकर लोगों ने प्रदर्शन किया। लोगों ने कोरोना महामारी को फर्जी बताया। फेस मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग अनिवार्य करने के सरकार के आदेश को बेकार कहा। लोगों का कहना था कि ये फर्जी महामारी है। इसका सिर्फ उन्हीं लोगों पर असर होता है जो पहले से बीमार होते हैं। इसलिए सरकार को सोशल डिस्टेंसिंग और फेस मास्क को अनिवार्य करने के अपने फैसले को वापस लेना चाहिए।

इटली की राजधानी रोम में रविवार को मास्क लगाने के खिलाफ प्रदर्शन करते लोग।

ब्राजील: मौतों का आंकड़ा 1.26 के पार

ब्राजील में बीते 24 घंटे में 14 हजार 521 नए मामले सामने आए और 447 मौतें हुईं। देश में संक्रमण के अब तक 1 लाख 26 हजार 600 मामले आ चुके है। मरने वालों का आंकड़ा 1.25 लाख को पार कर गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक यहां एक हफ्ते में 5 हजार से ज्यादा मौतें हुई हैं। यहां अभी तक 40 लाख से ज्यादा संक्रमित हो चुके हैं। देश में 32 लाख से ज्यादा लोग ठीक भी हो चुके हैं।

ब्राजील के साओ पाउलो स्थित एक कब्रिस्तान में ताबूत दफनाते कर्मचारी।

Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today

इजराइल के तेज अवीव में रविवार को एक महिला का स्वैब लेता मेडिकल स्टाफ। देश के 40 शहरों में नए मामले तेजी से बढ़े हैं।